CBSE Board Exam : 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी, 16 फरवरी से परीक्षा शुरू
CBSE Board Exam 2027: CBSE ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2027 की डेटशीट जारी कर दी है। इस घोषणा के साथ ही लाखों विद्यार्थियों का परीक्षा का इंतजार खत्म हो गया है। बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, दोनों कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। 10वीं की परीक्षा 9 मार्च तक चलेगी, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 9 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी। इस बार देशभर से 46 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।
46 लाख से ज्यादा विद्यार्थी देंगे परीक्षा
CBSE के मुताबिक, इस बार 10वीं बोर्ड परीक्षा के लिए 26 लाख 50 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। वहीं, 12वीं बोर्ड परीक्षा में 19 लाख 80 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे। इस तरह दोनों कक्षाओं को मिलाकर 46 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे।
इस बार 10वीं में कुल 83 विषयों और 12वीं में 121 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। बोर्ड ने परीक्षा का कार्यक्रम 101 दिन पहले जारी किया है, ताकि विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
10वीं की परीक्षा 16 फरवरी से, जानिए मुख्य विषयों की तारीख
10वीं बोर्ड की परीक्षा 16 फरवरी को पेंटिंग के पेपर से शुरू होगी। इसके अगले दिन यानी 17 फरवरी को मैथमेटिक्स स्टैंडर्ड और मैथमेटिक्स बेसिक की परीक्षा होगी। इसके बाद 22 फरवरी को साइंस और 26 फरवरी को इंग्लिश का पेपर निर्धारित है।
मार्च महीने में 3 तारीख को हिंदी और 8 मार्च को सोशल साइंस की परीक्षा होगी। 9 मार्च को 10वीं की अंतिम परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इस तरह विद्यार्थियों को मुख्य विषयों की तैयारी के लिए अलग-अलग अंतराल भी मिलेगा।
12वीं बोर्ड की परीक्षा 9 अप्रैल तक चलेगी
वहीं, 12वीं बोर्ड परीक्षा की शुरुआत 16 फरवरी को फिजिक्स के पेपर से होगी। इसके बाद 23 फरवरी को अकाउंटेंसी, 27 फरवरी को केमिस्ट्री और 5 मार्च को इंग्लिश की परीक्षा निर्धारित है।
मार्च में 9 तारीख को मैथमेटिक्स, 11 मार्च को होम साइंस, 13 मार्च को हिंदी, 16 मार्च को इकोनॉमिक्स और 19 मार्च को पॉलिटिकल साइंस का पेपर होगा। इसके बाद 25 मार्च को बायोलॉजी, 27 मार्च को हिस्ट्री, 30 मार्च को सोशियोलॉजी और 31 मार्च को कंप्यूटर साइंस की परीक्षा आयोजित की जाएगी। हालांकि, अन्य विषयों की परीक्षाएं अप्रैल तक जारी रहेंगी। 9 अप्रैल को 12वीं की अंतिम परीक्षाएं निर्धारित हैं।
40 हजार से ज्यादा विषय संयोजनों का रखा गया ध्यान
CBSE ने डेटशीट तैयार करते समय विद्यार्थियों के विषयों के कॉम्बिनेशन का विशेष ध्यान रखा है। बोर्ड के अनुसार, 40 हजार से अधिक विषय संयोजनों का विश्लेषण किया गया, ताकि किसी विद्यार्थी के चुने हुए दो विषयों की परीक्षा एक ही दिन न पड़े।
इसके अलावा, 12वीं के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं के संभावित कार्यक्रम को भी ध्यान में रखा गया है। बोर्ड ने कोशिश की है कि बोर्ड परीक्षाएं प्रवेश परीक्षाओं से पहले पूरी हो जाएं, जिससे विद्यार्थियों को आगे की तैयारी के लिए समय मिल सके।
प्रैक्टिकल परीक्षा की तारीख भी जान लें
बोर्ड के अनुसार, सामान्य स्कूलों में 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं, प्रोजेक्ट और इंटरनल असेसमेंट 1 जनवरी से 13 फरवरी 2027 के बीच आयोजित किए जाएंगे। वहीं, शीतकालीन क्षेत्रों के स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 तक होंगी।
विद्यार्थी CBSE की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर अपनी कक्षा की पूरी डेटशीट डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए अब समय का सही प्रबंधन और विषयवार रिवीजन बेहद महत्वपूर्ण होगा।