झारखंड एक्सप्लेनर

झारखंड के अफसरों ने कर दी 27 हजार करोड़ की गड़बड़ी, पैसों का हिसाब-किताब ग़ायब! अब होगी FIR

झारखंड के अफसरों ने कर दी 27 हजार करोड़ की गड़बड़ी, पैसों का हिसाब-किताब ग़ायब! अब होगी FIR

क्या झारखंड में सरकारी विभागों के अधिकारियों को वित्तीय गड़बड़ी करने की खुली छूट है? क्या साहबों को 27 हजार करोड़ से भी ज्यादा की वित्तीय गड़बड़ी करने की आज़ादी है? क्या अफसर साहब को भरोसा हो गया है कि सरकारी पैसे के हिसाब में गड़बड़ी करने पर भी उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता? क्या झारखंड में अधिकारियों पर सरकार का नियंत्रण कमज़ोर पड़ गया है? क्या मौजूदा सरकार के राज में सरकारी खज़ाना अधिकारियों की मनमर्ज़ी से चल रहा है? 

सरकारी खर्च के ऑडिट में सामने आए आंकड़े कम से कम ऐसे ही गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं. मामला सिर्फ कुछ लाख या करोड़ रुपये का नहीं है, बल्कि 27 हजार 798 करोड़ रुपये से ज्यादा की वित्तीय गड़बड़ी का है. इन आंकड़ों में गबन, गलत तरीके से सरकारी राशि के इस्तेमाल, वसूली लंबित रहने और खर्च का हिसाब नहीं मिलने जैसे मामले शामिल हैं.

अब ये वित्तीय गड़बड़ी का पूरा मामला क्या है? सरकारी विभागों में कैसे हुई इतनी बड़ी गड़बड़ी, क्या अधिकारियों ने विभागों को आवंटित हज़ारों करोड़ की राशि की हेराफेरी की है? क्या सरकारी पैसे की निगरानी करने वाला तंत्र पूरी तरह नाकाम रहा? और क्या अब जिम्मेदार अधिकारियों पर वास्तव में कार्रवाई होगी? 

25 साल के स्पेशल ऑडिट में क्या?

झारखंड के सरकारी कोषागार से अवैध निकासी के मामलों की जांच अभी पूरी भी नहीं हुई थी कि अब सरकारी विभागों के खर्च और हिसाब-किताब ने एक नई बहस छेड़ दी है.  वित्त विभाग के ऑडिट में सामने आए आंकड़े सरकारी वित्तीय व्यवस्था और अधिकारियों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं. 

दरअसल, झारखंड के सरकारी विभागों में पिछले करीब 25 वर्षों के दौरान सरकारी पैसों के खर्च और हिसाब-किताब की जांच हुई. इस जांच को तकनीकी भाषा में ऑडिट कहा जाता है. इस जांच में हजारों करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ियां सामने आईं.

स्पेशल ऑडिट
स्पेशल ऑडिट

वित्त विभाग के स्पेशल ऑडिट में सामने आया है कि वित्तीय वर्ष 2001-02 से 2020-21 तक में झारखंड के सरकारी विभागों में 9,737 करोड़ 57 से ज्यादा की वित्तीय गड़बड़ियां हुई हैं. जबकि वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2025-26 के दौरान जो ऑडिट हुआ, उसमें 18,060 करोड़ 95 लाख रुपये की वित्तीय अनियमिततायें सामने आयी हैं. यानी 25 सालों के दौरान झारखंड के विभिन्न सरकारी विभागों में कुल 27,798 करोड़ 50 लाख रुपये की वित्तीय गड़बड़ी सामने आ चुकी है. 

अब इन आंकड़ों पर ज़रा गौर कीजिये. शुरूआती 20 सालों में ये अनियमितताएं 9 हजार करोड़ से अधिक की थी, लेकिन उसके बाद के 5 सालों में ये रुकने के बजाय और बढ़ गयी, वह भी दोगुना. इन पांच सालों में वित्तीय अनियमितताओं का आंकड़ा छलांग लगाकर 18 हजार करोड़ रुपये के पार पहुंच गया. 

27 हजार करोड़ की वित्तीय गड़बड़ी का आशय क्या है?

यहां सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर 27 हजार 798 करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ी का मतलब क्या है? क्या सरकारी विभागों से इतने पैसे चोरी हो गए? क्या अधिकारियों ने विभागों को आवंटित राशि में से 27 हजार करोड़ रुपये निकालकर अपनी जेब में भर लिये? जी नहीं. 

