देश ब्रेकिंग
Punjab Election 2027: 6 साल बाद फिर साथ आए BJP-अकाली दल, अब 'आप' का क्या होगा?
पंजाब की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने छह साल बाद एक बार फिर हाथ मिला लिया है। दोनों दलों ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का औपचारिक ऐलान कर दिया है। मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन की घोषणा की।
अमित शाह ने अकाली दल की एनडीए में वापसी का स्वागत करते हुए कहा कि अकाली दल एनडीए का सबसे पुराना सहयोगी रहा है। उन्होंने इसे केवल राजनीतिक गठबंधन नहीं, बल्कि हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बताया। शाह के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस गठबंधन से काफी खुश हैं और उन्होंने खुद सुखबीर सिंह बादल को फोन कर बधाई दी है।
117 सीटों पर साथ लड़ेंगे दोनों दल
गठबंधन की सबसे अहम बात यह है कि भाजपा और अकाली दल पंजाब विधानसभा की सभी 117 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगे। अमित शाह ने स्पष्ट किया कि गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और अधिक सीटों पर चुनाव लड़ेगा। शाह ने यह भी कहा कि यदि एनडीए चुनाव जीतकर सरकार बनाती है तो मुख्यमंत्री अकाली दल से होगा। हालांकि, दोनों दलों के बीच सीटों का विस्तृत बंटवारा अभी अलग से स्पष्ट होना बाकी है।
2020 में क्यों टूटा था गठबंधन?
भाजपा और अकाली दल का रिश्ता काफी पुराना रहा है। दोनों दलों ने 1997 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले औपचारिक गठबंधन किया था। इसके बाद 2007 और 2012 में गठबंधन ने पंजाब में सरकार बनाई और लगातार दस साल तक सत्ता में रहा।
हालांकि, सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर दोनों दलों के बीच मतभेद बढ़ गए। किसान आंदोलन के दौरान अकाली दल ने इन कानूनों का विरोध करते हुए एनडीए से अलग होने का फैसला किया था। तत्कालीन केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद दोनों दलों ने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़े।
2022 के चुनाव में कैसा रहा था प्रदर्शन?
2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में कुल 117 सीटों में से आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस को 18, अकाली दल को 3 और भाजपा को महज 2 सीटें मिली थीं। दोनों पुराने सहयोगियों के अलग-अलग चुनाव लड़ने के बाद उनका प्रदर्शन कमजोर रहा था। अब छह साल बाद फिर साथ आने से राज्य की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना है।
पंजाब को नशामुक्त बनाने का दावा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने पंजाब में नशे की समस्या को भी प्रमुख मुद्दा बनाया। उन्होंने दावा किया कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार इस दिशा में ठोस योजना के साथ काम करेगी। शाह ने संकेत दिया कि गठबंधन जल्द ही अपना घोषणा पत्र भी जारी करेगा। इसमें पंजाब के विकास, किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी जा सकती है।
इस गठबंधन के ऐलान के बाद अब सबकी नजर 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव पर होगी। खास बात यह है कि पंजाब में फिलहाल आम आदमी पार्टी की सरकार है और कांग्रेस भी प्रमुख राजनीतिक दल है। ऐसे में भाजपा और अकाली दल की वापसी से चुनावी मुकाबले में एक नया गठबंधन सामने आ गया है।