झारखंड

अब संताल बेटियों को भी पैतृक संपत्ति में मिलेगा अधिकार, हाईकोर्ट ने परंपरा के नाम पर हक छीनने पर लगाई रोक

प्रॉपर्टी में संथाली बेटियों को भी अधिकार : HC
प्रॉपर्टी में संथाली बेटियों को भी अधिकार : HC

झारखंड में संताल आदिवासी समाज की महिलाओं के संपत्ति अधिकार को लेकर हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि संताल समुदाय की बेटियों को पिता की पैतृक संपत्ति से वंचित करने के लिए केवल पुरानी परंपरा का हवाला देना पर्याप्त नहीं होगा। यदि कोई पक्ष यह दावा करता है कि संताल समाज में बेटियों को पिता की संपत्ति में हिस्सा नहीं मिलता, तो उसे इस परंपरा के अस्तित्व और लगातार पालन होने के ठोस प्रमाण भी देने होंगे।

मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक और न्यायमूर्ति राजेश शंकर की खंडपीठ ने यह फैसला जामताड़ा के एक करीब 41 साल पुराने जमीन विवाद में सुनाया। अदालत ने विरोधी पक्ष की अपील खारिज करते हुए निचली अपीलीय अदालत के उस फैसले को बरकरार रखा, जिसमें महिला को अपने पिता की पूरी पैतृक संपत्ति का अधिकार दिया गया था।

क्या है 41 साल पुराना जमीन विवाद?

पूरा मामला जामताड़ा जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र के तुरका गांव का है। यहां एक संताल महिला ने वर्ष 1985 में अपने पिता की पैतृक जमीन पर मालिकाना हक के लिए दीवानी मुकदमा दायर किया था।

5 अक्टूबर 1996 को ट्रायल कोर्ट ने महिला के पक्ष में फैसला सुनाते हुए उसे विवादित संपत्ति का एक-तिहाई हिस्सा देने का आदेश दिया। महिला ने इस फैसले को चुनौती देते हुए पूरी संपत्ति पर अधिकार की मांग की। इसके बाद 4 मार्च 2006 को अतिरिक्त जिला न्यायाधीश की अदालत ने पहले के फैसले में बदलाव करते हुए महिला को पूरी पैतृक संपत्ति का मालिकाना हक दे दिया।

हालांकि, इस फैसले से असहमत दूसरे पक्ष ने वर्ष 2006 में झारखंड हाईकोर्ट में अपील दाखिल कर दी। लंबे समय तक चली कानूनी लड़ाई के बाद अब हाईकोर्ट ने इस अपील को खारिज कर दिया है।

विरोधी पक्ष ने क्या दी थी दलील?

हाईकोर्ट में अपील करने वाले पक्ष का कहना था कि संताल समाज की परंपरा के अनुसार बेटियों को सामान्य रूप से पिता की पैतृक संपत्ति में अधिकार नहीं मिलता है। उनका तर्क था कि बेटी को संपत्ति में हिस्सा केवल तभी मिल सकता है, जब उसकी शादी घरजमाई प्रथा के तहत हुई हो।

दरअसल, घरजमाई प्रथा में बेटी का पति उसके मायके में रहकर परिवार की जिम्मेदारी संभालता है। इस व्यवस्था में उसे परिवार के दत्तक पुत्र के समान माना जाता है। विरोधी पक्ष का कहना था कि चूंकि संबंधित महिला का विवाह इस व्यवस्था के तहत नहीं हुआ था, इसलिए उसे पूरी पैतृक संपत्ति का अधिकार नहीं मिलना चाहिए।

परंपरा साबित करने की जिम्मेदारी किसकी?

इस मामले में हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि जो पक्ष किसी प्रथा के आधार पर महिलाओं को संपत्ति के अधिकार से वंचित करना चाहता है, उसी की जिम्मेदारी है कि वह उस प्रथा को प्रमाणित करे।

अदालत के अनुसार, किसी परंपरा को कानूनी मान्यता देने के लिए उसका प्राचीन, निश्चित, उचित और लगातार प्रचलन में होना जरूरी है। केवल यह कह देना कि समाज में वर्षों से ऐसी परंपरा चली आ रही है, पर्याप्त नहीं है।

इस मामले में विरोधी पक्ष कथित परंपरा के समर्थन में ठोस सबूत पेश नहीं कर सका। दूसरी ओर, महिला की ओर से 13 गवाहों के बयान और राजस्व दस्तावेज पेश किए गए, जिनसे बेटियों को पैतृक संपत्ति मिलने के उदाहरण सामने आए। अदालत ने इन साक्ष्यों को महत्वपूर्ण माना।

संताल समाज की महिलाओं के संपत्ति अधिकार पर क्यों अहम है फैसला?

झारखंड में बड़ी संख्या में संताल आदिवासी परिवार रहते हैं। ऐसे में यह फैसला आदिवासी महिलाओं के संपत्ति अधिकार और प्रथागत कानूनों की कानूनी व्याख्या के लिहाज से महत्वपूर्ण है।

हालांकि, इस फैसले का मतलब यह नहीं है कि संताल समुदाय की हर बेटी को बिना किसी कानूनी प्रक्रिया या तथ्यात्मक जांच के हर मामले में अपने आप बराबर हिस्सा मिल जाएगा। हाईकोर्ट ने मुख्य रूप से यह स्पष्ट किया है कि बेटियों को संपत्ति से वंचित करने के लिए जिस परंपरा का हवाला दिया जा रहा है, उसे ठोस सबूतों से साबित करना होगा।

शेयर करें WhatsApp X Facebook

संबंधित खबरें