सोनिया गांधी की किताब Belonging : A Journey of Love
कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी की बहुचर्चित किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' मार्केट में आ गयी है। ये उनकी आत्मकथा है। इसके लिये कोई लॉन्चिंग इवेंट नहीं रखी गयी। किताब को सीधे मार्केट में उतार दिया गया। हार्पर कॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित ये किताब 544 पन्नों की है, और इसमें कुल 7 चैप्टर्स हैं। सोनिया गांधी के मुताबिक, ये कोई राजनीतिक किताब नहीं है, बल्कि ये उनकी निजी ज़िंदगी, परिवार, प्यार और भारत में बिताए छह दशकों के निजी अनुभवों का एक ब्योरा है। इस किताब में गांधी परिवार के साथ घटी बड़ी त्रासदियों और 2004 के राजनीतिक घटनाक्रम का भी ज़िक्र है। किताब के कवर पर सोनिया की तस्वीर है, जो 1966 में उनके पति राजीव गांधी ने अपने कैमरे में क़ैद की थी।
इस किताब में सोनिया गांधी ने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली में अपने बचपन, नेहरू-गांधी परिवार में अपनी शादी, मेनका गांधी के साथ अपने रिश्ते, आपातकाल के बाद चुनावी हार, संजय गांधी का निधन, इंदिरा गांधी की हत्या, पति राजीव गांधी का क़त्ल, खुद के कैंसर का पता चलना और राजनीति में अपने प्रवेश से लेकर पूरे जीवन के अहम पड़ावों और गांधी परिवार में हुई त्रासदियों को समेटा है। उन्होंने गांधी परिवार में बहू के रूप में अपने शुरुआती दिनों को भी खुलकर साझा किया है।किताब में 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस गठबंधन को बहुमत मिलने के बावजूद ‘अंतरात्मा की आवाज़’ पर प्रधानमंत्री न बनने और पीएम मोदी के बारे में सोनिया गांधी के निजी विचारों के बारे में भी बताया गया है।
राजीव गांधी की अंतिम इच्छा को पूरा न करने का मलाल
सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में अपने पति व पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की अंतिम इच्छा का ज़िक्र किया है, जिसे पूरा न कर पाने का मलाल उन्हें ज़िंदगी भर रहा. राजीव गांधी की अंतिम इच्छा थी कि वह अपनी मां इंदिरा गांधी की तरह ही नेत्र दान करें. सोनिया गांधी अपनी आत्मकथा में लिखती हैं कि उन्हें राजीव गांधी की हत्या के बाद उन्हें अचानक उनकी अंतिम इच्छा याद आयी. बकौल सोनिया, “बार बार इंतज़ार करने के लिये कहे जाने के बावजूद मैं उनसे मिलने की ज़िद पर अड़ी रही. तभी मुझे अचानक याद आया कि राजीव ने अपनी आंखें दान करने का फैसला किया था. उनकी मां ने भी आंखें दान करने का संकल्प लिया था. इस दुखद घटना और अफरा-तफरी के बीच मैं भूल गयी.”
सोनिया गांधी राजीव गांधी
आगे सोनिया लिखती हैं, “अब मुझे राजीव को देखना ही था. मुझे किसी को उनकी अंतिम इच्छा के बारे में बताना था. मेरे मन में हमारे फैमिली डॉक्टर का ख्याल आया.” जब सोनिया ने डॉक्टर को राजीव की नेत्रदान करने की इच्छा के बारे में बताया तो डॉक्टर ने बेहद कड़वे लहज़े में जवाब दिया कि "आंखें? अरे क्या बात कर रही हो, कुछ नहीं बचा है, कुछ भी नहीं!" डॉक्टर ने बताया कि ब्लास्ट इतना भयानक था कि उससे उन्हें बहुत नुकसान हुआ है. शरीर में अब कुछ भी नहीं बचा है. डॉक्टर की बातों से सोनिया गांधी को गहरा सदमा पहुंचा.
