बिहार ब्रेकिंग
जेल जाने से पहले बेटी की शादी करेंगे अनंत सिंह, 10 बीघा ज़मीन पर सजेगा पंडाल, विदेश से फूलों का ऑर्डर
बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह जेल जाने से पहले अपनी दूसरी बेटी की शादी धूमधाम से करेंगे। बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर पटना जिले के नदवां गांव में तैयारियां तेज हो गई हैं। 25 नवंबर 2026 को होने वाली इस शादी में मेहमानों के स्वागत के लिए भव्य इंतजाम किए जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 10 बीघा जमीन पर पंडाल और समारोह स्थल तैयार किया जा रहा है। विदेशी फूलों से सजावट के साथ घुड़सवारी से जुड़ा आयोजन भी आकर्षण का केंद्र हो सकता है। खास बात यह है कि दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक, अनंत सिंह को 1 दिसंबर 2026 तक आत्मसमर्पण करना होगा। ऐसे में बेटी की शादी से पहले उनके परिवार की तैयारियां चर्चा में हैं।
25 नवंबर को शिवांगी की शादी
मोकामा विधायक अनंत सिंह और नीलम देवी की बेटी शिवांगी सिंह की शादी पटना जिले के बिहटा क्षेत्र के निवासी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से तय हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ऋषिकेश के पिता रणविजय सिंह कमांडेंट हैं। बताया जा रहा है कि ऋषिकेश पिछले करीब 11 वर्षों से अमेरिका में रह रहे हैं और उन्होंने जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी, अटलांटा से एमबीए की पढ़ाई पूरी की है।

शिवांगी सिंह की शादी के कार्यक्रम कई दिनों तक चलेंगे। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 20 नवंबर को तिलक-फलदान की रस्म होगी। इसके बाद 23 नवंबर को हल्दी और 24 नवंबर को मेहंदी-संगीत का आयोजन प्रस्तावित है। 25 नवंबर की रात शिवांगी और ऋषिकेश विवाह के बंधन में बंधेंगे।
इसी दिन अनंत सिंह के बेटे अभिनव कुमार का जनेऊ संस्कार यानी उपनयन संस्कार भी आयोजित किया जायेगा। इस तरह परिवार में बेटी की शादी और बेटे के जनेऊ संस्कार का कार्यक्रम एक ही दिन होने जा रहा है।
10 बीघा ज़मीन पर सजेगा भव्य पंडाल
शादी समारोह को लेकर परिवार की ओर से बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। नदवां गांव में लगभग 10 बीघा जमीन पर पंडाल बनाने और मेहमानों के लिए व्यवस्था करने की जानकारी सामने आई है। समारोह में बिहार के अलावा देश के दूसरे राज्यों से भी मेहमानों के पहुंचने की संभावना है। उनके स्वागत के लिए विदेशी फूल मंगाने का ऑर्डर दिए गये हैं।

शादी समारोह में घुड़सवारी से जुड़ा कार्यक्रम भी आयोजित किए जाने की खबर है। इसके लिए मैदान तैयार करने और देश के विभिन्न हिस्सों से घुड़सवारों को बुलाया जायेगा।
अनंत सिंह का परिवार
अनंत सिंह और नीलम देवी की दो बेटियां और तीन बेटे हैं। बड़ी बेटी का नाम राजनंदिनी सिंह और छोटी बेटी का नाम शिवांगी सिंह है। उनके तीन बेटों के नाम अंकित, अभिषेक और अभिनव हैं। बड़ी बेटी राजनंदिनी की शादी लखीसराय में हुई है। राजनंदिनी का ब्याह लखीसराय के प्रतापपुर निवासी कुमार पुनीत से हुई है। वे केंद्रीय सेवा में अधिकारी हैं।
दुलारचंद यादव हत्याकांड में 1 दिसंबर तक सरेंडर का आदेश
जेल जाने से पहले अनंत सिंह अपनी बेटी के हाथ पीले कर देना चाहते हैं। दरअसल, पिछले साल 30 अक्टूबर 2025 को बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान मोकामा क्षेत्र में दुलारचंद यादव की हत्या हुई थी। उस समय वे जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे थे। दुलारचंद की हत्या का आरोप अनंत सिंह के मत्थे आया। वे इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी हैं। इन आरोपों के बिनाह पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, जेल में रहते हुए भी उन्होंने अपनी पारंपरिक सीट मोकामा से विधायिकी जीत ली थी।

इसी साल मार्च 2026 में पटना हाईकोर्ट ने अनंत सिंह को ज़मानत दी थी। इस फैसले को दुलारचंद यादव के पोते नीरज कुमार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। हत्याकांड के ठीक एक साल के बाद 30 अक्टूबर 2026 को शीर्ष अदालत ने मामले की सुनवाई के दौरान अनंत सिंह को 1 दिसंबर तक आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया। अनंत सिंह ने भी अदालत के आदेश का पालन करने की बात कही है। वह सरेंडर करने को तैयार हैं।
अनंत सिंह को एक के बाद एक बड़े झटके

दरअसल, अनंत सिंह ने विधान परिषद चुनाव के दौरान जनसुराज प्रत्याशी डॉ अनुज सिंह का खुलकर समर्थन और अपनी पार्टी जदयू के प्रत्याशी नीरज कुमार का विरोध किया था। अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी को कई समितियों से बाहर कर दिया गया है। इसके साथ ही उनका उप मंत्री का दर्जा भी समाप्त हो गया। बिहार सरकार ने नीलम देवी को पटना स्थित सरकारी आवास खाली करने का नोटिस दिया है।