झारखंड रांची झारखंड

सावधान! झारखंड में चक्रवाती तूफान का अलर्ट: 27 से 30 अक्टूबर तक भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

झारखंड मौसम
झारखंड मौसम

झारखंड में मौसम का मिज़ाज एक बार फिर से बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य में चक्रवाती तूफान का खतरा जताते हुए 27 अक्टूबर से 30 अक्टूबर के बीच भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कुछ जिलों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिसे लेकर लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

27 अक्टूबर को इन जिलों में रहेगा येलो अलर्ट

चक्रवाती तूफान और बारिश के इस दौर की शुरुआत 27 अक्टूबर से होगी। मौसम विभाग के अनुसार इस दिन गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, रांची, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन सभी इलाकों में मेघगर्जन के साथ आंधी और बारिश की आशंका जताई गई है, जहां हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रह सकती है।

28 और 29 अक्टूबर को दिखेगा सबसे ज्यादा असर

चक्रवाती तूफान का सबसे भयानक और व्यापक असर 28 और 29 अक्टूबर को देखने को मिलेगा। 28 अक्टूबर को गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, चतरा, हजारीबाग, रांची, बोकारो, रामगढ़, गुमला, कोडरमा, खूंटी, सिमडेगा, सरायकेला-खरसांवा और दोनों सिंहभूम जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भारी बारिश के साथ तूफानी हवाएं अपना विकराल रूप दिखा सकती हैं, जिनकी रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। वहीं दूसरी ओर, इसी दिन गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, धनबाद और गिरिडीह में येलो अलर्ट रहेगा, जहां मौसम की स्थिति थोड़ी बेहतर रहने की उम्मीद है। इसके बाद 29 अक्टूबर को रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, दोनों सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में येलो अलर्ट रहेगा, जहां 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलने के साथ बारिश हो सकती है।

30 अक्टूबर को भी जारी रहेगा बारिश का सिलसिला

चक्रवाती तूफान का असर महीने के आखिरी दिनों यानी 30 अक्टूबर को भी कई जगहों पर बना रहेगा। इस दिन रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़ और तीनों सिंहभूम-सरायकेला के क्षेत्रों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन तमाम जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग की खास सलाह और सावधानी

मौसम विभाग की चेतावनियों को देखते हुए राज्यवासियों को बहुत सतर्क रहने की जरूरत है। इस दौरान खराब मौसम के बीच पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे बिल्कुल न खड़े हों और यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें। किसानों और आम नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे इस आपदा से बचने के लिए पूरी तरह से सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।

चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का दिखेगा असर   

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान 'अर्नब' (Cyclone Arnab) के प्रभाव से ही मौसम में यह बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। यह तूफान तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस चक्रवात के तट से टकराने के बाद इसके प्रभाव से झारखंड सहित कई पड़ोसी राज्यों के मौसम में भारी उलटफेर देखने को मिल रहा है। चूंकि यह सिस्टम काफी शक्तिशाली है, इसलिए इसके दूरगामी असर के रूप में ही झारखंड के विभिन्न जिलों में 27 से 30 अक्टूबर के बीच तेज आंधी, वज्रपात और भारी बारिश का यह दौर देखने को मिलने वाला है। समुद्र में तटीय इलाकों (विशेषकर आंध्र प्रदेश और ओडिशा) में इसे लेकर पहले ही हाई अलर्ट जारी किया गया है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है।

शेयर करें WhatsApp X Facebook

संबंधित खबरें