JAC Board Exam 2027: जैक मैट्रिक-इंटर परीक्षा फॉर्म आज से शुरू, फीस में 120 रुपये तक की बढ़ोतरी, जानें पूरी डिटेल
झारखंड में मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए जरूरी खबर है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की ओर से आज यानी 12 नवंबर से 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। विद्यार्थी बिना विलंब शुल्क के 26 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। वहीं, निर्धारित समय में फॉर्म नहीं भर पाने वाले विद्यार्थियों को विलंब शुल्क के साथ 4 दिसंबर तक आवेदन करने का मौका मिलेगा।
इस बार परीक्षा फॉर्म भरने के साथ विद्यार्थियों को एक और झटका लगा है। जैक ने मैट्रिक और इंटर परीक्षा 2027 के लिए परीक्षा शुल्क की नई दरें जारी की हैं। नई दरों के अनुसार, अलग-अलग श्रेणियों के विद्यार्थियों के परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी की गयी है।
26 नवंबर तक बिना लेट फाइन भरें फॉर्म
जैक की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए आवेदन की प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू होगी। विद्यार्थी 26 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क के परीक्षा फॉर्म जमा कर सकेंगे। इसके बाद 27 नवंबर से 4 दिसंबर तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन स्वीकार किये जायेंगे।
सामान्य शुल्क के साथ आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के लिए शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 26 नवंबर निर्धारित की गयी है। वहीं, विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को 4 दिसंबर तक शुल्क जमा करना होगा।
परीक्षा फॉर्म जैक की आधिकारिक वेबसाइट www.jac.jharkhand.gov.in के माध्यम से उपलब्ध होंगे। नियमित विद्यार्थियों को अपने संबंधित स्कूल और इंटरमीडिएट कॉलेज के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
मैट्रिक परीक्षा की फीस कितनी है?
जैक की ओर से जारी नयी शुल्क सूची के अनुसार, मैट्रिक परीक्षा में सामान्य वर्ग और ईडब्ल्यूएस के नियमित छात्र को 1,300 रुपये देने होंगे। वहीं, एससी, एसटी और बीसी-1 व बीसी-2 वर्ग के नियमित छात्रों के लिए परीक्षा शुल्क 1,100 रुपये निर्धारित किया गया है।
छात्राओं के लिए नियमित मैट्रिक परीक्षा का शुल्क 1,100 रुपये रखा गया है। वहीं, निजी और कुछ अन्य श्रेणियों के विद्यार्थियों के लिए यह राशि 1,300 रुपये तक है। विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने पर सभी निर्धारित शुल्क में 500 रुपये अतिरिक्त जुड़ेंगे। इस तरह मैट्रिक का शुल्क श्रेणी के अनुसार 1,600 से 1,800 रुपये तक हो सकता है।
इंटर परीक्षा के लिए कितनी देनी होगी फीस?
इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए सामान्य वर्ग और ईडब्ल्यूएस के नियमित छात्रों को 1,520 रुपये देने होंगे। एससी, एसटी, बीसी-1 और बीसी-2 वर्ग के पात्र नियमित छात्रों के लिए यह शुल्क 1,220 रुपये निर्धारित किया गया है।
नियमित छात्राओं को 1,220 रुपये देने होंगे, जबकि निजी छात्राओं और अन्य निर्धारित श्रेणियों के लिए शुल्क 1,520 रुपये है। विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने पर 500 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। इस तरह इंटर परीक्षा का शुल्क 1,720 से 2,020 रुपये तक पहुंच सकता है।
लगातार दूसरी बार बढ़ी परीक्षा फीस
जैक ने इस बार भी मैट्रिक और इंटर परीक्षा के शुल्क में बदलाव किया है। रिपोर्ट के अनुसार, कुछ श्रेणियों में अधिकतम 120 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले पिछले वर्ष भी परीक्षा और रजिस्ट्रेशन समेत विभिन्न शुल्कों में बढ़ोतरी की गयी थी। पिछले साल 30-32 फीसदी तक फीस में इज़ाफा देखा गया था। दोनों वर्षों को मिलाकर इस बार 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। इस बार भी नयी शुल्क दरें लागू होने से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
फरवरी में हो सकती है बोर्ड परीक्षा
मैट्रिक और इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षाएं फरवरी 2027 के पहले सप्ताह में शुरू होने की संभावना जतायी जा रही है। हालांकि, जैक की ओर से अभी तक परीक्षा की आधिकारिक तारीख और विस्तृत डेटशीट जारी नहीं की गयी है। विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा फॉर्म समय पर भरें और आगे की जानकारी के लिए जैक की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाये रखें।