Jharkhand Vacancy 2026: झारखंड में 637 पदों पर निकली भर्ती, 1 लाख रुपये तक मिलेगी सैलरी
झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य में नौकरी पाने का एक बड़ा मौका सामने आया है। झारखंड राज्य हॉर्टिकल्चर प्रमोशन सोसाइटी (JSHPS) ने कुल 637 पदों पर नियुक्ति के लिए भर्ती विज्ञापन जारी किया है। इन पदों पर नियुक्तियां संविदा के आधार पर की जाएंगी। खास बात यह है कि चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार हर महीने 20 हजार रुपये से लेकर 1 लाख रुपये तक मानदेय मिलेगा।
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 4 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 4 दिसंबर 2026 को दोपहर 3 बजे तक आधिकारिक भर्ती पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, केवल ऑनलाइन आवेदन करना पर्याप्त नहीं होगा। आवेदन करने के बाद उसका प्रिंट आउट और जरूरी दस्तावेज भी निर्धारित समय के भीतर जमा करना अनिवार्य है।
मुख्यालय, जिला और प्रखंड स्तर पर 637 पदों पर होगी भर्ती
JSHPS की ओर से जारी विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत कुल 637 रिक्तियां निकाली गई हैं। इनमें राज्य मुख्यालय स्तर पर 13, जिला स्तर पर 96 और प्रखंड स्तर पर सबसे अधिक 528 पद शामिल हैं।
मुख्यालय स्तर पर डिप्टी डायरेक्टर (ऑपरेशन, प्रोग्राम और फाइनेंस), स्टेट प्रोग्राम मैनेजर, स्टेट टेक्निकल हॉर्टिकल्चर ऑफिसर, स्टेट MIS ऑफिसर, अकाउंटेंट और असिस्टेंट-सह-डाटा एंट्री ऑपरेटर जैसे पद हैं।
वहीं, जिला स्तर पर प्रत्येक जिले में डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम मैनेजर, थीमैटिक एक्सपर्ट, अकाउंटेंट और असिस्टेंट-सह-डाटा एंट्री ऑपरेटर के एक-एक पद पर नियुक्ति होगी। इस तरह 24 जिलों में कुल 96 पद भरे जाएंगे।
प्रखंड स्तर पर 264 ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर और 264 असिस्टेंट-सह-डाटा एंट्री ऑपरेटर की नियुक्ति की जाएगी। यानी कुल 528 पदों पर भर्ती होगी। इस स्तर पर सबसे अधिक रिक्तियां हैं।
किस पद पर कितनी मिलेगी सैलरी?
इस भर्ती में मिलने वाला मासिक मानदेय पद और जिम्मेदारी के अनुसार अलग-अलग निर्धारित किया गया है। सबसे अधिक 1 लाख रुपये प्रतिमाह मानदेय डिप्टी डायरेक्टर के तीनों पदों के लिए तय किया गया है। स्टेट प्रोग्राम मैनेजर, स्टेट मैनेजर (फाइनेंस एवं एडमिन) और स्टेट MIS ऑफिसर को 60 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।
जिला स्तर पर डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम मैनेजर को 50 हजार, थीमैटिक एक्सपर्ट को 45 हजार और अकाउंटेंट को 30 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। वहीं, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर को 35 हजार और ब्लॉक स्तर के असिस्टेंट-सह-डाटा एंट्री ऑपरेटर को 20 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। इसके अलावा कुछ निर्धारित शर्तों के अनुसार 5 प्रतिशत वार्षिक प्रदर्शन आधारित बढ़ोतरी का भी प्रावधान है।
शैक्षणिक योग्यता और उम्र सीमा क्या होनी चाहिए?
इस भर्ती में सभी पदों के लिए एक जैसी शैक्षणिक योग्यता नहीं रखी गई है। डिप्टी डायरेक्टर और प्रोग्राम मैनेजर जैसे वरिष्ठ पदों के लिए कृषि या हॉर्टिकल्चर में स्नातकोत्तर डिग्री अथवा संबंधित क्षेत्र में MBA और कई वर्षों का कार्य अनुभव जरूरी है।
ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर के लिए ICAR से मान्यता प्राप्त संस्थान से कृषि या हॉर्टिकल्चर में स्नातक की डिग्री मांगी गई है। वहीं, डाटा एंट्री ऑपरेटर के पदों के लिए स्नातक के साथ ADCA या BCA अथवा B.Sc (IT) की योग्यता निर्धारित है। अलग-अलग पदों के लिए 1 से 10 वर्ष तक का कार्य अनुभव भी मांगा गया है।
आयु सीमा भी पद के अनुसार अलग-अलग है। ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर के लिए उम्र 21 से 30 वर्ष, असिस्टेंट-सह-डाटा एंट्री ऑपरेटर के लिए 25 से 35 वर्ष और डिप्टी डायरेक्टर के लिए 35 से 50 वर्ष निर्धारित है। अन्य पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 से 45 वर्ष तक है। उम्र की गणना 4 दिसंबर 2026 के आधार पर होगी।
कितना लगेगा आवेदन शुल्क?
आवेदन करने वाले सामान्य वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं, झारखंड के SC-ST अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये निर्धारित किया गया है। झारखंड के 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले योग्य अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क में पूरी छूट दी गई है।
कैसे करें आवेदन और कब जमा करनी होगी हार्ड कॉपी?
इच्छुक उम्मीदवार झारखंड के आधिकारिक भर्ती पोर्टल recruitment.jharkhand.gov.in पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके बाद संबंधित पद का चयन कर आवेदन फॉर्म भरना होगा। उम्मीदवारों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, अनुभव प्रमाणपत्र, फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी श्रेणी प्रमाणपत्र अपलोड करने होंगे।
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख 4 दिसंबर 2026 को दोपहर 3 बजे है। इसके बाद आवेदन फॉर्म का प्रिंट आउट, स्व-अभिप्रमाणित दस्तावेज, शुल्क भुगतान की रसीद और हस्ताक्षरित चेकलिस्ट 14 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे तक जमा करनी होगी। इसे मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, झारखंड राज्य हॉर्टिकल्चर प्रमोशन सोसाइटी, तीसरी मंजिल, कृषि भवन, रांची-834008 के पते पर हाथों-हाथ या रजिस्टर्ड/स्पीड पोस्ट से भेजा जा सकता है।
ध्यान देने वाली बात यह है कि ये नियुक्तियां एक साल के लिए पूरी तरह संविदा आधारित होंगी। संतोषजनक काम के आधार पर हर साल अनुबंध का नवीनीकरण किया जा सकता है, लेकिन इससे नियमित सरकारी नौकरी का दावा नहीं किया जा सकेगा। उम्मीदवार आवेदन करने से पहले आधिकारिक विज्ञापन को ध्यान से जरूर पढ़ लें।