दिवंगत रूपी सोरेन का संस्कार भोज कार्यक्रम शुरू, सीएम हेमंत सोरेन खुद कर रहे निगरानी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत मां रूपी सोरेन के संस्कार भोज कार्यक्रम की शुरूआत हो चुकी है. यह कार्यक्रम पैतृक गांव नेमरा में चल रहा है. संस्कार भोज में शामिल होने के लिये राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से हज़ारों की संख्या में लोग उमड़ रहे हैं.
सीएम हेमंत कर रहे निगरानी
संस्कार भोज कार्यक्रम में एक-एक व्यवस्थाओं की निगरानी स्वयं सीएम हेमंत सोरेन कर रहे हैं. ताकि भोज में शामिल होने आये आगंतुकों को किसी भी तरह की असुविधा न हो. वह घूम-घूमकर विभिन्न पंडालों में भोजन कर रहे लोगों से बातचीत करते और हाल चाल लेते दिखे. इस दौरान सीएम सोरेन नेमरा पहुंचे मेहमानों से मुलाक़ात कर उनका अभिवादन एवं स्नेह स्वीकार करते दिखे. साथ ही दुख की इस घड़ी में साथ खड़े होने के लिये उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया.
बड़ी संख्या में जुट रही भीड़
संस्कार भोज कार्यक्रम के दिन बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी देखने को मिल रही है. लोग दिवंगत रूपी सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं. श्रद्धांजलि देने के लिए टावर के पास पंडाल बनाया गया है. इसके बाद निर्धारित मार्ग से होते हुए पंडाल पहुंचकर संस्कार भोज में शामिल हो रहे हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी सुबह भोज में शामिल हुए, इसके बाद पारिवारिक रिश्तेदारों ने भोज ग्रहण किया.
सुरक्षा के विशेष इंतज़ाम
कार्यक्रम में लोगों की लगातार बढ़ती आवाजाही को देखते हुए व्यवस्था बनाये रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. आयोजन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए गोला चौक से बरलंगा तक की मुख्य सड़क पर अस्थायी डिवाइडर लगाए गए हैं. इसके बाद बरलंगा से लेकर नेमरा तक के 7 किलोमीटर के पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सहूलियत के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. रामगढ़, गोला और नेमरा मार्ग पर यातायात को नियंत्रित करने के लिए हजारों पुलिस जवानों की तैनाती की गई है. साथ ही सुरक्षा जांच के लिए पूरे रास्ते में 7 प्रमुख स्थानों पर चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं.