देश ब्रेकिंग
चक्रवात ‘अकवान’ का देश के कई राज्यों में दिखेगा असर, आंध्र-ओडिशा में सबसे ज्यादा खतरा; झारखंड-बंगाल में भी भारी बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ अब गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। इसका असर देश के कई पूर्वी और मध्य हिस्सों में भी देखने को मिलेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, तूफान 20 नवंबर को उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट के बीच पहुंच सकता है। इस दौरान समुद्र में ऊंची लहरें उठने, तेज हवाएं चलने और कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में सबसे ज्यादा सतर्कता बरती जा रही है।
मौसम विभाग के 18 नवंबर के बुलेटिन के अनुसार, तूफान फिलहाल पश्चिम-मध्य और दक्षिण बंगाल की खाड़ी के आसपास सक्रिय है। इसके तट पर पहुंचने के समय 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
आंध्र प्रदेश में सबसे ज्यादा खतरा, तटीय इलाकों में भारी बारिश की आशंका
चक्रवात का सीधा असर आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 19 और 20 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। कुछ स्थानों पर बेहद भारी बारिश भी हो सकती है। इसके साथ ही 19 नवंबर से तट के आसपास हवा की रफ्तार बढ़ने का अनुमान है।
पश्चिम गोदावरी, कोनसीमा, काकीनाडा, विजयनगरम, श्रीकाकुलम और विशाखापत्तनम जैसे तटीय जिलों के निचले इलाकों में समुद्र का पानी घुसने का खतरा है। मौसम विभाग ने तूफान के तट से गुजरने के दौरान समुद्र में उठने वाली लहरों के कारण जलभराव की आशंका जताई है। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
ओडिशा में स्कूल-कॉलेज बंद, समुद्र तटों पर गतिविधियों पर रोक
ओडिशा में चक्रवात को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। मलकानगिरि जिले में 19 और 20 नवंबर को सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने का आदेश दिया गया है। जिले की शराब दुकानों को भी दो दिनों तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है।
विशेष राहत आयुक्त ने पर्यटन और परिवहन विभाग को समुद्र तटों पर घूमने-फिरने और समुद्री गतिविधियों को रोकने के निर्देश दिए हैं। मौसम सामान्य होने तक वाटर स्पोर्ट्स और प्लेजर क्रूज पर रोक लगाने को कहा गया है। प्रशासन ने राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर निगरानी बढ़ाने, रात में गश्त करने और जरूरत पड़ने पर क्रेन, रिकवरी वैन तथा पेड़ काटने वाली टीमों को तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग ने दक्षिण ओडिशा में 19 और 20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की आशंका जताई है। उत्तर ओडिशा में भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। गंजाम, खुर्दा और पुरी के निचले तटीय इलाकों में समुद्री पानी भरने का खतरा है।
तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में भी बदलेगा मौसम
चक्रवात का असर आंध्र प्रदेश और ओडिशा से आगे भी पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 नवंबर को पूर्वी तेलंगाना में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 20 और 21 नवंबर को छत्तीसगढ़ में भी कई जगह बारिश होने और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। इन इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है।
झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी बारिश का अनुमान
चक्रवात के प्रभाव से झारखंड और पश्चिम बंगाल के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने झारखंड में 20 और 21 नवंबर को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। 20 नवंबर को राज्य के कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में 19 से 21 नवंबर तक बारिश का अनुमान है। 20 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। वहीं, बिहार में 21 और 22 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटीय इलाकों में भी सतर्कता
तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों पर भी चक्रवात के कारण समुद्र की स्थिति खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 और 20 नवंबर को तटीय इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं। समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका को देखते हुए मछुआरों और समुद्री गतिविधियों से जुड़े लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। हालांकि, इन राज्यों में चक्रवात के सीधे तट से टकराने का अनुमान नहीं है।
मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह, प्रशासन अलर्ट
मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने को कहा गया है। तेज हवा के कारण पेड़ गिरने, बिजली और संचार व्यवस्था प्रभावित होने, सड़कों पर जलभराव और निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने का खतरा है।
प्रशासन को राहत और बचाव दल तैयार रखने, जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और बिजली-पानी जैसी जरूरी सेवाओं की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल चक्रवात का सबसे अधिक खतरा आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में है, लेकिन इसके प्रभाव से झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना सहित कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।