देश

पश्चिम बंगाल का नाम होगा ‘पश्चिम बंगा’? 9 दिसंबर को विधानसभा में आएगा प्रस्ताव, क्या है पूरी प्रक्रिया?

पश्चिम बंगाल का नाम होगा ‘पश्चिम बंगा’? 9 दिसंबर को विधानसभा में आएगा प्रस्ताव, क्या है पूरी प्रक्रिया?

पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर 'पश्चिम बंग' करने की तैयारी है। राज्य की भाजपा सरकार ने इसकी पहल शुरू कर दी है।  मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार, 23 नवंबर को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। अब सरकार आगामी 9 दिसंबर को विधानसभा के शीतकालीन सत्र में इससे जुड़ा प्रस्ताव पेश करेगी। विधानसभा से मंजूरी मिलने के बाद इसे केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि अब अंग्रेजी में भी राज्य का नाम ‘West Bengal’ की जगह ‘Paschim Banga’ लिखा जाएगा। सरकार का कहना है कि राज्य का नाम उसकी ऐतिहासिक पहचान और बंगाली भाषा से जुड़ा हुआ है। इसलिए अंग्रेजी में भी उसी नाम का इस्तेमाल होना चाहिए, जो स्थानीय भाषा में प्रचलित है।

पहले भी कई बार उठ चुकी है नाम बदलने की मांग

पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की मांग नई नहीं है। इससे पहले वाम मोर्चा और तृणमूल कांग्रेस की सरकारें भी इस दिशा में कोशिश कर चुकी हैं। साल 2018 में तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार ने विधानसभा में राज्य का नाम बदलकर ‘बांग्ला’ करने का प्रस्ताव पारित कराया था। इस प्रस्ताव को विधानसभा में सर्वसम्मति से मंजूरी मिली थी। हालांकि, केंद्र सरकार से इसे अंतिम स्वीकृति नहीं मिल सकी।

इससे पहले वाम मोर्चा सरकार के कार्यकाल में भी राज्य का नाम बदलने की पहल की गई थी। लेकिन अलग-अलग कारणों से ये प्रयास सफल नहीं हो पाए। अब शुभेंदु अधिकारी सरकार ने ‘पश्चिम बंगा’ नाम के साथ एक बार फिर इस मुद्दे को आगे बढ़ाया है।

आखिर क्यों बदलना चाहती है सरकार राज्य का नाम?

राज्य सरकार का तर्क है कि ‘West Bengal’ नाम अंग्रेजी वर्णमाला के W अक्षर से शुरू होता है। इस वजह से अंग्रेजी वर्णमाला के अनुसार तैयार होने वाली सूची में पश्चिम बंगाल का नाम काफी नीचे आता है। सरकार का मानना है कि इससे राष्ट्रीय स्तर की बैठकों और विभिन्न आधिकारिक मंचों पर राज्य को कई बार अपनी बात रखने का अवसर देर से मिलता है।

इसके अलावा सरकार बंगाल की ऐतिहासिक पहचान और स्थानीय भाषा में प्रचलित नाम को अंग्रेजी में भी एक समान करना चाहती है। इसी वजह से ‘Paschim Banga’ नाम का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

क्या विधानसभा अपने स्तर पर बदल सकती है राज्य का नाम?

इस मामले में संविधान की प्रक्रिया को समझना भी जरूरी है। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 3 के तहत किसी राज्य का नाम बदलने का अधिकार संसद के पास है। राज्य सरकार या विधानसभा अपने स्तर पर अंतिम रूप से नाम नहीं बदल सकती।

इसके लिए पहले राज्य विधानसभा में प्रस्ताव लाया जाएगा। इसके बाद केंद्र सरकार के माध्यम से विधेयक को संसद में पेश करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। संविधान के अनुसार, राष्ट्रपति की सिफारिश के बाद विधेयक संसद में पेश किया जाता है। संबंधित राज्य विधानसभा को भी इस पर अपनी राय देने का अवसर दिया जाता है। हालांकि, विधानसभा की राय संसद के लिए बाध्यकारी नहीं होती।

संसद के दोनों सदनों से विधेयक पारित होने और राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद ही राज्य का नया नाम आधिकारिक रूप से लागू हो सकेगा। यानी फिलहाल ‘पश्चिम बंगा’ नाम बदलने की प्रक्रिया शुरू हुई है, लेकिन अंतिम फैसला अभी बाकी है।

शेयर करें WhatsApp X Facebook

संबंधित खबरें