Bihar Politics : बिहार की 'लेडी सिंघम' काम्या मिश्रा की होगी राजनीति में एंट्री? JDU अध्यक्ष से मुलाकात की तस्वीर वायरल
Bihar Politics : बिहार की राजनीति में एक नए चेहरे की एंट्री को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इस बार चर्चा किसी नेता या राजनीतिक परिवार से जुड़े चेहरे की नहीं, बल्कि बिहार में अपनी पुलिसिंग के अंदाज से पहचान बनाने वाली पूर्व IPS अधिकारी काम्या मिश्रा की है। 'लेडी सिंघम' के नाम से चर्चित काम्या मिश्रा की जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा से मुलाकात के बाद उनके राजनीति में आने की अटकलें तेज हो गई हैं। सवाल उठ रहा है कि क्या पुलिस सेवा छोड़ने के बाद अब काम्या मिश्रा बिहार की राजनीति में नई पारी शुरू करने जा रही हैं?
संजय झा से मुलाकात ने बढ़ाई सियासी चर्चा
दरअसल, शुक्रवार को पूर्व IPS अधिकारी काम्या मिश्रा पटना स्थित संजय झा के आवास पहुंचीं। इस मुलाकात की तस्वीर दोनों ने अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की। काम्या मिश्रा ने तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि बिहार को राष्ट्रीय मुख्यधारा में मजबूत पहचान दिलाने के लिए संजय झा के प्रयास प्रेरणादायी हैं।

वहीं, संजय झा ने भी इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया और कहा कि काम्या मिश्रा ने उनसे मिलकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। हालांकि, तस्वीर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई कि क्या काम्या मिश्रा जल्द ही नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड का हिस्सा बन सकती हैं।
फिलहाल न तो काम्या मिश्रा ने जेडीयू में शामिल होने की घोषणा की है और न ही पार्टी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी दी गई है।
कौन हैं काम्या मिश्रा?
काम्या मिश्रा 2019 बैच की IPS अधिकारी रह चुकी हैं। मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली काम्या ने महज 22 साल की उम्र में UPSC सिविल सेवा परीक्षा पास की थी। उन्होंने परीक्षा में 172वीं रैंक हासिल की थी। बिहार में पुलिस सेवा के दौरान उन्होंने अपनी तेजतर्रार कार्यशैली से अलग पहचान बनाई।

दरभंगा में ग्रामीण एसपी रहते हुए वह उस समय सुर्खियों में आईं, जब VIP प्रमुख मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी हत्याकांड की जांच में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस मामले की जांच और खुलासे के बाद उन्हें व्यापक पहचान मिली। इसी पुलिसिंग शैली के कारण उन्हें 'लेडी सिंघम' कहा जाने लगा।
IPS की नौकरी छोड़ चुकी हैं काम्या मिश्रा
काम्या मिश्रा ने अगस्त 2024 में IPS सेवा से इस्तीफा दिया था। उनका इस्तीफा मार्च 2025 में स्वीकार किया गया। उन्होंने पारिवारिक जिम्मेदारियों को इस्तीफे की वजह बताया था। पुलिस सेवा छोड़ने के बाद वह अपने पारिवारिक कारोबार से जुड़ गईं। फिलहाल वह जीएम आयरन एंड स्टील कंपनी में निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
उनके पति अवधेश दीक्षित भी 2019 बैच के IPS अधिकारी हैं और बिहार पुलिस में कार्यरत हैं।
क्या जेडीयू से शुरू होगी राजनीतिक पारी?
काम्या मिश्रा की प्रशासनिक पृष्ठभूमि, बिहार से उनका जुड़ाव और संजय झा के साथ हालिया मुलाकात ने उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले भी उन्होंने राजनीति और नीतिगत बदलाव में अच्छे और शिक्षित लोगों की भागीदारी को लेकर अपनी राय रखी थी।
अब सवाल यह है कि क्या काम्या मिश्रा वाकई सक्रिय राजनीति में कदम रखेंगी? क्या उनकी शुरुआत जेडीयू के साथ होगी या फिर वह किसी दूसरे रास्ते का चुनाव करेंगी? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं। इतना जरूर है कि संजय झा से मुलाकात के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में काम्या मिश्रा को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।