झारखंड के सरकारी स्कूलों में 14 दिसंबर से अर्द्धवार्षिक परीक्षा, 9 जनवरी तक आएगा रिजल्ट
झारखंड के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए जरूरी खबर है। राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा की तारीख घोषित कर दी गई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए यह परीक्षा 14 दिसंबर से शुरू होकर 16 दिसंबर तक चलेगी। झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (JCERT) ने परीक्षा का कार्यक्रम और इससे जुड़े दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। खास बात यह है कि कक्षा 1 और 2 के बच्चों को लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी, बल्कि उनकी परीक्षा मौखिक रूप से ली जाएगी। वहीं, कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थियों को लिखित परीक्षा में शामिल होना होगा।
सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में होगी परीक्षा
JCERT की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, अर्द्धवार्षिक परीक्षा राज्य के सभी सरकारी और गैर-सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में आयोजित की जाएगी। इसमें अल्पसंख्यक स्कूलों के साथ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV), झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय और मॉडल स्कूल भी शामिल हैं। यानी इन संस्थानों में पढ़ने वाले कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को भी निर्धारित तारीखों पर परीक्षा देनी होगी।
दो पालियों में होगी परीक्षा, बच्चों को मिलेगा मिड डे मील
परीक्षा के लिए दो पालियों का समय निर्धारित किया गया है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। वहीं, दूसरी पाली दोपहर 12:30 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित होगी। दोनों पालियों के बीच आधे घंटे का अंतराल रखा गया है। इस दौरान स्कूलों में बच्चों को मध्याह्न भोजन यानी मिड डे मील दिया जाएगा। स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि परीक्षा का संचालन तय समय के अनुसार किया जाए और विद्यार्थियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड भी रखा जाए।
किस दिन किस विषय की होगी परीक्षा?
14 दिसंबर को पहली पाली में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की अंग्रेजी की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों के लिए बांग्ला, उड़िया और अन्य जनजातीय भाषाओं की परीक्षा होगी। इसी पाली में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों की सामाजिक विज्ञान की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
15 दिसंबर को पहली पाली में हिंदी की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को विज्ञान का पेपर देना होगा। वहीं, 16 दिसंबर को पहली पाली में सभी कक्षाओं के लिए गणित की परीक्षा निर्धारित की गई है। दूसरी पाली में कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों की पर्यावरण अध्ययन (EVS) की परीक्षा होगी। इसी दौरान कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों की संस्कृत, उर्दू, बांग्ला, उड़िया और अन्य जनजातीय भाषाओं की परीक्षा ली जाएगी। संथाली, हो, खड़िया, मुंडारी और कुड़ुख जैसी जनजातीय भाषाओं के प्रश्नपत्र स्कूल स्तर पर तैयार किए जाएंगे।
कक्षा 1 और 2 की परीक्षा होगी मौखिक
परीक्षा के पैटर्न में छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखा गया है। कक्षा 1 और 2 में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की परीक्षा मौखिक रूप से ली जाएगी। वहीं, कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थियों को लिखित परीक्षा देनी होगी। लिखित प्रश्नपत्र में वस्तुनिष्ठ, अति लघु उत्तरीय, लघु उत्तरीय और दीर्घ उत्तरीय प्रश्न शामिल होंगे। विद्यार्थियों को प्रिंटेड प्रश्नपत्र-सह-उत्तरपुस्तिका दी जाएगी, जिसमें उन्हें निर्धारित स्थान पर अपने जवाब लिखने होंगे।
60 अंक की परीक्षा और 40 अंक का आंतरिक मूल्यांकन
अर्द्धवार्षिक परीक्षा में लिखित और आंतरिक मूल्यांकन दोनों के अंक जोड़े जाएंगे। कक्षा 3 से 5 तक प्रत्येक विषय के लिए 60 अंक की परीक्षा होगी। वहीं, कक्षा 6 से 8 तक गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान में 50 अंक की लिखित परीक्षा और 10 अंक का प्रोजेक्ट कार्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावा 40 अंक आंतरिक मूल्यांकन के होंगे। इसके लिए मई से सितंबर 2026 के बीच हुई मासिक जांच परीक्षाओं के औसत अंकों को आधार बनाया जाएगा। इस तरह विद्यार्थियों का परिणाम केवल दिसंबर की परीक्षा पर निर्भर नहीं करेगा, बल्कि पूरे सत्र के मूल्यांकन को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
18 दिसंबर से कॉपियों की जांच, 9 जनवरी तक आएगा रिजल्ट
अर्द्धवार्षिक परीक्षा समाप्त होने के बाद 18 दिसंबर से 24 दिसंबर 2026 तक स्कूल स्तर पर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। यह काम प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी और संबंधित शिक्षा अधिकारियों की निगरानी में पूरा होगा। JCERT ने सभी स्कूलों को 9 जनवरी 2027 तक परीक्षा परिणाम घोषित करने का निर्देश दिया है। इसके बाद 10 जनवरी तक विद्यार्थियों के अंक ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। रिपोर्ट कार्ड अभिभावकों की मौजूदगी में आयोजित बैठक के दौरान विद्यार्थियों को दिया जाएगा।
गौरतलब है कि झारखंड में शैक्षणिक सत्र अप्रैल 2026 में शुरू हुआ था और अर्द्धवार्षिक परीक्षा सितंबर में आयोजित होने की उम्मीद थी। लेकिन अब यह परीक्षा दिसंबर में कराई जा रही है। इस देरी के कारण विद्यार्थियों को वार्षिक परीक्षा की तैयारी के लिए अपेक्षाकृत कम समय मिल सकता है।