Nitish Setu: तेजस्वी के गढ़ में PM मोदी ने किया 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन, बिहार को मिली 34 हजार करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात
बिहार के पटना और वैशाली के बीच गंगा नदी पर बने छह लेन के 'नीतीश सेतु' का आज शनिवार 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल की लंबाई 19.7 किलोमीटर है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने बिहार में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और शहरी विकास से जुड़ी करीब 34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
गंगा पर बने नीतीश सेतु का PM मोदी ने किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 21 नवंबर को बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु का उद्घाटन किया। यह पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। उद्घाटन के मौके पर प्रधानमंत्री कुछ देर पुल पर पैदल चले और गमछा लहराकर वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया।
इस दौरान बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत कई नेता मौजूद रहे।
नीतीश सेतु का नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया है। इस पुल को उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क बेहतर करने के लिए तैयार किया गया है।
4,280 करोड़ रुपये की लागत से बना है पुल
नीतीश सेतु की कुल लंबाई करीब 19.7 किलोमीटर है। इसमें गंगा नदी पर बना 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और करीब 10 किलोमीटर की संपर्क सड़कें शामिल हैं। यह 6 लेन का एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टे ब्रिज है। इसके निर्माण पर करीब 4,280 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
यह पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह में राष्ट्रीय राजमार्ग-22 को वैशाली जिले के बिदुपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-322 से जोड़ता है। इसके शुरू होने से पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है।
नीतीश सेतु के चालू होने से महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी। खासकर राघोपुर दियारा के लोगों को पटना आने-जाने में सुविधा होगी। इससे स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, बाजार और दूसरी जरूरी सुविधाओं तक उनकी पहुंच बेहतर हो सकेगी। कृषि उत्पादों और औद्योगिक सामानों की ढुलाई में भी इस पुल से मदद मिलने की उम्मीद है।
बिहार को 34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात
नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली जिले के राजापाकर स्थित जाफरपट्टी गांव पहुंचे। यहां आयोजित जनसभा में उन्होंने बिहार के लिए करीब 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इन परियोजनाओं का संबंध सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी आधारभूत संरचना, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से है। इनका उद्देश्य बिहार में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना और लोगों को बेहतर सार्वजनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इन परियोजनाओं को बिहार के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उनके मुताबिक, इन योजनाओं से राज्य में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और विकास की रफ्तार तेज होगी।
सड़क, बिजली और शहरी विकास की योजनाएं भी शामिल
प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम में कई बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। सड़क निर्माण के क्षेत्र में औरंगाबाद-चोरदाहा, चोरमा-बैरगनिया और उमगांव-सहरसा जैसे राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा साहेबगंज-अरेराज-बेतिया सड़क को चार लेन बनाने की परियोजना का भी शिलान्यास किया गया।
ऊर्जा क्षेत्र में बक्सर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी यूनिट का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही बिजली वितरण और ट्रांसमिशन से जुड़ी योजनाओं की भी शुरुआत की गई। बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रघुवंश वितरण प्रणाली सुधार योजना के तहत 1,130 करोड़ रुपये से अधिक के काम भी शामिल हैं।
जल संसाधन के क्षेत्र में नहरों और तटबंधों के सुधार, नवादा के फुलवरिया बांध पर फ्लोटिंग सोलर परियोजना और शहरी क्षेत्रों में सीवरेज व्यवस्था से जुड़ी योजनाएं भी इस कार्यक्रम का हिस्सा हैं। शिक्षा के क्षेत्र में स्कूलों, आवासीय विद्यालयों, तकनीकी संस्थानों और IIT पटना के रिसर्च पार्क से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
100 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी
इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए 100 पीएम-ईबसों को भी हरी झंडी दिखाई। इन बसों से शहरी क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने और प्रदूषण कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों के लिए गृह प्रवेश कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसके जरिए शहरी क्षेत्रों में घर पाने वाले परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
जनसभा में नेताओं की मौजूदगी, तेजस्वी यादव नहीं पहुंचे
नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री वैशाली के राजापाकर स्थित जाफरपट्टी गांव में आयोजित जनसभा में पहुंचे। यहां बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए के अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री को मखाने की माला पहनाई गई। इसके बाद उन्होंने खुली जीप में सवार होकर लोगों का अभिवादन भी किया।
इस कार्यक्रम में राघोपुर के विधायक और राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव को भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।
गौरतलब है कि राघोपुर विधानसभा क्षेत्र को लंबे समय से आरजेडी का मजबूत राजनीतिक क्षेत्र माना जाता रहा है। तेजस्वी यादव यहां से लगातार तीन बार विधायक चुने गए हैं। उनसे पहले उनकी मां राबड़ी देवी भी तीन बार और पिता लालू प्रसाद यादव दो बार इस सीट से विधायक रह चुके हैं। ऐसे में तेजस्वी यादव के चुनावी क्षेत्र में प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम राजनीतिक लिहाज से भी चर्चा में रहा।