पंजाब चुनाव : AAP ने जारी की प्रत्याशियों की लिस्ट, जेल में बंद मंत्री भी शामिल, सीएम भगवंत मान कहां से लड़ेंगे चुनाव?
पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारी तेज कर दी है। पार्टी ने शनिवार, 31 अक्टूबर को 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इस सूची में मुख्यमंत्री भगवंत मान, पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां और कई कैबिनेट मंत्रियों के नाम शामिल हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान एक बार फिर संगरूर जिले की धुरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, मंत्री संजीव अरोड़ा को लुधियाना वेस्ट सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
भगवंत मान को धुरी से मिला टिकट
आम आदमी पार्टी ने अपनी पहली सूची में मुख्यमंत्री भगवंत मान पर एक बार फिर भरोसा जताया है। उन्हें धुरी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। भगवंत मान इससे पहले भी इसी सीट से विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। पार्टी के लिए धुरी सीट राजनीतिक रूप से अहम मानी जाती है। ऐसे में मुख्यमंत्री को दोबारा यहां से मैदान में उतारना AAP की चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
वहीं, पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां कोटकपूरा सीट से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा, कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल को अजनाला और बलकार सिंह को करतारपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने अपनी पहली सूची में कई मौजूदा विधायकों को भी दोबारा मौका दिया है।
जेल में बंद संजीव अरोड़ा को भी टिकट
AAP की उम्मीदवार सूची में सबसे ज्यादा चर्चा मंत्री संजीव अरोड़ा के नाम को लेकर हो रही है। पार्टी ने उन्हें लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, संजीव अरोड़ा फिलहाल जेल में हैं। इसके बावजूद पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें दोबारा इसी सीट से मैदान में उतारने का फैसला किया है।
लुधियाना क्षेत्र की दूसरी सीटों पर भी पार्टी ने अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं। लुधियाना ईस्ट से दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला, लुधियाना सेंट्रल से अशोक पराशर पप्पी और लुधियाना नॉर्थ से चौधरी मदन लाल बग्गा को टिकट दिया गया है।
चुनाव से पहले दिल्ली में हुई थी बैठक
उम्मीदवारों की घोषणा से पहले दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच बैठक हुई थी। इस बैठक में AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत मान और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की थी। इसके बाद पार्टी ने 40 सीटों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की।
राजनीतिक जानकारों के लिहाज से चुनाव से काफी पहले उम्मीदवार घोषित करने से प्रत्याशियों को अपने क्षेत्र में जनसंपर्क बढ़ाने, कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल बनाने और चुनावी रणनीति तैयार करने का अधिक समय मिलता है।
पंजाब की 117 सीटों पर होना है चुनाव
पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल मार्च 2027 में समाप्त होना है। हालांकि, अगले विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की आधिकारिक तारीखों का ऐलान अभी नहीं हुआ है। AAP ने फिलहाल 40 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं। बाकी सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा बाद में की जा सकती है।
अब देखना होगा कि कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल समेत अन्य राजनीतिक दल उम्मीदवारों की घोषणा कब करते हैं। पंजाब में आगामी चुनाव सत्ताधारी AAP के लिए महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि पार्टी एक बार फिर राज्य की सत्ता में वापसी के लिए मतदाताओं का समर्थन हासिल करने की कोशिश करेगी।