देश बिहार वायरल

"औकात पता चल जायेगा..." JDU से निकाले जाने के बाद अनंत सिंह ने किया बड़ा दावा, नीतीश कुमार पर ये क्या बोल गये 'छोटे सरकार'

अनंत सिंह जदयू से निष्कासित, आया बड़ा बयान
अनंत सिंह जदयू से निष्कासित, आया बड़ा बयान

मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) से निष्कासित किए जाने के बाद उनका पहला आधिकारिक बयान सामने आया है। पार्टी से बाहर किए जाने के बाद अनंत सिंह ने जेडीयू नेतृत्व पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने बेहद कड़े शब्दों में कहा कि अब पार्टी को अपनी असली औकात का पता चल जाएगा। अनंत सिंह ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि आने वाले चुनावी नतीजों में जेडीयू महज 12 सीटों पर सिमट कर रह जाएगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पार्टी उनकी है, उन्हें इससे कोई ऐतराज नहीं है।

नीतीश कुमार पर अनंत सिंह का रुख कैसा?

पार्टी पर तीखे हमले के बावजूद अनंत सिंह का रुख जेडीयू प्रमुख और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा उनके बेटे निशांत कुमार के प्रति काफी नरम दिखाई दिया। अनंत सिंह ने कहा कि आज पार्टी में 'केकड़ा-बिच्छू' जैसे लोग मालिक बनकर बैठ गए हैं। उन्होंने दावा किया कि अगर नीतीश कुमार खुद निर्णय ले रहे होते, तो आज उन्हें पार्टी से बाहर निकालने की हिमाकत कोई नहीं कर पाता। अनंत सिंह ने साफ किया कि वे पहले भी नीतीश कुमार के साथ थे और आगे भी रहेंगे, तथा वे जहां भी रहें, नीतीश कुमार का सम्मान हमेशा करते रहेंगे।

अनंत सिंह को जदयू ने किया निष्कासित

उल्लेखनीय है कि बीते शनिवार 24 अक्टूबर को जेडीयू ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए अनंत सिंह की प्राथमिक सदस्यता रद्द कर दी और उन्हें 6 सालों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। उन पर यह कार्रवाई बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव के दौरान जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ जाकर विपक्षी खेमे 'जन सुराज' के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह का खुला समर्थन और प्रचार करने के कारण की गई।

निष्कासन के बावजूद आवास पर जश्न और आतिशबाजी

जेडीयू से निकाले जाने के फैसले के बावजूद बीते शनिवार को अनंत सिंह के आवास पर किसी तरह की मायूसी नहीं दिखी, बल्कि वहां जश्न का माहौल नजर आया। एमएलसी चुनाव के परिणाम आने से पहले ही उनके समर्थकों द्वारा बड़े भोज की तैयारियां की जा रही थीं। पार्टी से निष्कासन की खबर के बीच अनंत सिंह के समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की और अपनी खुशी का इजहार किया।

शेयर करें WhatsApp X Facebook

संबंधित खबरें