झारखण्ड में बढ़ेगी गर्मी, मौसम विभाग ने कहा दिन में 11 से 4 बजे तक निकलने से बचें

Share:

पूरे राज्य में तापमान बढ़ गया है। जोरदार गर्मी पड़ने लगी है। मौसम केंद्र ने राजधानी रांची में दो से तीन दिनों में पारा 40 डिग्री पार करने की संभावना जताई है। जबकि संताल परगना के दुमका, गोड्‌डा, साहिबगंज व पाकुड़ में हीट वेब चलने की चेतावनी जारी की है।

कोल्हान क्षेत्र के पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में कहीं-कहीं हीट वेव चलने की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया है कि आनेवाले समय में गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। गर्मी बढ़ेगी और राज्य के कई हिस्सों में गर्म हवाएं चलेंगी। केंद्र ने लोगों को सलाह दी है कि सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक घर से बाहर निकलने से बचें।

इधर, पारा बढ़ते ही अस्पतालों में दिन-प्रतिदिन मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। उल्टी, दस्त व डिहाइड्रेशन के मरीज बढ़ने लगे हैं। बच्चे व बुजुर्ग ज्यादा चपेट में आ रहे हैं। पिछले 10 दिनों में रिम्स और सदर सहित शहर के प्रमुख निजी अस्पतालों में 1300 के करीब बच्चे उल्टी व दस्त की शिकायत के बाद इलाज के लिए पहुंचे।

बड़ों की बात करें तो पिछले 10 दिनों में औसतन रोज 200 लोग उल्टी-दस्त और डिहाइड्रेशन से परेशान होकर अलग-अलग अस्पतालों के ओपीडी में इलाज के लिए पहुंचे। इनमें 65% बुजुर्ग हैं, जिनकी उम्र 60 वर्ष से अधिक है। रिम्स के फिजिशियन डॉ. संजय कुमार ने कहा कि राहत की बात है अब तक गर्मी के कारण उल्टी-दस्त से किसी की कैजुअल्टी नहीं हुई। लोग उल्टी-दस्त से बीमार हो रहे हैं, लेकिन दवाइयों से ठीक भी हो रहे हैं। बच्चों को ठीक होने में पांच से छह दिन लग रहा, जबकि बड़े तीन-चार दिनों में स्वस्थ हो रहे हैं।

मौसम केंद्र के अनुसार, अगले चार दिनों तक रांची का पारा गर्म रहेगा। आसमान साफ और मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान बारिश या बादल छाने की कोई संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री तक रह सकता है। बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री व न्यूनतम 25 डिग्री, जमशेदपुर का अधिकतम 41.5 डिग्री व न्यूनतम 25.8 डिग्री और डालटनगंज का अधिकतम 40.6 डिग्री व न्यूनतम 25.0 डिग्री रिकॉर्ड दर्ज किया गया।

Tags:

Latest Updates