देश एक्सप्लेनर ब्रेकिंग
नेपाल के पीएम बालेन शाह आज पहली बार आयेंगे भारत, क्या है वजह?
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह आज यानी 22 नवंबर को पहली बार भारत पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश दौरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही यह यात्रा भारत और नेपाल के रिश्तों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बालेन शाह 22 और 23 नवंबर को भारत में रहेंगे। इस दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात होगी। दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग, व्यापार, ऊर्जा, हवाई संपर्क, बुनियादी ढांचे और सीमा विवाद जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है।
बालेन शाह की इस यात्रा को केवल एक औपचारिक कूटनीतिक मुलाकात के रूप में नहीं देखा जा रहा है। इसके पीछे नेपाल की आर्थिक जरूरतें, भारत की क्षेत्रीय भूमिका और दोनों देशों के बीच पुराने मुद्दों को सुलझाने की कोशिश भी जुड़ी हुई है। खास बात यह है कि नेपाल में नई राजनीतिक व्यवस्था के बाद दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच यह पहला बड़ा संवाद होगा।
18 हजार करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज पर होगी नज़र
इस दौरे का सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा नेपाल की आर्थिक मदद हो सकता है। नेपाल भारत से करीब 2 अरब डॉलर यानी लगभग 18 हजार करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता मांग रहा है। नेपाल इस रकम का इस्तेमाल बाढ़ से तबाह हुए इलाकों के पुनर्निर्माण और विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने में करना चाहता है। प्रस्ताव के मुताबिक, इसमें करीब 1 अरब डॉलर रियायती कर्ज, 500 मिलियन डॉलर अनुदान और 500 मिलियन डॉलर बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण के लिए मांगे गये हैं। यानी नेपाल चाहता है कि भारत उसे बड़ी आर्थिक मदद उपलब्ध कराये।
दरअसल, अगस्त 2026 में नेपाल में आई भीषण बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई थी। इस आपदा में करीब 1,500 लोगों की मौत हुई और 5,200 से अधिक लोग लापता हुए। कई सड़कें, पुल, बिजली परियोजनाएं और घर बुरी तरह प्रभावित हुए। ऐसे में नेपाल के सामने बुनियादी ढांचे को दोबारा खड़ा करने की बड़ी चुनौती है। भारत ने आपदा के बाद सबसे पहले मदद पहुंचाने वाले देशों में अहम भूमिका निभाई थी। अब बालेन शाह सरकार चाहती है कि भारत पुनर्निर्माण के लिए बड़ी आर्थिक सहायता दे।
हवाई संपर्क बढ़ाना नेपाल की बड़ी प्राथमिकता
आर्थिक पैकेज के अलावा हवाई संपर्क भी इस यात्रा का अहम मुद्दा होगा। नेपाल लंबे समय से भारत से अपने हवाई क्षेत्र में अतिरिक्त प्रवेश मार्ग देने की मांग कर रहा है। खास तौर पर भैरहवा स्थित गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बेहतर रास्ता उपलब्ध कराने की मांग की जा रही है।
फिलहाल भारतीय हवाई क्षेत्र से पर्याप्त प्रवेश मार्ग नहीं मिलने के कारण इन हवाई अड्डों से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन प्रभावित हो रहा है। नेपाल चाहता है कि महेंद्रनगर और भैरहवा की ओर से अतिरिक्त हवाई मार्ग उपलब्ध कराया जाए। इससे विदेशी विमान सीधे इन हवाई अड्डों तक पहुंच सकेंगे और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। हालांकि, इस मुद्दे पर दोनों देशों के बीच अभी कुछ तकनीकी मतभेद बने हुए हैं। इसलिए इस दौरे में अंतिम समझौता हो पाना आसान नहीं माना जा रहा है।
सीमा विवाद और पुराने मुद्दों पर भी रहेगी नजर
भारत और नेपाल के बीच रिश्ते ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से काफी मजबूत रहे हैं, लेकिन कुछ मुद्दों पर दोनों देशों के बीच लंबे समय से मतभेद हैं। इनमें कालापानी, लिपुलेख, लिम्पियाधुरा और सुस्ता जैसे सीमावर्ती इलाके शामिल हैं। नेपाल इन क्षेत्रों को अपना हिस्सा बताता है, जबकि भारत भी इन दावों से सहमत नहीं है।
बालेन शाह पहले भी इन मुद्दों पर अपनी राय रख चुके हैं। ऐसे में उनके भारत दौरे के दौरान सीमा विवाद पर बातचीत की संभावना बनी हुई है। हालांकि, इस मुद्दे पर किसी बड़े समझौते की उम्मीद कम है। इसके अलावा दोनों देशों के बीच व्यापार असंतुलन, पारगमन सुविधा और पुराने विकास प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हो सकती है।
ऊर्जा और विकास परियोजनाओं पर भी बातचीत
भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा सहयोग की भी काफी संभावनाएं हैं। नेपाल में जलविद्युत उत्पादन की बड़ी क्षमता है, जबकि भारत को बिजली की जरूरत है। दोनों देश पहले से बिजली व्यापार और पनबिजली परियोजनाओं में सहयोग कर रहे हैं। इस दौरे में पंचेश्वर बहुउद्देशीय परियोजना, लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना और सीमा पार बिजली आपूर्ति जैसे विषयों पर चर्चा हो सकती है।
इसके अलावा सड़क, रेल, पुल, पेट्रोलियम पाइपलाइन और डिजिटल कनेक्टिविटी से जुड़ी योजनाओं को भी गति देने की कोशिश होगी। भारत और नेपाल के बीच कई ऐसी परियोजनाएं हैं, जिन पर लंबे समय से काम चल रहा है। दोनों देश इन परियोजनाओं को जल्द पूरा करने पर जोर दे सकते हैं।
चीन के प्रभाव के बीच भारत के लिए क्यों अहम है यह दौरा?
नेपाल भारत और चीन दोनों के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण देश है। भारत के साथ नेपाल की खुली सीमा, व्यापार, रोजगार और सांस्कृतिक संबंध हैं। वहीं चीन भी नेपाल में सड़क, रेल और बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं के जरिए अपना प्रभाव बढ़ा रहा है। ऐसे में भारत के लिए नेपाल के साथ मजबूत संबंध बनाए रखना जरूरी है।
बालेन शाह की नई सरकार के साथ बेहतर संबंध बनाना भारत की पड़ोसी देशों को प्राथमिकता देने वाली नीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। वहीं बालेन शाह के लिए भारत के साथ अच्छे संबंध नेपाल की आर्थिक जरूरतों और विकास योजनाओं को पूरा करने में मददगार साबित हो सकते हैं। कुल मिलाकर, यह दौरा दोनों देशों के रिश्तों की नई दिशा तय करने का अवसर है।