JAC Board Exam : मैट्रिक-इंटर की परीक्षा 5 फरवरी से हो सकती है शुरू, नवंबर के अंत तक जारी होगी डेटशीट, 12 नवंबर से भरे जायेंगे परीक्षा फॉर्म
झारखंड में मैट्रिक और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा 2027 को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएं फरवरी 2027 के पहले सप्ताह से शुरू हो सकती हैं। माना जा रहा है कि 5 फरवरी से परीक्षा की शुरूआत हो सकती है।झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की ओर से दोनों परीक्षाओं के लिए 12 नवंबर से परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
5 फरवरी से शुरू हो सकती है मैट्रिक-इंटर की परीक्षा
मैट्रिक और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं को फरवरी महीने में ही पूरा कराने की तैयारी की जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि परीक्षाएं 5 फरवरी 2027 से शुरू होकर फरवरी के तीसरे सप्ताह तक चल सकती हैं। हालांकि, परीक्षा की अंतिम तारीखों को लेकर जैक की आधिकारिक डेटशीट का इंतजार करना होगा।
परीक्षा का शेड्यूल तैयार किया जा रहा है। उम्मीद है कि नवंबर महीने के आखिरी सप्ताह तक डेटशीट जारी कर दी जाएगी। इसके बाद विद्यार्थियों को परीक्षा की तारीख, समय और विषयों के अनुसार अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने में मदद मिलेगी।
परीक्षाओं का मूल्यांकन समय पर पूरा कराने की भी तैयारी है, ताकि अप्रैल 2027 के अंतिम सप्ताह तक मैट्रिक और इंटर के परिणाम जारी किए जा सकें।
7.50 लाख से अधिक विद्यार्थी होंगे शामिल
झारखंड में होने वाली मैट्रिक और इंटर की बोर्ड परीक्षा में इस बार साढ़े 7 लाख से अधिक विद्यार्थियों के शामिल होने का अनुमान है। मैट्रिक परीक्षा में करीब 4 लाख 30 हजार परीक्षार्थी शामिल हो सकते हैं। वहीं, इंटरमीडिएट के आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स तीनों संकायों को मिलाकर लगभग 3 लाख 30 हजार विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को देखते हुए परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, परीक्षा संचालन और अन्य जरूरी तैयारियां भी महत्वपूर्ण होंगी।
12 नवंबर से शुरू होगी परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया
झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने वर्ष 2027 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा के लिए आवेदन की तारीखें जारी कर दी हैं। इसके अनुसार, 12 नवंबर 2026 से परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू होगी। विद्यार्थी जैक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से एग्जामिनेशन फॉर्म भरकर जमा कर सकेंगे।
बिना विलंब शुल्क के आवेदन करने की अंतिम तारीख 26 नवंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद 27 नवंबर से 4 दिसंबर तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
विद्यार्थियों को आवेदन करते समय अपने नाम, जन्मतिथि, रजिस्ट्रेशन नंबर, विषय और अन्य शैक्षणिक जानकारियों की अच्छी तरह जांच करनी होगी। मैट्रिक के विद्यार्थियों की जानकारी कक्षा 9वीं की मार्कशीट के अनुसार और इंटर के विद्यार्थियों की जानकारी रजिस्ट्रेशन कार्ड के अनुसार होनी चाहिए। फोटो भी निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप लगाना होगा।
आठवीं, नौवीं और 11वीं की परीक्षा भी फरवरी में
मैट्रिक और इंटर के अलावा जैक की ओर से कक्षा आठवीं, नौवीं और 11वीं की परीक्षा भी फरवरी 2027 के अंतिम सप्ताह में आयोजित किए जाने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक, इन कक्षाओं की परीक्षाओं के लिए भी मैट्रिक और इंटर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
जैक की प्राथमिकता है कि आठवीं, नौवीं और 11वीं की अंतिम सेमेस्टर परीक्षाओं का परिणाम 31 मार्च 2027 से पहले जारी कर दिया जाए। इससे नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत समय पर करने में मदद मिलेगी।