झारखंड सहित देश भर में गणतंत्र दिवस की तैयारियां शुरु हो गई है.राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम को लेकर रांची के यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है.अगर आप 26 जनवरी को रांची आना चाहते हैं तो खबर जरुर पढ़ लें.
गणतंत्र दिवस यानी 26 जनवरी के दिन रांची शहरी क्षेत्र में सुगम यातायात को लेकर सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित रखा गया है। शहर के अन्य मार्गों पर छोटे वाहनों का परिचालन पहले की तरह होगा। समारोह स्थल मोरहाबादी मैदान और आसपास में वाहन पड़ाव के लिए अलग से व्यवस्था की गई है।
ट्रैफिक एसपी के मुताबिक, मोरहाबादी मैदान में उपायुक्त आवास मोड़ से हॉकी स्टेडियम एवं रांची कॉलेज मोड़ से वीवीआइपी प्रवेश द्वार तक किसी भी प्रकार के वाहन का पड़ाव वर्जित रखा गया है। राज्यपाल के कारकेड और वीवीआइपी के वाहनों का पड़ाव मुख्य मंच के पीछे होगा।
पदाधिकारियों की गाड़ियां ऑक्सीजन पार्क के बगल में पार्क होंगी। नारंगी रंग के पासयुक्त वाहन का पड़ाव मुख्य मंच के पश्चिम में होगा। हरा पास के लिए बापू वाटिका के सामने और सामान्य वाहन का पड़ाव टीआरआइ के सामने फुटबॉल मैदान में होगा।
एसपी ने बताया कि ड्रॉप गेट नंबर छह, आठ, नौ, दस, 14 और 15 से सामान्य वाहनों का प्रवेश कार्यक्रम के दौरान वर्जित रहेगा।