झारखंड

Amba Prasad News: अंबा प्रसाद के समर्थन में उतरी कांग्रेस, टेंट में पहुंचे के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष, लिट्टी-चोखा के बीच क्या बातचीत हुई?

अंबा प्रसाद से मिलने पहुंचे कांग्रेसी नेता
अंबा प्रसाद से मिलने पहुंचे कांग्रेसी नेता

झारखंड की राजनीति में बड़कागांव की पूर्व विधायक और कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद के सरकारी आवास का मामला लगातार चर्चा में है। सरकारी आवास खाली कराकर सील किये जाने के बाद अब कांग्रेस का प्रदेश नेतृत्व भी उनके समर्थन में सामने आ गया है। बुधवार यानी 11 नवंबर को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रमा खलखो अंबा प्रसाद से मिलने पहुंचे। नेताओं ने सील किये गये सरकारी आवास के बाहर लगे टेंट में उनसे मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी ली।

इस मुलाकात के दौरान एक खास नजारा भी देखने को मिला। अंबा प्रसाद ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए टेंट में ही लिट्टी-चोखा का नाश्ता तैयार कराया। नेताओं ने टेंट में बैठकर नाश्ता किया और उनके साथ राजनीतिक चर्चा भी की।

सरकारी आवास खाली कराकर किया गया सील

दरअसल, बड़कागांव से विधायक रहने के दौरान अंबा प्रसाद को रांची के धुर्वा स्थित एचईसी परिसर के सेक्टर-3 में सरकारी आवास एफ-44 आवंटित किया गया था। विधानसभा के नये आवासीय परिसर में विधायकों के लिए व्यवस्था होने के बाद पुराने आवासों का आवंटन दूसरे अधिकारियों को किया जा रहा है।

इसी क्रम में अंबा प्रसाद को आवंटित सरकारी आवास एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी क्रांति कुमार गडिदेशी को आवंटित किया गया। इसके बाद भवन निर्माण विभाग की टीम ने 7 नवंबर को मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की मौजूदगी में आवास खाली कराने की कार्रवाई की। घर में रखा सामान बाहर निकालने के बाद आवास को सील कर दिया गया।

आवास के बाहर टेंट लगाकर विरोध कर रहीं अंबा

सरकारी आवास खाली कराये जाने के बाद अंबा प्रसाद ने इसके बाहर ही टेंट लगाकर विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना है कि उनके साथ भेदभावपूर्ण कार्रवाई की गयी है। उन्होंने अन्य पूर्व विधायकों के सरकारी आवास में रहने का हवाला देते हुए इस कार्रवाई पर सवाल उठाये हैं।

इस पूरे मामले में एक और दिलचस्प पहलू है। आवास खाली कराये जाने के बावजूद अंबा प्रसाद का घोड़ा अभी भी उसी आवासीय परिसर में मौजूद है। इस वजह से भी आवास का मामला चर्चा में बना हुआ है।

मुख्यमंत्री के सामने मामला उठाएगी कांग्रेस

अंबा प्रसाद से मुलाकात के बाद कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के. राजू ने इस मामले को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सामने उठाने की बात कही है। कांग्रेस नेताओं ने आवास खाली कराने की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मामले में हस्तक्षेप की बात कही है।

प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और महिला कांग्रेस अध्यक्ष का एक साथ अंबा प्रसाद के धरनास्थल पर पहुंचना यह दिखाता है कि पार्टी का प्रदेश नेतृत्व इस मामले को संगठन के स्तर पर उठा रहा है।

अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री के सामने मामला उठाये जाने के बाद इस विवाद में क्या नया मोड़ आता है और अंबा प्रसाद के सरकारी आवास को लेकर सरकार की ओर से क्या रुख अपनाया जाता है। फिलहाल, धुर्वा स्थित सरकारी आवास के बाहर लगा टेंट झारखंड की सियासत में चर्चा का विषय बना हुआ है।

शेयर करें WhatsApp X Facebook

संबंधित खबरें