रांची के न्यूक्लियस मॉल को खरीदने के लिये एक छोटी सी कंपनी के पास कहां से आये 375 करोड़ रुपये? अब ED जांच में होगा खुलासा
राजधानी रांची का फेमस न्यूक्लियस मॉल 375 करोड़ रुपये में बिक गया. इसके साथ ही ये झारखंड की रियल एस्टेट इतिहास की सबसे बड़ी डील में शामिल हो गया. लेकिन इस भारी भरकम डील के साथ ही न्यूक्लियस मॉल ईडी जांच के दायरे में भी आ गया. मगर क्यों? और सबसे हैरान करने वाला सवाल ये है कि जिस कंपनी का गठन महज़ 22 महीने पहले ही हुआ, जिस कंपनी ने अपने शेयर बेचकर अब तक मात्र एक लाख रुपये ही जुटाये हैं, उस एक लाख पूंजी वाली कंपनी ने 375 करोड़ रुपये का मॉल आखिर कैसे खरीद लिया? इस कंपनी के पास आखिर इतना पैसा आया कहां से? क्या कंपनी ने अवैध कमाई की है? क्या ये पूरी खरीद बिक्री illegal है? और रांची का न्यूक्लियस मॉल ईडी जांच के घेरे में क्यों है? आखिर कौन हैं कंपनी के मालिक और क्यों हैं वह इतनी चर्चा में? ये सब जानेंगे आज के इस एक्सप्लेनर में.
375 करोड़ में बिका रांची का न्यूक्लियस मॉल
सबसे पहले बात करते हैं उस डील की, जिसने झारखंड के कारोबारी जगत में हलचल मचा दी है. राजधानी रांची के सर्कुलर रोड स्थित न्यूक्लियस मॉल का स्वामित्व बदल गया है. अब तक इस मॉल के मालिक कारोबारी विष्णु अग्रवाल थे. लेकिन 20 नवंबर 2026 को इस मॉल की रजिस्ट्री 375 करोड़ रुपये में VA Discreet Services Private Limited के नाम कर दी गई. यानी कंपनी ने 375 करोड़ रुपये में मॉल को खरीद लिया. यह झारखंड के रियल एस्टेट बाजार की अब तक की सबसे बड़ी खरीद-बिक्री में शामिल है. इस सौदे में खरीदार कंपनी की ओर से 15 करोड़ रुपये स्टांप ड्यूटी और सवा 11 करोड़ रुपये रजिस्ट्रेशन फीस जमा की गई. यानी सिर्फ रजिस्ट्री के लिए 26 करोड़ 25 लाख रुपये खर्च हुए.

अब ज़रा इस मॉल के आकार और कारोबार को भी समझिए. न्यूक्लियस मॉल करीब 1.59 एकड़ जमीन पर बना है. इसका निर्माण आदर्श हाइट्स प्राइवेट लिमिटेड ने कराया था और 12 फरवरी 2017 से यहां व्यावसायिक गतिविधियां शुरू हुई थीं. इसमें 88 दुकानें और 29 कियोस्क हैं. करीब 3.5 लाख वर्गफीट में फैला यह मॉल रांची के प्रमुख शॉपिंग और मनोरंजन केंद्रों में शामिल है. लेकिन कहानी सिर्फ मॉल की बिक्री तक सीमित नहीं है. इसमें मसाला भी है.
आखिर कौन है मॉल खरीदने वाली कंपनी?
इस मॉल को खरीदा है VA Discreet Services Private Limited नाम की कंपनी ने. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, ये कंपनी 8 जनवरी 2025 को बनी थी. यानी मॉल की खरीद से करीब 22 महीने पहले ही कंपनी अस्तित्व में आई थी. कंपनी झारखंड में रजिस्टर्ड है और इसका पंजीकृत कार्यालय धनबाद में दर्ज है. कंपनी के रिकॉर्ड के मुताबिक, इसका कारोबार खनन क्षेत्र से जुड़ी गतिविधियों, माइनिंग साइट डेवलपमेंट और ओवरबर्डन हटाने जैसे कामों से संबंधित है.
इसके दो निदेशक हैं - विवेक कुमार सिंह और आरती सिंह. और ये दोनों कोयला कारोबारी एलबी सिंह से जुड़े हैं, और यही इस पूरी कहानी का सबसे दिलचस्प पहलू है.
एलबी सिंह यानी लाल बहादुर सिंह धनबाद के बड़े कोयला कारोबारियों में गिने जाते हैं. वह कोल इंडिया की subsidiary कंपनी BCCL के लिए कोयला खनन और आउटसोर्सिंग का काम करने वाली कंपनी देवप्रभा से जुड़े हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, न्यूक्लियस मॉल को खरीदने वाली कंपनी VA Descreet के डायरेक्टर विवेक कुमार सिंह एलबी सिंह के बेटे हैं, और कंपनी की दूसरी डायरेक्टर आरती सिंह एलबी सिंह की पत्नी हैं. यानी न्यूक्लियस मॉल का नया मालिक एलबी सिंह का परिवार है. यही वह पहलू है, जिसके वजह से मॉल खरीदने वाली कंपनी और उसके मालिक फिलहाल चर्चा में हैं.
एक लाख की पूंजी और 375 करोड़ का मॉल, आखिर कैसे?
अब आते हैं इस पूरी कहानी के सबसे दिलचस्प हिस्से पर. VA Discreet Services Private Limited के सरकारी रिकॉर्ड में कंपनी की Authorized Capital और Paid-up Capital दोनों ही एक-एक लाख रुपये दर्ज हैं. नहीं समझ में आया न, मुझे भी नहीं. अब इसे ही आसान भाषा में समझते हैं. Authorized Capital यानी अधिकृत पूंजी का मतलब है कि कंपनी अधिकतम कितने रुपये के शेयर जारी कर सकती है.

