देश झारखंड

परिसीमन बिल पर JMM का 'वेट एंड वॉच', हेमंत सोरेन की बैठक के बाद भी नहीं खुला पत्ता

JMM on Delimitation Bill
JMM on Delimitation Bill

झारखंड में परिसीमन बिल को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने फिलहाल अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। शनिवार, 28 नवंबर को मुख्यमंत्री और झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में पार्टी के सांसदों की अहम बैठक हुई। रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस बैठक में संसद में विधेयक पेश होने के बाद पार्टी की रणनीति क्या होगी, इस पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक समाप्त होने के बाद पार्टी ने फिलहाल वेट एंड वॉच की रणनीति अपनाने का संकेत दिया है। यानी झामुमो न तो अभी इस विधेयक के समर्थन में है और न ही विरोध में कोई अंतिम फैसला लिया है।

महुआ माजी बोलीं- विशेषज्ञों की राय के बाद होगा फैसला

बैठक के बाद झामुमो की राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस पूरे मामले में संवैधानिक और कानूनी विशेषज्ञों की राय लेंगे। परिसीमन विधेयक के सभी प्रावधानों का गहराई से अध्ययन किया जाएगा। इसके बाद ही पार्टी अपना अंतिम रुख तय करेगी। महुआ माजी पहले भी आशंका जता चुकी हैं कि परिसीमन के कारण झारखंड में अनुसूचित जनजाति यानी एसटी के लिए आरक्षित सीटों की संख्या प्रभावित हो सकती है। उनका मानना है कि अगर आदिवासी आरक्षित सीटें घटती हैं, तो इससे राज्य में आदिवासी समाज का राजनीतिक प्रतिनिधित्व कमजोर हो सकता है।

आदिवासी आरक्षित सीटों पर नलिन सोरेन की दो टूक

बैठक के बाद दुमका से झामुमो के लोकसभा सांसद नलिन सोरेन ने आदिवासी हितों को लेकर पार्टी की चिंता साफ कर दी। उन्होंने कहा कि परिसीमन के कारण झारखंड में आदिवासियों के लिए आरक्षित सीटों की संख्या किसी भी कीमत पर कम नहीं होनी चाहिए। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि कुल सीटों में बढ़ोतरी के अनुपात में एसटी आरक्षित सीटों की संख्या बढ़ती है, तो पार्टी विधेयक के समर्थन पर विचार कर सकती है। इसके लिए बिल के प्रावधानों का अध्ययन जरूरी है।

झामुमो की यह चिंता इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि झारखंड की राजनीति में आदिवासी समुदाय की भूमिका काफी अहम है। राज्य की 81 सदस्यीय विधानसभा में फिलहाल अनुसूचित जनजाति के लिए 28 सीटें आरक्षित हैं। वहीं, लोकसभा की 14 सीटों में से 5 सीटें एसटी के लिए आरक्षित हैं।

2007 के परिसीमन का पुराना विवाद भी बना चिंता की वजह

झामुमो की आशंकाओं के पीछे परिसीमन का पुराना इतिहास भी है। वर्ष 2007 में परिसीमन की प्रक्रिया के दौरान झारखंड में एसटी आरक्षित विधानसभा सीटों की संख्या 28 से घटाकर 22 करने का प्रस्ताव सामने आया था। लोकसभा की आरक्षित सीटें भी पांच से घटाकर चार करने की आशंका जताई गई थी। उस समय इसका विरोध हुआ और राज्य में परिसीमन लागू करने की प्रक्रिया रोक दी गई। यही वजह है कि पार्टी इस बार किसी भी फैसले से पहले सभी पहलुओं को समझना चाहती है।

संसद में गंभीर बहस चाहता है झामुमो

बैठक में शामिल वरिष्ठ नेता और सांसद बैद्यनाथ राम ने भी कहा कि पार्टी संसद में इस संवेदनशील विषय पर गंभीर और सार्थक बहस चाहती है। झामुमो के लिए झारखंड का हित सबसे ऊपर है। पार्टी सदन में राज्य की जनता, खासकर आदिवासी और मूलवासी समुदाय के अधिकारों की रक्षा का मुद्दा उठाएगी।

JMM के फैसले पर नज़र

केंद्र सरकार की ओर से 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। इसी दौरान परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधायी प्रस्तावों पर चर्चा और आगे की संसदीय प्रक्रिया होनी है। ऐसे में झामुमो के रुख पर राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है। खासकर इसलिए कि झामुमो झारखंड में कांग्रेस के साथ सत्ता में है और विपक्षी INDIA गठबंधन का भी हिस्सा है। कांग्रेस परिसीमन प्रस्ताव का विरोध कर रही है, जबकि झामुमो ने अभी अपना अंतिम फैसला नहीं सुनाया है।

कुल मिलाकर, हेमंत सोरेन की बैठक के बाद भी झामुमो ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। पार्टी की सबसे बड़ी शर्त यही है कि परिसीमन के नाम पर झारखंड में आदिवासी समाज का राजनीतिक प्रतिनिधित्व कमजोर नहीं होना चाहिए। अब देखना होगा कि विशेषज्ञों की राय और विधेयक के विस्तृत अध्ययन के बाद झामुमो संसद में समर्थन करता है या विरोध का रास्ता चुनता है।

शेयर करें WhatsApp X Facebook

संबंधित खबरें