27 हजार करोड़ की वित्तीय अनियमितता
27 हजार करोड़ की वित्तीय अनियमितता

इस आंकड़े को समझने के लिए सरकारी विभागों में होने वाले खर्च और उसके हिसाब-किताब को समझना ज़रूरी है. देखिए, जब सरकार किसी विभाग को सड़क बनाने, स्कूल चलाने, अस्पतालों में सुविधाएं उपलब्ध कराने या किसी सरकारी योजना को लागू करने के लिए पैसा देती है, तो उस विभाग की ज़िम्मेदारी होती है कि वह उस राशि का पूरा लेखा-जोखा तैयार करे, जैसे कितना पैसा मिला और उसमें से खर्च कितना हुआ, कितना पैसा किस काम पर खर्च हुआ और खर्च किए गए पैसे का प्रमाण क्या है. इसके अलावा, कितना पैसा वापस लौटाना है, कितने पैसों की वसूली करनी है, इत्यादि. इसी पूरी प्रक्रिया की जांच ऑडिट के दौरान होती है. ऑडिट में अगर किसी खर्च का सही दस्तावेज नहीं मिलता, भुगतान की प्रक्रिया में गड़बड़ी मिलती है, एडवांस दिए गए पैसे का हिसाब नहीं मिलता या सरकारी राशि का गलत इस्तेमाल सामने आता है, तो उस पर ऑडिट आपत्ति दर्ज की जाती है. अब झारखंड के मामले में इन वित्तीय अनियमितताओं को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है.

गबन, ग़लत इस्तेमाल और हिसाब नहीं देने का पूरा खेल क्या है?

अब सरकारी विभागों में हुए वित्तीय अनियमितताओं को आंकड़ों से समझिये. सबसे पहले बात करते हैं सरकारी राशि के गबन की. ऑडिट में कुल 141 करोड़ 63 लाख रुपये के गबन से जुड़ा मामला सामने आया है. इसमें शुरुआती 20 वर्षों के दौरान 63 करोड़ 57 लाख रुपये और पिछले पांच वर्षों में 78 करोड़ 6 लाख रुपये के गबन के मामले सामने आए. गबन का मतलब है सरकारी पैसे की जिम्मेदारी मिलने के बाद उस पैसे को सरकारी काम में लगाने के बजाय बेईमानी से हड़प लेना या निजी फायदे के लिए इस्तेमाल करना. उदाहरण के लिए, किसी सरकारी विभाग को सड़क बनाने के लिए 50 लाख रुपये दिए गए. लेकिन अधिकारी और ठेकेदार की मिलीभगत से कागज़ों पर सड़क निर्माण दिखा दिया गया और बिना काम कराए ही पैसे निकाल लिए गए. 

दूसरी श्रेणी है गलत विनियोजन की. इसका मतलब है कि सरकार ने जिस काम के लिए पैसा दिया था, उसका इस्तेमाल किसी दूसरे काम में कर दिया गया या राशि का गलत तरीके से इस्तेमाल हुआ. इसे ऐसे समझिए कि सरकार ने किसी विभाग को स्कूल बनाने के लिए पैसा दिया, लेकिन उस पैसे को किसी दूसरे काम में खर्च कर दिया गया. ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार, 25 वर्षों के दौरान कुल 189 करोड़ 14 लाख रुपये की राशि के विनियोजन का मामला सामने आया है. इन दोनों श्रेणियों को मिलाकर 330 करोड़ 77 लाख रुपये होते हैं. 

इसके अलावा, ऑडिट में 5 हजार 902 करोड़ 81 लाख रुपये की राशि वसूली योग्य बताई गई है. 

यहां एक सवाल हो सकता है कि वसूली योग्य राशि का मतलब क्या है? मान लीजिए किसी सरकारी विभाग ने किसी ठेकेदार को काम कराने के लिए 10 करोड़ रुपये का भुगतान किया. लेकिन बाद में जांच में पता चला कि ठेकेदार को नियमों के मुताबिक जितना भुगतान होना चाहिए था, उससे ज्यादा पैसा दे दिये गये. या फिर किसी व्यक्ति या एजेंसी से सरकारी राशि वापस ली जानी है. ऐसी रकम को वसूली योग्य राशि के रूप में दर्ज किया जाता है. 

इस पूरे मामले में एक और आंकड़ा है, जो सरकारी विभागों के कामकाज और वित्तीय अनुशासन पर सवाल खड़ा करता है. यह आंकड़ा है 1 हजार 638 करोड़ 27 लाख रुपये का. यह रकम असमायोजित अग्रिम यानी ऐसा एडवांस है, जिसका पूरा हिसाब या समायोजन सरकारी रिकॉर्ड में नहीं हुआ है. इसे आसान भाषा में समझिए. मान लीजिए किसी अधिकारी को सरकारी काम कराने के लिए 20 लाख रुपये एडवांस दिए गए. काम पूरा होने के बाद अधिकारी को बताना होगा कि पैसा कहां खर्च हुआ, किसे भुगतान किया गया, कितना पैसा बचा और काम पूरा हुआ या नहीं. अगर अधिकारी खर्च का पूरा हिसाब नहीं देता, तो उस एडवांस का समायोजन लंबित रह सकता है. ऑडिट में शुरुआती 20 वर्षों के दौरान 476 करोड़ रुपये और पिछले पांच वर्षों में 1 हजार 162 करोड़ 27 लाख रुपये का ऐसा एडवांस दर्ज किया गया है, जिसका समायोजन नहीं हुआ है.

