JPSC अध्यक्ष-सदस्यों की नियुक्ति पर जल्द आ सकता है फैसला, 27 अक्टूबर को होगी कैबिनेट बैठक
आगामी 27 अक्टूबर को झारखंड कैबिनेट की मीटिंग होगी. ये बैठक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित होगी, जहां जेपीएससी के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति को लेकर फैसला आ सकता है. बैठक को लेकर सभी विभागों के प्रमुखों और मंत्रियों को सूचना दे दी गयी है. प्रोजेक्ट भवन सचिवालय स्थित मंत्रालय भवन में यह बैठक 27 अक्टूबर की दोपहर 3 बजे से निर्धारित की गयी है. कैबिनेट बैठक के लिये तीन दर्जन से अधिक प्रस्ताव सीएमओ भेजे जा सकते हैं. सीएमओ से स्वीकृति मिलने के बाद इन प्रस्तावों पर कैबिनेट की बैठक में चर्चा होगी. प्रमुख प्रस्तावों में विधानसभा का शीतकालीन सत्र, सचिवालय कर्मियों के लिये संशोधित नियमावली इत्यादि प्रमुख हैं. बता दें, इससे पहले प्रस्तावित कैबिनेट बैठक दो बार टल चुकी है. पहली बार मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी के निधन के कारण और दूसरी बार सीएम हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के बीमार होने की वजह से बैठकें पोस्टपोन कर दी गयी थीं.