झारखंड झारखंड

रांची के इन प्रमुख धरनास्थलों में प्रदर्शन करने पर लगी रोक, नियम का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

रांची के प्रमुख धरनास्थलों में प्रदर्शन पर रोक
रांची के प्रमुख धरनास्थलों में प्रदर्शन पर रोक

झारखंड की राजधानी रांची में जिला प्रशासन ने धरना-प्रदर्शनों को लेकर कड़ा कदम उठाया है। शहर के सभी प्रमुख प्रशासनिक केंद्रों, सरकारी कार्यालयों और वीवीआईपी परिसरों के आसपास के निश्चित दायरे को अब 'प्रतिबंधित क्षेत्र' घोषित कर दिया गया है। इन संवेदनशील इलाकों में जिला प्रशासन की ओर से सख्त निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। अब इन स्थानों और इनके आसपास के क्षेत्रों में धरना प्रदर्शन, रैली, जुलूस या आमसभा आयोजित नहीं की जा सकेगी।

किन प्रमुख कार्यालयों और परिसरों के आसपास रहेगी पाबंदी?

रांची ज़िला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, जिन महत्वपूर्ण स्थलों और उनके आसपास के इलाकों को इस प्रतिबंधित दायरे में शामिल किया गया है, उनमें मुख्य रूप से लोकभवन, मुख्यमंत्री आवास, प्रोजेक्ट भवन, नेपाल हाउस, झारखंड मंत्रालय यानी सचिवालय, एफएफपी और एचएफ्सी भवन, नई झारखंड विधानसभा, झारखंड उच्च न्यायालय यानी हाइकोर्ट और पुलिस मुख्यालय शामिल हैं। इन सभी जगहों पर धरना प्रदर्शन, रैलियों, आमसभा, जुलूस के आयोजन पर रोक रहेगी। 

बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन और रैलियों पर पूर्ण रोक

जिला प्रशासन के नए आदेश के मुताबिक, इन प्रतिबंधित क्षेत्रों के भीतर बिना किसी सक्षम प्राधिकार की पूर्व अनुमति के किसी भी तरह का धरना-प्रदर्शन, जुलूस, रैली या आमसभा करने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। इसके अलावा, इन इलाकों में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से किसी भी प्रकार के घातक हथियार लेकर चलने तथा लाउडस्पीकर या ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

नियमों का उल्लंघन करने पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

नियमों की जानकारी आम लोगों तक आसानी से पहुंचे, इसके लिए प्रशासन ने इन सभी संवेदनशील और महत्वपूर्ण जगहों के आसपास चेतावनी भरे सूचना पट्ट भी लगवा दिए हैं। प्रशासन ने बहुत ही स्पष्ट शब्दों में यह चेतावनी दी है कि निषेधाज्ञा के इन नियमों का पालन करना हर नागरिक और संगठन के लिए अनिवार्य है। यदि कोई भी व्यक्ति या संगठन इन आदेशों का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने राजधानी के सभी नागरिकों और विभिन्न संगठनों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और इन नियमों का पूरी सख्ती के साथ पालन करने की अपील की है, ताकि शहर में अमन-चैन और सुरक्षा का माहौल बरकरार रह सके।

शेयर करें WhatsApp X Facebook

संबंधित खबरें