इस कंपनी के मामले में यह सीमा 1 लाख रुपये है. वहीं, Paid-up Capital यानि चुकता पूंजी का का मतलब है कि कंपनी ने शेयर जारी करके अपने मालिकों या शेयरधारकों से वास्तव में कितने रुपये जुटाए हैं. यहां यह रकम भी 1 लाख रुपये है. यानी कंपनी के रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके शेयरों के जरिये अब तक एक लाख रुपये की पूंजी जुटाई गई है. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कंपनी के पास कुल पैसा भी सिर्फ 1 लाख रुपये ही है. कंपनी कर्ज़ लेकर, बैंक से फाइनेंस लेकर या दूसरे निवेशकों से पैसा जुटाकर भी अपना कारोबार कर सकती है.
क्या खरीद बिक्री अवैध थी?
अब सवाल उठता है कि जब कंपनी की चुकता पूंजी सिर्फ 1 लाख रुपये है, यानी कंपनी केवल अपने शेयरधारकों से महज़ एक लाख रुपये ही जुटा सकती है, तो उसने 375 करोड़ रुपये का मॉल कैसे खरीद लिया? क्या इस खरीदारी में अवैध पैसे का इस्तेमाल हुआ? क्या कोई गैरकानूनी तरीका अपनाया गया? तो इसका जवाब समझना ज़रूरी है।सिर्फ कंपनी की 1 लाख रुपये की चुकता पूंजी देखकर यह नहीं कहा जा सकता कि मॉल खरीदने में अवैध पैसे का इस्तेमाल हुआ है. क्योंकि कंपनी के पास पैसा जुटाने के कई दूसरे रास्ते हो सकते हैं.

मसलन, कंपनी बैंक से कर्ज ले सकती है. कोई दूसरी कंपनी उसे पैसा दे सकती है या कोई निवेशक इसमें पैसा लगा सकता है. ऐसी स्थिति में कंपनी की चुकता पूंजी कम होने के बावजूद वह करोड़ों रुपये की संपत्ति खरीद सकती है.
फिर न्यूक्लियस मॉल की खरीद पर सवाल क्यों उठ रहा है?
क्योंकि यहां दो आंकड़ों के बीच बहुत बड़ा अंतर है. एक तरफ कंपनी की Paid-up Capital सिर्फ 1 लाख रुपये दर्ज है. दूसरी तरफ उसने 375 करोड़ रुपये का मॉल खरीदा है.
अब सवाल यह नहीं है कि 1 लाख रुपये की पूंजी वाली कंपनी 375 करोड़ रुपये की संपत्ति खरीद ही नहीं सकती. वह खरीद सकती है.
सवाल यह है कि इतनी बड़ी खरीदारी के लिए 375 करोड़ रुपये की व्यवस्था आखिर कैसे हुई? अगर कंपनी ने बैंक से कर्ज़ लिया, तो कितना कर्ज़ लिया? अगर किसी निवेशक ने पैसा दिया, तो वह निवेशक कौन है? अगर किसी दूसरी कंपनी से पैसा आया, तो उस कंपनी के पास यह रकम कहां से आई? यही वे बातें हैं जिनकी जांच ज़रूरी है.

