दीवाली-छठ पर घर जाने के लिये नहीं मिल रही टिकट? इन स्पेशल ट्रेनों में अब भी सीटें खाली
दिवाली और छठ के मौके पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए ट्रेन टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है। रांची रेल डिविजन से गुजरने वाली कई नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। कुछ ट्रेनों में तो रिग्रेट की स्थिति है, यानी टिकट बुकिंग के लिए जगह उपलब्ध नहीं है। हालांकि, राहत की बात यह है कि रेलवे की ओर से चलाई जा रही कई स्पेशल ट्रेनों में अब भी सीटें खाली हैं। ऐसे में यात्री अपनी सुविधा के अनुसार स्पेशल ट्रेनों में टिकट बुक करा सकते हैं।
नियमित ट्रेनों में टिकट मिलना मुश्किल
त्योहारी सीजन में दिल्ली, पटना, गोरखपुर, बेंगलुरु, जयनगर और पूर्णिया की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। रांची-नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस में 2 और 3 नवंबर को RAC 88 और 89 है। वहीं, 6 नवंबर को वेटिंग 137 और 10 नवंबर को 100 तक पहुंच गई है।
हटिया-पूर्णियाकोर्ट एक्सप्रेस में 6 नवंबर को स्लीपर में 58 और थर्ड AC में 27 वेटिंग है। 7, 9 और 12 नवंबर को स्लीपर में रिग्रेट की स्थिति है। 12 नवंबर को थर्ड AC में भी टिकट उपलब्ध नहीं हैं।
हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस में 10 नवंबर को स्लीपर में 108 और थर्ड AC में 98 वेटिंग है। 11 नवंबर को भी स्लीपर में वेटिंग 111 तक पहुंच गई है। वहीं, रांची-गोरखपुर एक्सप्रेस में 6 नवंबर को स्लीपर में 74 और थर्ड AC में 62 वेटिंग है। 13 नवंबर को स्लीपर में वेटिंग 102 है।
स्पेशल ट्रेनों में खाली सीटों से मिल सकती है राहत
नियमित ट्रेनों में परेशानी के बीच स्पेशल ट्रेनों में टिकट मिलने की उम्मीद है। रांची-शालीमार स्पेशल में 4 नवंबर को स्लीपर की 270, थर्ड AC की 62 और सेकेंड AC की 21 सीटें खाली हैं। रांची-अजमेर स्पेशल में 1 नवंबर को थर्ड AC की 144 और सेकेंड AC की 14 सीटें उपलब्ध हैं।
रांची-अलीपुरद्वार स्पेशल में 2 नवंबर को स्लीपर की 598, थर्ड AC की 30 और सेकेंड AC की 13 सीटें खाली हैं। हटिया-बेंगलुरु स्पेशल में 4 नवंबर को थर्ड AC इकोनॉमी की 283 और थर्ड AC की 132 सीटें उपलब्ध हैं। रांची-आनंद विहार स्पेशल में 7 नवंबर को थर्ड AC की 32 सीटें खाली हैं।
यात्रियों को सलाह दी जाती है कि नियमित ट्रेनों में टिकट नहीं मिलने पर स्पेशल ट्रेनों की उपलब्धता जांच लें। सीटों की स्थिति बदल सकती है, इसलिए टिकट बुक करने से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप पर ताज़ा जानकारी ज़रूर देख लें।