देश ब्रेकिंग
UP Election 2027: सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर पहली बैठक खत्म, कितनी सीटों पर बनी सहमति?
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की कवायद तेज हो गई है। दोनों दलों के बीच सोमवार, 23 नवंबर को दिल्ली में पहली औपचारिक बैठक हुई। करीब 15 से 30 मिनट चली इस बैठक में सीटों के बंटवारे और विधानसभा क्षेत्रों में दोनों पार्टियों की स्थिति पर चर्चा हुई। हालांकि, अभी सीट शेयरिंग पर अंतिम सहमति नहीं बन पाई है। दोनों दलों के नेताओं ने बातचीत को सकारात्मक बताया है। अब मंगलवार, 24 नवंबर को दूसरे दौर की बैठक होगी। माना जा रहा है कि अगले दो से तीन दिनों में सीट बंटवारे को लेकर तस्वीर साफ हो सकती है।
जीतने की क्षमता बनेगी सीट शेयरिंग का आधार
उत्तर प्रदेश में कुल 403 विधानसभा सीटें हैं। सपा और कांग्रेस इन सभी सीटों पर अलग-अलग चर्चा करने की तैयारी में हैं। दोनों दलों के बीच सहमति बनी है कि सीटों का बंटवारा केवल संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि चुनाव जीतने की संभावना को ध्यान में रखकर किया जाएगा।
यानी जिस विधानसभा क्षेत्र में जिस पार्टी का संगठन मजबूत है और उसका उम्मीदवार जीतने की स्थिति में है, उस सीट पर उसी दल को प्राथमिकता मिल सकती है। सपा सांसद राजीव राय के मुताबिक, दोनों पार्टियां हर सीट पर अलग-अलग चर्चा करेंगी। गठबंधन का मकसद ऐसी रणनीति तैयार करना है, जिससे चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके।
कांग्रेस ने मांगी थीं 181 सीटें, सपा कितनी सीटें देने को तैयार?
सीट बंटवारे की इस बातचीत में सबसे ज्यादा चर्चा कांग्रेस की मांग को लेकर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस की ओर से पहले सपा को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी गई थी। इसमें 135 सामान्य, 45 अनुसूचित जाति और एक अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट शामिल थी। हालांकि, 23 नवंबर की औपचारिक बातचीत में कांग्रेस की ओर से करीब 130 सीटों की सूची पेश किए जाने की भी रिपोर्ट सामने आई है। कांग्रेस का दावा हर जिले में कम से कम एक सीट पर चुनाव लड़ने का भी बताया गया है।
वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस को कितनी सीटें दी जाएंगी, इस पर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में सपा की ओर से कांग्रेस को 50 से 60 सीटें देने की तैयारी की बात कही गई है, जबकि दूसरी रिपोर्टों में करीब 100 सीटों के आसपास संभावित समझौते की चर्चा है। ऐसे में दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या को लेकर बातचीत अहम रहने वाली है।
बैठक में कौन-कौन से नेता हुए शामिल?
दिल्ली में हुई इस बैठक में कांग्रेस की ओर से पार्टी के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की जगह प्रदेश अध्यक्ष अराधना मिश्रा, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद और विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी शामिल हुए। वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन ने बातचीत में हिस्सा लिया। दोनों दलों ने सीट बंटवारे की बातचीत के लिए चार-चार सदस्यीय टीम बनाई है।
2024 लोकसभा चुनाव में साथ आए थे दोनों दल
गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने INDIA गठबंधन के तहत मिलकर चुनाव लड़ा था। उत्तर प्रदेश में सपा ने 37 और कांग्रेस ने 6 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी। अब दोनों दल 2027 के विधानसभा चुनाव में भी साथ उतरने की तैयारी कर रहे हैं।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि कांग्रेस की सीटों की मांग और समाजवादी पार्टी की चुनावी रणनीति के बीच किस तरह सहमति बनती है। मंगलवार को होने वाली दूसरे दौर की बैठक पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।