देश एक्सप्लेनर ब्रेकिंग

Hindu Population Report: 2070 तक दुनिया में कितनी होगी हिंदुओं की आबादी?

Hindu Population Report
Hindu Population Report

दुनिया में आने वाले पांच दशकों में हिंदुओं की आबादी और उनका भौगोलिक वितरण बदल सकता है। भारत के बाद अमेरिका भी हिंदू आबादी के मामले में दुनिया के प्रमुख देशों में शामिल हो सकता है। साल 2070 तक अमेरिका दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा हिंदू आबादी वाला देश बन सकता है। वहीं, भारत दुनिया में सबसे अधिक हिंदुओं की आबादी वाला देश बना रहेगा। यह जानकारी Pew Research Centre की 18 नवंबर 2026 को जारी नई स्टडी में सामने आई है। इस स्टडी में 2020 से 2070 तक दुनिया के प्रमुख धर्मों की आबादी में होने वाले संभावित बदलावों का अनुमान लगाया गया है।

भारत में कितनी बढ़ेगी हिंदुओं की आबादी?

रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2020 में भारत में करीब 110 करोड़ हिंदू रहते थे। यह दुनिया की कुल हिंदू आबादी का लगभग 95 फीसदी था। अनुमान है कि 2070 तक भारत में हिंदुओं की संख्या में करीब 17.6 करोड़ की बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही देश में हिंदुओं की आबादी लगभग 127.6 करोड़ तक पहुंच सकती है।

भारत के बाद नेपाल, बांग्लादेश, पाकिस्तान और इंडोनेशिया में सबसे अधिक हिंदू आबादी रहती है। साल 2020 के आंकड़ों के अनुसार, नेपाल में करीब 2.4 करोड़, बांग्लादेश में 1.3 करोड़, पाकिस्तान में 50 लाख और इंडोनेशिया में 40 लाख हिंदू रहते थे।

अमेरिका में तेजी से बढ़ेगी हिंदुओं की संख्या

इस रिपोर्ट का एक अहम निष्कर्ष अमेरिका से जुड़ा है। अनुमान है कि 2070 तक अमेरिका दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा हिंदू आबादी वाला देश बन जाएगा। अमेरिका में हिंदुओं की संख्या बढ़ने के पीछे मुख्य वजह दूसरे देशों से होने वाला प्रवास यानी माइग्रेशन माना गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, 2020 से 2070 के बीच अमेरिका में हिंदुओं की संख्या में लगभग 40 लाख की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया भी पहली बार दुनिया के उन 10 देशों में शामिल हो सकता है, जहां सबसे ज्यादा हिंदू रहते हैं। ऑस्ट्रेलिया 2070 तक इस सूची में नौवें स्थान पर पहुंच सकता है। यहां हिंदुओं की संख्या करीब 30 लाख होने का अनुमान है। दूसरी तरफ संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE दुनिया के टॉप-10 देशों की सूची से बाहर हो सकता है।

भारत और नेपाल ही रहेंगे हिंदू बहुसंख्यक देश

Pew Research Centre के अनुमानों के मुताबिक, 2070 तक दुनिया में केवल दो देश ऐसे रहेंगे, जहां हिंदू आबादी बहुसंख्यक होगी। इनमें भारत और नेपाल शामिल हैं। यानी आने वाले पांच दशकों में भी इन दोनों देशों में हिंदुओं की आबादी कुल जनसंख्या के आधे से अधिक रहने का अनुमान है।

वहीं, पाकिस्तान में हिंदुओं की संख्या तेजी से बढ़ सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में हिंदुओं की आबादी 2020 के लगभग 50 लाख से बढ़कर 2070 तक करीब एक करोड़ हो सकती है। हालांकि, इतनी बढ़ोतरी के बावजूद पाकिस्तान में हिंदू अल्पसंख्यक ही रहेंगे।

दुनिया में हिंदुओं की संख्या बढ़ेगी, लेकिन हिस्सेदारी घटेगी

पूरी दुनिया की बात करें तो 2020 में हिंदुओं की आबादी लगभग 120 करोड़ थी। अनुमान है कि 2070 तक इसमें करीब 19.9 करोड़ की बढ़ोतरी होगी और यह संख्या लगभग 140 करोड़ पहुंच जाएगी। हालांकि, दुनिया की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी कम हो सकती है। साल 2020 में वैश्विक आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी करीब 15 फीसदी थी, जो 2070 तक घटकर 14 फीसदी रह सकती है।

इसका मतलब है कि हिंदुओं की कुल संख्या बढ़ने के बावजूद दुनिया की दूसरी धार्मिक आबादियों की तुलना में उनकी वृद्धि की रफ्तार धीमी रह सकती है। एशिया और प्रशांत क्षेत्र में हिंदुओं की आबादी में सबसे अधिक बढ़ोतरी होने का अनुमान है। दुनिया के लगभग 99 फीसदी हिंदू इसी क्षेत्र में रहते हैं।

हिंदुओं की आबादी बढ़ने और घटने की क्या है वजह?

रिपोर्ट में हिंदुओं की आबादी में बदलाव के पीछे कई कारण बताए गए हैं। इनमें जन्म दर, उम्र, मृत्यु दर, दूसरे देशों में जाकर बसना और धर्म परिवर्तन जैसे पहलू शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 2020 से 2025 के बीच हिंदुओं में प्रति महिला औसतन 1.9 बच्चों की जन्म दर रहने का अनुमान है। वहीं, गैर-हिंदुओं में यह आंकड़ा 2.3 है। सामान्य तौर पर आबादी को स्थिर रखने के लिए प्रति महिला लगभग 2.1 बच्चों की जन्म दर जरूरी मानी जाती है।

एक और महत्वपूर्ण बात यह है कि 2020 में दुनिया के 52 फीसदी हिंदुओं की उम्र 30 साल से कम थी। गैर-हिंदुओं में यह आंकड़ा 49 फीसदी था। इसके अलावा, रिपोर्ट के अनुसार बचपन में हिंदू धर्म अपनाकर बड़े होने वाले लगभग 99 फीसदी लोग वयस्क होने पर भी खुद को हिंदू ही बताते हैं। इससे भी हिंदू आबादी में स्थिरता बनी रहने का अनुमान है।

मॉरीशस, फिजी और सूरीनाम में घटेगी हिंदुओं की हिस्सेदारी

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि कुछ देशों में हिंदुओं की आबादी का अनुपात कम हो सकता है। मॉरीशस, फिजी और सूरीनाम ऐसे देश हैं, जहां 2020 से 2070 के बीच कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी कम से कम 5 प्रतिशत अंक घटने का अनुमान है। इसकी प्रमुख वजह इन देशों में हिंदुओं की कम जन्म दर और दूसरी धार्मिक आबादियों की अपेक्षाकृत तेज वृद्धि बताई गई है।

हालांकि, Pew Research Centre ने स्पष्ट किया है कि ये आंकड़े भविष्य की निश्चित तस्वीर नहीं हैं। ये मौजूदा जनसंख्या, जन्म दर, मृत्यु दर और प्रवास के रुझानों के आधार पर तैयार किए गए अनुमान हैं। आने वाले वर्षों में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियों में बदलाव से इन आंकड़ों में भी अंतर आ सकता है। 

शेयर करें WhatsApp X Facebook

संबंधित खबरें