झारखंड झारखंड

पीएम मोदी के पिता पर खरगे की अभद्र टिप्पणी का झारखंड में विरोध, BJP करेगी कांग्रेस कार्यालय का घेराव करेगी

मल्लिकार्जुन खरगे, पीएम मोदी
मल्लिकार्जुन खरगे, पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी पर देश भर के साथ-साथ झारखंड में भी राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। इस बयान के विरोध में सोमवार, 26 अक्टूबर को प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से रांची स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय के घेराव का व्यापक ऐलान किया गया है। दोपहर 2 बजे आयोजित इस घेराव कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। इसके अलावा पार्टी की तीन जिला इकाइयां भी संयुक्त रूप से इसमें शामिल होंगी।

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा विवाद बिहार की राजधानी पटना में आयोजित एक कार्यक्रम से शुरू हुआ। वहां बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्री कृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर एक समारोह आयोजित किया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के मुताबिक, मंच से भाषण देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों, महंगाई और चुनाव प्रक्रियाओं की कड़ा प्रहार कर रहे थे। उसी दौरान जनसभा में मौजूद एक व्यक्ति ने बीच में टोकते हुए कहा कि "मोदी नहीं जाएगा।" इस पर खरगे ने पलटकर जवाब दिया. खरगे ने मंच से ही कहा, "मोदी का बाप भी जाएगा।" खरगे के इस बयान के तुरंत बाद हंगामा शुरू हो गया।

भाजपा का हमला: राजनीतिक मर्यादा लांघ रही कांग्रेस

भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष के इस बयान को बेहद आपत्तिजनक और प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता का अपमान माना है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि देश भर में मिल रही लगातार चुनावी हार से उपजी हताशा और बौखलाहट में कांग्रेस पार्टी अपनी तमाम राजनीतिक और नैतिक मर्यादाएं लांघ रही है। भाजपा नेताओं का कहना है कि किसी नेता के दिवंगत पिता को राजनीति में घसीटना भारतीय संस्कृति और लोकतांत्रिक गरिमा के खिलाफ है। 

कांग्रेस का बचाव: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर था निशाना

दूसरी ओर, विवाद बढ़ता देख कांग्रेस ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयान का बचाव किया है। कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने सफाई देते हुए कहा कि पटना के कार्यक्रम में जब खरगे भाषण दे रहे थे, तब एक भाजपा समर्थक ने विघ्न डालते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। भाजपा कार्यकर्ता ने यह कहकर उनके पिता का अपमान किया कि आपके बाप भी आ जाएं, तो भी मोदी नहीं जाएगा। इसके बाद खरगे ने मोदी के वैचारिक मार्गदर्शक यानी RSS का ज़िक्र करते हुए कहा कि “सिर्फ मोदी ही नहीं जाएंगे, RSS भी जाएगा.“

कांग्रेस का कहना है कि खरगे का इशारा पीएम मोदी के पिता की ओर नहीं, बल्कि उनके वैचारिक मार्गदर्शक यानी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तरफ था। पवन खेड़ा के अनुसार, खरगे के कहने का अर्थ यह था कि केवल मोदी ही नहीं, बल्कि RSS की विचारधारा भी सत्ता से बाहर जाएगी।

रांची में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

भाजपा द्वारा दोपहर 2 बजे प्रस्तावित घेराव कार्यक्रम को देखते हुए रांची में सुरक्षा व्यवस्था चुस्त कर दी गई है। कांग्रेस प्रदेश कार्यालय के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना या दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच टकराव को रोका जा सके।

शेयर करें WhatsApp X Facebook

संबंधित खबरें