इसके अलावा, ऑडिट में 15 हजार 996 करोड़ 14 लाख रुपये के सरकारी खर्च पर भी आपत्तियां दर्ज की गई हैं. इनमें खर्च की प्रक्रिया, मंजूरी, भुगतान और खर्च के प्रमाण से जुड़े दस्तावेजों को लेकर सवाल उठे हैं. 

इसके साथ ही 3 हजार 930 करोड़ 53 लाख रुपये ऐसी राशि के रूप में दर्ज हैं, जिन्हें सरकारी खाते में जमा किया जाना है.

वित्त मंत्री ने दिया प्राथमिकी का आदेश

इन वित्तीय अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने गबन और सरकारी राशि के गलत इस्तेमाल से जुड़े मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है. 25 सालों में गबन की राशि 141 करोड़ 63 लाख और  राशि के गलत इस्तेमाल का आंकड़ा 189 करोड़ 14 लाख रुपये है. यानी कुल 330 करोड़ 77 लाख रुपये की राशि के गबन और गलत इस्तेमाल को आपराधिक कृत्य मानते हुए वित्त मंत्री ने संबंधित विभागों को ज़िम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की पहचान कर उनके खिलाफ FIR दर्ज कराने का आदेश दिया है. 

राधाकृष्ण किशोर ने अधिकारियों से सवाल किया है कि जब 25 से 50 हजार रुपये के मामलों में मुखिया और सरपंच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हो जाती है, तो 330 करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ी के मामले में FIR क्यों नहीं होनी चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया है कि सरकारी राशि का गबन संज्ञेय अपराध है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार राज्य में वित्तीय अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं करेगी. उनका मानना है कि सरकारी धन के गबन के मामलों में ज़िम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए.

आखिर जिम्मेदार कौन और सरकार की निगरानी कहां है?

अब इस पूरे मामले का सबसे महत्वपूर्ण सवाल यही है कि आखिर इतनी बड़ी वित्तीय गड़बड़ी हुई कैसे? जिन विभागों में ये अनियमितताएं हुईं, वहां जिम्मेदार अधिकारी कौन थे? सरकारी खजाने को हुए नुकसान की भरपाई कैसे होगी? 

सरकारी विभागों में पैसा खर्च करने की जिम्मेदारी अधिकारियों की होती है. लेकिन उस पैसे का सही इस्तेमाल हो रहा है या नहीं, इसकी निगरानी करना भी सरकार और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारी है. अगर किसी अधिकारी को एडवांस दिया गया है, तो उसका हिसाब लिया जाना चाहिए. अगर किसी ठेकेदार को भुगतान हुआ है, तो काम की जांच होनी चाहिए. अगर किसी विभाग में सरकारी पैसे का गबन हुआ है, तो जिम्मेदार लोगों की पहचान कर कार्रवाई होनी चाहिए. 

पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने भी अपने कार्यकाल के दौरान यह मामला उठाया था. उन्होंने साफ तौर पर चेतावनी दी थी कि सरकारी धन के रख-रखाव और खर्च में नियमों की अनदेखी हो रही है. इसके बावजूद सरकारी विभागों की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ा. हालात यह हो गए कि कागजों पर नियम-कानून धरे के धरे रह गए और खजाने से पैसे निकलने का सिलसिला और भी तेज रफ्तार से आगे बढ़ता चला गया.

सवाल उठता है कि जब ऑडिट में लगातार इतनी बड़ी वित्तीय आपत्तियां सामने आ रही थीं, तो उनका समय पर निपटारा क्यों नहीं हुआ? जिन विभागों में गड़बड़ियां सामने आईं, वहां जिम्मेदार अधिकारियों पर पहले कार्रवाई क्यों नहीं हुई? 

क्या सरकार के पास ऐसा कोई मजबूत तंत्र है, जो अधिकारियों के खर्च और भुगतान की नियमित निगरानी करता हो? क्या विभागीय सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई? और क्या अब FIR के आदेश के बाद वास्तव में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी? क्योंकि सरकार सिर्फ बजट आवंटित करके अपनी जिम्मेदारी से मुक्त नहीं हो सकती. जनता के पैसे का सही इस्तेमाल सुनिश्चित करना भी सरकार की जिम्मेदारी है. 

सवाल ये भी है कि क्या जांच के बाद दोषी अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों पर वास्तव में कार्रवाई होगी? क्योंकि आदेश जारी होना एक शुरुआत है, लेकिन असली जवाबदेही तब तय होगी, जब जांच पूरी होगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी. अब देखते हैं, सरकार इस मामले में सिर्फ आदेश जारी करती है या वास्तव में सरकारी खज़ाने के एक-एक रुपये का हिसाब भी सामने लाती है. 

शेयर करें WhatsApp X Facebook

संबंधित खबरें