Nisha Bhagat Case: मौत से पहले निशा ने सुप्रीम कोर्ट के वकील को किया था फोन, अजय तिर्की को लेकर क्या बात हुई थी?
झारखंड की आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत का मामला लगातार नए सवाल खड़े कर रहा है। अब इस मामले में CBI की जांच के दौरान एक अहम जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि अपनी मौत से कुछ घंटे पहले निशा भगत ने सुप्रीम कोर्ट के वकील शिशिर राज को दो बार फोन किया था। वह अजय तिर्की के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना चाहती थीं और इस सिलसिले में कानूनी सलाह मांग रही थीं। रविवार, 22 नवंबर को CBI की टीम ने वकील शिशिर राज से पूछताछ कर उनका बयान दर्ज किया। अब इस आखिरी बातचीत को जांच का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
अजय तिर्की के खिलाफ केस दर्ज कराना चाहती थीं निशा भगत
वकील शिशिर राज ने CBI को दिए अपने बयान में बताया कि निशा भगत ने उन्हें पहली बार फोन करके अजय तिर्की के खिलाफ मामला दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी मांगी थी। निशा यह जानना चाहती थीं कि उनके खिलाफ कथित तौर पर हुई घटनाओं को लेकर कानूनी कार्रवाई कैसे शुरू की जा सकती है।
इस पर शिशिर राज ने उनसे कहा कि किसी भी तरह की कानूनी सलाह देने से पहले पूरे मामले को समझना जरूरी होगा। इसके लिए निशा से विस्तार से बातचीत करने की बात कही गई थी।
कुछ समय बाद निशा ने उन्हें दोबारा फोन किया। लेकिन उस वक्त वकील एयरपोर्ट जाने के लिए रास्ते में थे। उनके मुताबिक, रास्ते में नेटवर्क की समस्या और आसपास के शोर के कारण निशा की बात ठीक से सुनाई नहीं दे रही थी। ऐसे में उन्होंने एयरपोर्ट पहुंचने के बाद दोबारा फोन करने की बात कही और कॉल समाप्त कर दी।
वकील ने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन नहीं हुई बात
शिशिर राज ने CBI को बताया कि एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्होंने खुद भी निशा भगत से संपर्क करने की कोशिश की थी। लेकिन उनकी बातचीत नहीं हो सकी। इसी बीच उन्हें निशा की मौत की जानकारी मिली।
पूछताछ के दौरान वकील ने निशा के स्वभाव का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, निशा बेहद बोल्ड महिला थीं। इसलिए उनकी मौत की खबर सुनकर उन्हें काफी हैरानी हुई। उन्होंने अपने बयान में यह भी बताया कि मौत से कुछ घंटे पहले निशा उनसे कानूनी मदद मांग रही थीं।
6 नवंबर को फेसबुक लाइव के बाद हुई थी निशा भगत की मौत
गौरतलब है कि 6 नवंबर को निशा भगत की मौत की खबर सामने आई थी। इससे कुछ समय पहले उन्होंने फेसबुक लाइव के ज़रिए कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कथित तौर पर ज़मीन के कारोबार से जुड़े लोगों और कुछ अन्य व्यक्तियों पर परेशान करने के आरोप लगाए थे।
इस घटना के बाद निशा के परिजनों ने उनकी मौत के पीछे साजिश की आशंका जताई और निष्पक्ष जांच की मांग की थी। परिवार का कहना था कि निशा की मौत की परिस्थितियों की गहराई से जांच होनी चाहिए।
CBI ने अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ दर्ज की FIR
परिजनों की मांग के बाद झारखंड सरकार ने मामले की जांच CBI को सौंपने की अनुशंसा की थी। इसके बाद CBI ने 14 नवंबर को मामला अपने हाथ में लिया और अजय तिर्की तथा ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ FIR दर्ज की। एजेंसी ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है, जो आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश से संबंधित हैं।
इसके बाद CBI ने दोनों आरोपियों के ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कुछ दस्तावेज और डिजिटल उपकरण भी जब्त किए गए, जिनकी जांच की जा रही है।
महिला आयोग ने भी लिया था संज्ञान
निशा भगत की मौत के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी स्वतः संज्ञान लिया था। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने रांची पहुंचकर मामले की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से निष्पक्ष तथा समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने को कहा।
फिलहाल CBI निशा की मौत से पहले की गतिविधियों, फेसबुक लाइव, फोन कॉल और दूसरे डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। सुप्रीम कोर्ट के वकील शिशिर राज के साथ हुई आखिरी बातचीत भी जांच का अहम हिस्सा बन गई है। अब देखना होगा कि CBI की जांच में आगे क्या तथ्य सामने आते हैं।