झारखंड में आज यानी 21 मार्च को मौसम में अचानक बदलाव देखा गया. राजधानी रांची सहित 10 जिलों में शुक्रवार को तेज हवा के साथ बारिश हुई। इस दौरान राज्य में ठनका गिरने की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। पलामू, गुमला, लोहरदगा और देवघर में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं चतरा में वज्रपात के दौरान शॉर्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई।
ऑरेंज अलर्ट किया गया जारी
इस बीच, मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों में अगले तीन दिन तेज हवा के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि के साथ वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी रांची में बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार रांची समेत राज्य में 21-22 को बारिश के आसार हैं। अगले तीन दिन बादल छाए रहने और बारिश होने से रांची के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री तक की गिरावट आएगी।