झारखंड रांची झारखंड ब्रेकिंग

छात्रों की बल्ले बल्ले, रांची में 28 से 30 अक्टूबर तक सभी स्कूल बंद, चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के मद्देनज़र लिया गया फैसला

रांची के सभी स्कूल 28 से 30 अक्टूबर तक बंद रहेंगे
रांची के सभी स्कूल 28 से 30 अक्टूबर तक बंद रहेंगे
मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश और चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ की चेतावनी को देखते हुए रांची जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। जिला प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रांची जिले में 28 से 30 अक्टूबर तक कक्षाओं में पठन-पाठन का कार्य स्थगित रहेगा।

राज्य में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के पूर्वानुमान के अनुसार झारखंड के कई जिलों में आगामी 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं चलने की आशंका व्यक्त की गई है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची जिले को ऑरेंज जोन की श्रेणी में रखा गया है। आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा-34 के तहत जिला प्रशासन ने किसी भी संभावित खतरे से निपटने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया है।

LKG से 12वीं तक की पढ़ाई स्थगित


प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार रांची जिला अंतर्गत आने वाले सभी प्रकार के सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और सभी निजी विद्यालयों में कक्षा एलकेजी से लेकर 12वीं तक की सभी नियमित कक्षाएं 28 से 30 अक्टूबर तक स्थगित रहेंगी। हालांकि, जिन निजी स्कूलों में पहले से परीक्षाएं निर्धारित हैं, वे स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर परीक्षा आयोजित करने या स्थगित करने का फैसला ले सकते हैं। ऐसी स्थिति में स्कूल प्रबंधन को जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय को सूचना देना अनिवार्य होगा।

शिक्षकों की उपस्थिति और गैर-शैक्षणिक कार्य जारी रहेंगे


कक्षाएं भले ही स्थगित की गई हों, लेकिन सभी कोटि के सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के शिक्षकों तथा शिक्षिकाओं को निर्धारित तिथियों पर विद्यालय में उपस्थित रहना होगा। शिक्षक इस दौरान अपने विद्यालयों में उपस्थित होकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का संपादन करेंगे। इसके साथ ही सभी सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों को ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर अपनी उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य किया गया है।

खराब मौसम को लेकर प्रशासन की अपील 


खराब मौसम को ध्यान में रखते हुए रांची जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधनों, शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं को सतर्कता बरतने की सलाह दी है। लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान दें और सरकारी निर्देशों का पालन करें। किसी भी जन शिकायत या आपात स्थिति के लिए रांची जिला प्रशासन ने अपना आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर (अबुआ साथी - 9430328080) भी जारी किया है, जिस पर संपर्क किया जा सकता है।
शेयर करें WhatsApp X Facebook

संबंधित खबरें