झारखंड के तापमान में अगले 3 दिन में 4 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है.
अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है. इससे लोगों को ठंड से राहत मिलेगी. हालांकि, रात को तापमान गिरेगा. तब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे जा सकता है.
लोगों को सुबह और शाम को कनकनी का अहसास होगा.
मौसम विभाग ने अभी धुंध या कोहरे का अलर्ट जारी नहीं किया है. मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार यानी आज झारखंड का न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा.
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने यह जानकारी दी है कि आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि होती जायेगी. इसकी वजह से लोगों को ठंड का अहसास कम होगा.
बसंत का आगमन हो रहा है. शुष्क हवाएं चलेगी. फिलहाल लोगों को ठंड से राहत मिलती दिख रही है.
किस जिले में कितना है अधिकतम और न्यूनतम पारा
पिछले 24 घंटे में रांची का अधिकतम तापमान 2.9 डिग्री बढ़कर 27.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. वहीं न्यूनतम तापमान में भी 2.8 डिग्री का इजाफा हुआ. न्यूनतम तापमान जो 10 से नीचे था वह गुरुवार को 12.2 डिग्री सेंट्रीग्रेड तक पहुंच गया.
मौसम विभाग का कहना है कि जनवरी के मौसम में रांची का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री ज्यादा है. वहीं न्यूनतम तापमान में भी सामान्य से 2.5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है.
डाल्टनगंज औऱ चाईबासा में क्या है ठंड की स्थिति
जमशेदपुर के अधिकतम तापमान में 1 डिग्री तो वहीं डाल्टेनगंज के अधिकतम तापमान में 1.9 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है. बोकारो में अधिकतम पारा तो बढ़ा है लेकिन न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से 2.3 डिग्री कम है.
चाईबासा में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री तक गिरा जो इस मौसम में सामान्य है. वहीं यहां का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री तक पहुंचा. इस मौसम में ये सामान्य से 3.8 डिग्री ज्यादा है.
मौसम विभाग का मानना है कि अब सर्दी की विदाई हो रही है.
3 फरवरी को बसंत पंचमी के बाद से दिन का पारा चढ़ेगा. अच्छी धूप खिलेगी. शुष्क हवाएं थोड़ा परेशान कर सकती है. वहीं सुबह और शाम को हल्के ठंड का अहसास होगा.