पटना सहित प्रदेश में आठ दिनों की राहत के बाद एक बार फिर से लोगों को गर्मी सताने लगी है। प्रदेश के अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सोमवार को अधिकतम तापमान में 3.3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई। इस कारण अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि अगले तीन-चार दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होगी।
सबसे गर्म शहर रहा मधुबनी
सोमवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर 35.2 डिग्री सेल्सियस के साथ मधुबनी और सबसे ठंडा शहर 15.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सहरसा का अगवानपुर रहा। 15 मार्च को प्रदेश का अधिकतम पारा 39 डिग्री के पार चला गया था। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले सप्ताह पटना सहित प्रदेश के कई शहरों में हल्की बारिश हुई और बादल छाए रहे।