देश ब्रेकिंग
2035 तक ईसाई को पीछे छोड़ दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है इस्लाम! क्या है वजह? सबसे ज्यादा आबादी इस देश में होगी
दुनियाभर में धर्मों की आबादी को लेकर एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। आने वाले करीब 10 वर्षों में मुसलमानों की संख्या ईसाइयों से अधिक हो सकती है। ऐसा हुआ तो इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन जाएगा और ईसाई धर्म दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगा। यह अनुमान अमेरिकी रिसर्च संस्था Pew Research Center की 18 नवंबर 2026 को जारी नई स्टडी में लगाया गया है। रिपोर्ट का शीर्षक 'The Future of World Religions: Population Growth Projections, 2020-2070' है। इसमें दुनिया के 201 देशों और क्षेत्रों में 7 प्रमुख धार्मिक समूहों की आबादी का अध्ययन किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2020 में दुनिया में करीब 202 करोड़ मुसलमान थे, जबकि ईसाइयों की संख्या लगभग 227 करोड़ थी। लेकिन मौजूदा जनसंख्या वृद्धि का रुझान जारी रहा तो 2035 तक मुसलमानों की आबादी बढ़कर करीब 257 करोड़ हो सकती है। वहीं, ईसाइयों की आबादी लगभग 252 करोड़ रहने का अनुमान है। यानी 2035 तक मुसलमानों की संख्या ईसाइयों से करीब 5 करोड़ अधिक हो सकती है।
क्या है प्रमुख वजहें?
इस बदलाव के पीछे सबसे बड़ी वजह मुसलमानों की अपेक्षाकृत युवा आबादी और जन्म दर का अधिक होना बताया गया है। यानी अन्य प्रमुख धार्मिक समूहों की तुलना में मुसलमानों के बच्चों की संख्या अधिक होती है. स्टडी के अनुसार, 2020 से 2025 के बीच मुस्लिम महिलाओं में औसतन 3.1 बच्चों के जन्म का अनुमान है। वहीं, ईसाई महिलाओं में यह आंकड़ा 2.5 और अन्य धर्मों की महिलाओं में औसतन 1.6 बच्चों का है। इस अंतर का असर आने वाले दशकों में आबादी के आंकड़ों पर दिखाई देगा। मुस्लिम समुदाय में युवाओं की संख्या अधिक होने के कारण आने वाले वर्षों में बड़ी संख्या में लोग परिवार शुरू करने की उम्र में पहुंचेंगे। इससे आबादी बढ़ने की रफ्तार तेज रह सकती है।
2070 तक 360 करोड़ हो सकती है मुस्लिम आबादी
Pew Research Center के अनुमानों के मुताबिक, साल 2070 तक दुनियाभर में मुसलमानों की आबादी बढ़कर लगभग 360 करोड़ हो सकती है। उस समय दुनिया की कुल आबादी में मुसलमानों की हिस्सेदारी करीब 35.8 फीसदी होगी। दूसरी तरफ, ईसाइयों की संख्या लगभग 290 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है। वैश्विक आबादी में उनकी हिस्सेदारी करीब 29.1 फीसदी रह सकती है। साल 2020 में दुनिया की कुल आबादी में ईसाइयों की हिस्सेदारी 28.8 फीसदी और मुसलमानों की 25.6 फीसदी थी। यानी अगले पांच दशकों में मुसलमानों की हिस्सेदारी में करीब 10 प्रतिशत अंकों की बढ़ोतरी हो सकती है।
पाकिस्तान में सबसे ज्यादा होंगे मुसलमान
रिपोर्ट में देशों के स्तर पर भी बड़े बदलाव का अनुमान लगाया गया है। फिलहाल दुनिया में सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी इंडोनेशिया में रहती है, जबकि पाकिस्तान दूसरे स्थान पर है। लेकिन 2070 तक पाकिस्तान इंडोनेशिया को पीछे छोड़कर दुनिया में सबसे ज्यादा मुसलमानों वाला देश बन सकता है। अनुमान है कि पाकिस्तान में मुस्लिम आबादी 2020 के करीब 22.7 करोड़ से बढ़कर 2070 तक 46.1 करोड़ हो जाएगी।
वहीं, सहारा रेगिस्तान के दक्षिण में स्थित अफ्रीकी देशों में मुस्लिम आबादी तेजी से बढ़ सकती है। 2070 तक दुनिया के करीब एक चौथाई मुसलमान इसी क्षेत्र में रह सकते हैं। फिलहाल दुनिया के लगभग 60 फीसदी मुसलमान एशिया-प्रशांत क्षेत्र में रहते हैं, लेकिन 2070 तक यह हिस्सेदारी घटकर करीब आधी रह सकती है।
धर्म परिवर्तन नहीं, जन्म दर है बड़ा कारण
रिपोर्ट का एक अहम पहलू यह भी है कि मुसलमानों की बढ़ती आबादी के पीछे धर्म परिवर्तन मुख्य कारण नहीं है। इसके बजाय जन्म और मृत्यु के बीच का अंतर सबसे बड़ी वजह है। अनुमान के मुताबिक, 2020 से 2070 के बीच जन्म और मृत्यु के अंतर से मुस्लिम आबादी में करीब 160 करोड़ की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, ईसाई आबादी में इस वजह से करीब 79.2 करोड़ की वृद्धि होने का अनुमान है।
धर्म बदलने के मामले में भी दोनों समुदायों के बीच अंतर दिखाई देता है। अनुमान है कि अगले पांच दशकों में इस्लाम छोड़ने वालों और इसे अपनाने वालों की संख्या के अंतर से मुस्लिम आबादी में करीब 80 लाख की कमी हो सकती है। वहीं, ईसाई धर्म छोड़ने वालों की संख्या इसे अपनाने वालों से अधिक रहने के कारण ईसाई आबादी में करीब 10.5 करोड़ की कमी का अनुमान है।
हालांकि, Pew Research Center ने स्पष्ट किया है कि ये आंकड़े भविष्य की निश्चित भविष्यवाणी नहीं हैं। ये मौजूदा जन्म दर, मृत्यु दर, उम्र के अंतर, प्रवास और धर्म परिवर्तन के रुझानों पर आधारित अनुमान हैं। युद्ध, महामारी, आर्थिक बदलाव और सामाजिक परिस्थितियों में परिवर्तन इन आंकड़ों को प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए आने वाले दशकों में दुनिया के धार्मिक जनसंख्या समीकरण में बदलाव की संभावना बनी रहेगी।