झारखंड के इन ज़िलों में 27-28 अक्टूबर को मेघगर्जन के साथ होगी बारिश
झारखंड में एक बार फिर मौसम में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. आने वाले दिनों में फिर से बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, 27 और 28 अक्टूबर को राज्य के कुछ ज़िलों में बारिश हो सकती है. इसका प्रभाव मुख्य तौर पर रांची समेत झारखंड के उत्तर पूर्वी भागों में देखने को मिल सकता है.
इन ज़िलों में बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, 27 अक्टूबर को आंशिक बादल छाये रहेंगे. राज्य के उत्तर पूर्वी भागों मसलन साहिबगंज, गोड्डा, देवघर, धनबाद, गिरिडीह समेत अन्य ज़िलों में कहीं कहीं गर्जन के साथ बारिश की आशंका है. इसके बाद 28 अक्टूबर को भी आसमान में बादल छाये रहेंगे. राज्य के उत्तर पूर्वी, मध्य और दक्षिणी क्षेत्र में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा की संभावना है. बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है.
23 से 25 अक्टूबर के बीच कैसा रहेगा मौसम
इससे पहले 23 से 25 अक्टूबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा. इस दौरान सुबह के वक्त हल्का कुहांसा छाया रह सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, 23 से 25 अक्टूबर के दौरान रांची, पलामू, रामगढ़, धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर, हजारीबाग, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार, गढ़वा, चतरा, गिरिडीह और देवघर समेत 15 ज़िलों में मौसम शुष्क बना रहेगा.