सोनिया ने इस बेहद दर्दनाक क्षण के बारे में लिखा कि "डॉक्टर का यह जवाब मेरे लिए किसी गहरे सदमे से कम नहीं था. मेरा पेट मिचलाने लगा. ऐसा लग रहा था जैसे मुझे उल्टी हो जाएगी. मैं सांस नहीं ले पा रही थी. मेरा मन कर रहा था कि मैं मर जाऊं. मुझे उनके साथ ही चले जाना चाहिए था. डॉक्टर के उस कठोर और स्पष्ट जवाब ने मुझे मेरे प्रिय व्यक्ति की मृत्यु की भयावह सच्चाई से रूबरू करा दिया था. उस वक्त बेटी प्रियंका ने मुझे संभाला.” सोनिया गांधी कहती हैं कि जिस इंसान को उन्होंने जीवनभर अपने सामने देखा था, उसकी आखिरी इच्छा भी पूरी नहीं कर पाने का दुख उनके लिए असहनीय था. सोनिया गांधी आगे कहती हैं कि किसी की मौत के बाद भी उसकी आखिरी इच्छा पूरी करने की कोशिश करना शायद प्यार का ही एक रूप है.
किताब में पीएम मोदी के बारे में क्या?
सोनिया गांधी ने किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में भी अपने निजी विचार साझा किये हैं। अपने 544 पन्नों की किताब के कुछ हिस्सों में सोनिया गांधी ने पीएम मोदी और उनके साथ अपनी मुलाकातों का ज़िक्र किया है. उन्होंने लिखा है कि उनमें और नरेंद्र मोदी में कुछ बातें एक जैसी हैं. दोनों एक दशक से भी ज्यादा समय तक राजनीतिक विरोधी रहे, फिर भी दोनों में किसी तरह का सीधा संपर्क नहीं रहा. दोनों औपचारिक मौकों पर ही मिलते हैं, फॉर्मल नमस्ते के अलावा कोई खास बातचीत नहीं होती. मोदी दूसरी तरफ देखने लग जाते हैं, ताकि नजरें न मिलें.”
पीएम नरेंद्र मोदी और सोनिया गांधी
बकौल सोनिया, "वह भारत के अपने विज़न के लिए लड़ रहे थे, और मैं अपने विज़न के लिए - एक ऐसा भारत जो वर्चस्व के खिलाफ हो, जो समावेशिता, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के मूल्यों पर खड़ा हो. यह कोई निजी मामला नहीं था."
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में आगे पीएम मोदी की तारीफ भी की है. वह लिखती हैं कि देश के बड़े सत्ताधारी और रसूखदार वर्ग को लेकर प्रधानमंत्री की जो असहजता थी, उसे वह खुद भी भली-भांति समझ सकती हैं. दिल्ली के ड्रॉइंग रूम में होने वाली राजनीतिक बहसों में उन्हें भी अक्सर यही लगता था कि ये बातें भारत की असली ज़मीनी हकीकत से कोसों दूर हैं.
वह यह भी स्वीकार करती हैं कि उन्होंने एक बेहद साधारण और पिछड़े परिवार से निकलकर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में अपनी कड़ी मेहनत के दम पर शीर्ष सत्ता तक का सफर तय किया है. सोनिया गांधी का मानना है कि पंडित जवाहरलाल नेहरू को लेकर प्रधानमंत्री मोदी के कड़े बयानों के पीछे RSS की सोच और उस माहौल का बड़ा असर है, जिसमें वे पले-बढ़े हैं.
इंदिरा गांधी के ग़ुस्से से डरती थीं सोनिया
सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में अपनी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के गुस्से और स्वभाव को लेकर कई दिलचस्प खुलासे किए हैं। उन्होंने लिखा है कि इंदिरा गांधी का गुस्सा कभी-कभी इतना तेज होता था कि उनके स्टाफ से लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता तक सहम जाते थे। नाराज होने पर वह किसी कर्मचारी को कमरे के कोने में खड़ा कर देती थीं, तो कभी किसी नेता को दीवार की तरफ मुंह करके खड़े रहने की सजा देती थीं। इतना ही नहीं, किसी से कई दिनों तक बात करना भी बंद कर देती थीं।
सोनिया गांधी इंदिरा गांधीसोनिया एक घटना का जिक्र करते हुए लिखती हैं कि एक कर्मचारी बार-बार जरूरी मीटिंग की याद दिलाना भूल गया था। इस पर नाराज इंदिरा गांधी ने उसे कमरे के कोने में खड़ा कर दिया। एक बार उन्होंने अपने घर में एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता को भी करीब आधे घंटे तक दीवार की तरफ मुंह करके खड़े देखा था।
ग़ुस्से के बाद इंदिरा गांधी को होता था पछतावा
सोनिया बताती हैं कि संसद में विपक्ष के साथ तीखी बहस के बाद इंदिरा गांधी का ग़ुस्सा कई बार घर की डाइनिंग टेबल तक पहुंच जाता था। एक बार उन्होंने गुस्से में अपनी थाली तक जोर से खिसका दी थी। ऐसे मौकों पर सोनिया डर जाती थीं और कांपती रहती थीं। वहीं, राजीव और संजय शांत रहकर उनके गुस्से के शांत होने का इंतजार करते थे। राजीव उन्हें समझाते थे कि ज्यादा डरने की जरूरत नहीं, मां थोड़ी देर में सामान्य हो जाएंगी। हालांकि, गुस्सा शांत होने के बाद इंदिरा गांधी को अक्सर पछतावा भी होता था। लेकिन अगर किसी ने उनका भरोसा तोड़ा, तो वह उसे कभी माफ नहीं करती थीं।
सोनिया गांधी और इंदिरा गांधी
सोनिया के मुताबिक, तनाव दूर करने के लिए इंदिरा पुरानी तस्वीरों को तारीख के हिसाब से सजाने जैसे छोटे काम करती थीं। वहीं, दादी बनने के बाद उनका गुस्सा काफी कम हो गया था। राहुल और प्रियंका की मासूम मुस्कान और छोटी-छोटी बातें उनका मूड बदल देती थीं और उन्हें सुकून पहुंचाती थीं।
मेनका गांधी के साथ कैसे थे सोनिया गांधी के रिश्ते?
सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में मेनका गांधी के साथ अपने रिश्तों को लेकर भी कई पुरानी यादें साझा की हैं। उन्होंने बताया है कि जब मेनका की शादी संजय गांधी से हुई और वह गांधी परिवार की छोटी बहू बनकर घर आईं, तो शुरुआत में दोनों के बीच काफी अच्छा रिश्ता था। सोनिया लिखती हैं कि मेनका काफी मिलनसार और हंसमुख स्वभाव की थीं। कई बार उनकी हंसी सुनकर सोनिया उनके कमरे में चली जाती थीं और पूछती थीं कि आखिर इतनी हंसी किस बात पर आ रही है। इसके बाद दोनों देर तक बातचीत करती थीं। सोनिया की बेटी प्रियंका भी अक्सर अपनी चाची मेनका के कमरे में बैठकर उनकी कहानियां सुना करती थीं।
सोनिया गांधी मेनका गांधी
हालांकि, वक्त के साथ दोनों के रिश्तों में दूरी आने लगी। सोनिया के मुताबिक, घर के कर्मचारी उन्हें 'बहूरानी' और मेनका को 'छोटी बहू' कहकर बुलाते थे। सोनिया की नजर में दोनों परिवार की बेटियों की तरह बराबर थीं, लेकिन शायद मेनका ने इन संबोधनों को अलग नज़र से देखा। धीरे-धीरे घर में तनाव और मतभेद बढ़ने लगे।
मेनका गांधी ने क्यों छोड़ा घर?
23 जून 1980 को संजय गांधी की विमान हादसे में मौत के बाद हालात और बदल गए। सोनिया लिखती हैं कि मेनका राजनीतिक भूमिका चाहती थीं, जबकि इंदिरा गांधी उन्हें उस समय यह ज़िम्मेदारी देने के पक्ष में नहीं थीं। उनका मानना था कि मेनका अभी काफी छोटी हैं और उन्हें अपने बच्चे की देखभाल पर ध्यान देना चाहिए।
इसके बाद परिवार में तनाव बढ़ता गया। सोनिया के मुताबिक, इंदिरा गांधी ने मेनका के सामने राजनीतिक गतिविधियां बंद करने या घर छोड़ने का विकल्प रखा। आखिरकार मेनका ने गांधी परिवार का घर छोड़ दिया। सोनिया का दावा है कि इस पूरे विवाद में राजीव और उन्हें भी जिम्मेदार ठहराया गया। इस तरह सोनिया की यादों में मेनका के साथ रिश्ते की शुरुआत हंसी-मजाक और अपनापन से हुई, लेकिन अंत पारिवारिक मतभेद और राजनीतिक विवाद के बीच हुआ।
प्रधानमंत्री क्यों नहीं बनीं सोनिया गांधी?
सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में 2004 में प्रधानमंत्री नहीं बनने के अपने फैसले को लेकर कई अहम खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया है कि आखिर कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री बनने का दबाव होने के बावजूद उन्होंने इस पद को स्वीकार क्यों नहीं किया।
सोनिया गांधी लिखती हैं कि 2004 के लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले ही उन्होंने राहुल और प्रियंका गांधी के साथ इस मुद्दे पर चर्चा की थी। जब बच्चों ने उनसे पूछा कि अगर कांग्रेस चुनाव जीतती है, तो क्या वह प्रधानमंत्री बनेंगी, तो उन्होंने साफ कहा था कि बिल्कुल नहीं। राहुल और प्रियंका भी नहीं चाहते थे कि उनकी मां प्रधानमंत्री बनें। इसकी बड़ी वजह थी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या का पारिवारिक सदमा। बच्चों को लगता था कि प्रधानमंत्री पद पर बैठने से उनकी मां की सुरक्षा को बड़ा खतरा हो सकता है।
सोनिया गांधी ने किताब में बतायी प्रधानमंत्री न बनने की वजह
सोनिया के मुताबिक, उन्होंने चुनाव के दौरान सार्वजनिक रूप से कभी इस सवाल का स्पष्ट जवाब नहीं दिया, क्योंकि वह पार्टी को एकजुट रखना चाहती थीं। हालांकि, कांग्रेस और सहयोगी दलों के कई नेता उन्हें प्रधानमंत्री बनाना चाहते थे। सोनिया लिखती हैं कि आखिरकार उन्होंने अपने मन की आवाज़ सुनी और प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने का फैसला किया। उनके मुताबिक, वह चाहती थीं कि कांग्रेस सरकार की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए ऐसा व्यक्ति प्रधानमंत्री बने, जिसे सरकार चलाने का लंबा अनुभव हो और जिसकी ईमानदारी पर कोई सवाल न हो। इसी सोंच के साथ उन्होंने 2004 में डॉ. मनमोहन सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा और खुद प्रधानमंत्री बनने से इनकार कर दिया।
जब सोनिया गांधी को हुआ था कैंसर
सोनिया गांधी ने किताब में अपनी सेहत से जुड़ा एक बेहद निजी और भावुक खुलासा किया है। उन्होंने बताया है कि यूपीए सरकार के दूसरे कार्यकाल के दौरान यानी 2010 में वह ब्रेस्ट कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं। हालांकि, समय पर इलाज और सर्जरी के बाद उन्होंने इस बीमारी को मात दे दी।
सोनिया के मुताबिक, 2010 में जांच के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें स्तन कैंसर का संदेह जताते हुए सर्जरी की सलाह दी थी। मीडिया की हलचल से बचने के लिए उन्होंने भारत के बजाय विदेश में इलाज कराने का फैसला किया। उनकी पहली सर्जरी इटली में मिलान के पास यूरोपियन इंस्टीट्यूट ऑफ ऑन्कोलॉजी में हुई। यहां जाने-माने सर्जन डॉ. वेरोनेसी ने ऑपरेशन किया। इस दौरान एक संदिग्ध और एक अन्य ट्यूमर को हटाया गया। सर्जरी के समय ही रेडिएशन भी दिया गया, जिससे उन्हें बाद में लंबे समय तक रेडियोथेरेपी कराने की जरूरत नहीं पड़ी।
सोनिया गांधी की आत्मकथा में कैंसर का भी उल्लेख
लेकिन मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं। करीब एक साल बाद नियमित जांच में उनके पैंक्रियाज यानी अग्न्याशय में एक गांठ का पता चला। इसके बाद नीदरलैंड के रॉटरडैम स्थित इरास्मस यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर में उनकी दूसरी सर्जरी हुई। राहत की बात यह रही कि ट्यूमर फैला नहीं था और वह जल्द ठीक हो गईं।
सोनिया ने उस मुश्किल वक्त को याद करते हुए बताया कि ऑपरेशन के लिए जाते समय राहुल और प्रियंका ने उनका हाथ पकड़ा और माथे को चूमकर हिम्मत दी थी। बीमारी के दौरान प्रियंका भी उनके साथ अस्पताल में रहीं। आज सोनिया इस गंभीर दौर से उबर चुकी हैं और स्वस्थ जीवन जी रही हैं।