देश

राहुल गांधी के साथ बड़ा हादसा, कोर्ट में पेशी से पहले टकरायी काफिले की गाड़ियां

राहुल गांधी के साथ हादसा
राहुल गांधी के साथ हादसा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले के साथ एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर राहुल गांधी के काफिले के पीछे चल रही सुरक्षा और कार्यकर्ताओं की चार कारें तथा एक एंबुलेंस आपस में जोरदार तरीके से टकरा गईं। ये हादसा सोमवार 26 अक्टूबर की सुबह करीब 11 बजे उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में हुआ। इस दुर्घटना में राहुल गांधी के साथ चल रहे कुछ कार्यकर्ताओं को हल्की चोटें भी आई हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस हादसे में राहुल गांधी पूरी तरह सुरक्षित हैं और वे सुरक्षित सुल्तानपुर पहुंच गए हैं।

कैसे हुआ हादसा?

राहुल गांधी को एक मानहानि के पुराने मामले में सुनवाई के लिए सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश होना था। इसके लिए वे सोमवार सुबह लखनऊ से सड़क मार्ग से सुल्तानपुर के लिए रवाना हुए थे। जब उनका काफिला पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गुजर रहा था, तभी अचानक पीछे चल रही गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसे के बाद कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन स्थिति को संभालते हुए काफिला आगे बढ़ा। सुल्तानपुर पहुंचने पर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन पर फूल-मालाएं बरसाईं और राहुल गांधी के समर्थन में जोरदार नारे भी लगाए।

क्या है 2018 का वह मानहानि मामला?

सुल्तानपुर की अदालत में आज जिस मामले पर फैसला आने वाला है, वह साल 2018 से जुड़ा हुआ है। यह मुकदमा कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी द्वारा की गई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस से संबंधित है। आरोप है कि उस दौरान राहुल गांधी ने तत्कालीन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वर्तमान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ एक विवादित और आपत्तिजनक बयान दिया था।

इस बयान से आहत होकर स्थानीय भाजपा नेता विजय मिश्रा ने सिविल कोर्ट में राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था। इस हाई-प्रोफाइल मामले की कानूनी प्रक्रिया लंबी चली और बीते 13 अक्टूबर को एमपी-एमएलए कोर्ट में इस पर दोनों पक्षों की बहस पूरी हो चुकी थी, जिसके बाद आज अदालत इस मामले में अपना अंतिम फैसला सुनाएगी।

शेयर करें WhatsApp X Facebook

संबंधित खबरें