उलगुलान न्याय महारैली में चम्पई सोरेन करेंगे केंद्र सरकार का पर्दाफाश, ऐसा होगा उस दिन

,

Share:

पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के खिलाफ रांची के प्रभात तारा मैदान में 21 अप्रैल को आयोजित उलगुलान न्याय महारैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास पर गठबंधन के नेताओं की बैठक हुई। अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि इस रैली में केंद्र सरकार द्वारा झारखंड से की जा रही हकमारी का पर्दाफाश किया जायेगा। आदिवासियों और मूलवासियों पर केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे अत्याचार और जल-जंगल-जमीन से दूर करने की साजिश भी उजागर की जायेगी।

बैठक में सीएम चम्पई सोरेन ने यह भी कहा कि विपक्षी दलों की राज्य सरकारों के खिलाफ एजेंसियों के इस्तेमाल और झूठे आरोपों द्वारा बदनाम करने की रणनीति को पूरा देश समझ चुका है। आगामी चुनावों में जनता उन्हें जवाब देगी। उन्होंने कहा कि उलगुलान न्याय रैली में इंडिया गठबंधन के 12 प्रमुख राष्ट्रीय नेता शामिल होंगे। बैठक के बाद पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि चुनी हुई सरकार के मुख्यमंत्री को अन्यायपूर्ण तरीके से जेल में डाला गया है।

पब्लिक सब समझ चुकी है कि संवैधानिक शक्तियों का दुरुपयोग करते हुए भाजपा ने ये सारा षड्यंत्र एक सर्वमान्य युवा आदिवासी मुख्यमंत्री को बदनाम करने के उद्देश्य से किया है। इसे लेकर जनता में जबरदस्त आक्रोश है। लोगों का गुस्सा आने वाले चुनाव में भाजपा को दिखेगा। यह रैली केंद्र सरकार के तानाशाही रवैये के खिलाफ है। हमारे लिए चुनाव जीतने और हारने से कहीं ज्यादा जरूरी लोकतंत्र और संविधान को बचाना है। देश में भाजपा द्वारा रची जा रही विपक्षी दलों को समाप्त करने की साजिश कामयाब नहीं होने दी जायेगी।

 

Tags:

Latest Updates