इसे एक और आसान से उदाहरण से ऐसे समझ सकते हैं, कि मान लीजिए किसी व्यक्ति की अपनी जेब में 1 लाख रुपये हैं, लेकिन बैंक उसे 5 करोड़ रुपये का होम लोन दे देता है. अब वह 5 करोड़ रुपये का घर खरीद सकता है. घर खरीदने के लिए उसके पास पहले से 5 करोड़ रुपये होना ज़रूरी नहीं है. लेकिन बैंक यह ज़रूर देखेगा कि उसे कर्ज़ चुकाने के लिए पैसा कहां से मिलेगा.
कंपनी के मामले में भी कुछ ऐसा ही है. शेयर पूंजी कम होने के बावजूद वह कर्ज़ या निवेश के ज़रिये बड़ी खरीदारी कर सकती है. इसलिए न्यूक्लियस मॉल की डील में 1 लाख रुपये की पूंजी अपने आप में किसी गैरकानूनी काम का सबूत नहीं है. लेकिन 375 करोड़ रुपये की रकम कहां से आई, इसका जवाब मिलना ज़रूरी है. और यही इस पूरी डील का सबसे बड़ा सवाल है.
अगर पैसा कानूनी तरीके से जुटाया गया है और उसके सभी दस्तावेज सही हैं, तो कम चुकता पूंजी होने के बावजूद मॉल खरीदना अपने आप में गैरकानूनी नहीं है. लेकिन अगर जांच में यह सामने आता है कि खरीदारी के लिए इस्तेमाल किया गया पैसा किसी अपराध से कमाया गया था या उसे छिपाने के लिए ग़लत तरीके अपनाए गए, तो मामला गंभीर हो सकता है.
ED की जांच में क्यों आया न्यूक्लियस मॉल?
अब समझते हैं कि आखिर इस पूरी डील में ED की दिलचस्पी क्यों बढ़ गई है. दरअसल, इस कहानी में खरीदार और विक्रेता, दोनों पक्षों का संबंध ED की अलग-अलग जांच से जुड़ा हुआ है.
न्यूक्लियस मॉल के पूर्व मालिक विष्णु अग्रवाल पहले से ही झारखंड में ज़मीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की जांच का सामना कर रहे हैं. ईडी ने रांची में सेना की ज़मीन की अवैध खरीद-बिक्री के मामले में उन्हें गिरफ्तार किया था. उनके खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है. बाद में उन्हें ज़मानत मिली. ईडी की टीम पहले न्यूक्लियस मॉल का सर्वे भी कर चुकी है.

वहीं, मॉल को खरीदने वाली कंपनी के डायरेक्टर विवेक सिंह के पिताजी एलबी सिंह भी ईडी जांच का सामना कर रहे हैं. एलबी सिंह की कंपनी देव प्रभा, BCCL के लिए कोयला खनन और आउटसोर्सिंग का काम करती है. ED धनबाद में अवैध कोयला खनन, कोयले की चोरी, उसकी तस्करी, अवैध परिवहन और कोयला उठाव के नाम पर रंगदारी और लेवी वसूली से जुड़े मामलों की जांच कर रही है. अब जांच एजेंसी को शक़ है कि अवैध कोयला कारोबार से कमाई गई रकम को अलग-अलग लोगों और कंपनियों के ज़रिये घुमाकर न्यूक्लियस मॉल समेत जैसी बड़ी बड़ी संपत्तियां खरीदी गईं और इस पैसे को वैध दिखाने की कोशिश की गई.
तो कुल मिलाकर, रांची का न्यूक्लियस मॉल सिर्फ 375 करोड़ रुपये की खरीद-बिक्री के कारण चर्चा में नहीं है. इस सौदे के साथ सबसे बड़ा सवाल ये है कि महज़ 22 महीने पुरानी कंपनी ने इतनी बड़ी रकम की व्यवस्था कैसे की? इस 375 करोड़ रुपये का स्रोत क्या है? क्योंकि किसी भी बड़े सौदे में सिर्फ यह जानना ज़रूरी नहीं होता कि संपत्ति किसने खरीदी और किसने बेची, बल्कि यह जानना भी उतना ही ज़रूरी होता है कि इतना पैसा आया कहां से. अब सबकी नज़र इस बात पर है कि जांच एजेंसी इस 375 करोड़ रुपये की डील के पीछे पैसों के पूरे लेन-देन का पता कैसे लगाती है.