झारखंड में मिलेट मिशन से जुड़े करीब 35000 किसानों को 13 दिसंबर (शुक्रवार) को बड़ा तोहफा मिलने वाला है. राज्य की हेमंत सरकार मोटे अनाज की खेती करने वाले किसानों के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से 15.6 करोड़ रुपये की बड़ी राशि हस्तांतरित करने वाली है. गौरतलब है कि यह राशि 52000 एकड़ भूमि पर की जा रही मोटे अनाज की खेती के एवज में दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि है.
दरअसल, कृषि विभाग ने मिलेट मिशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसानों को प्रति एकड़ 3000 रुपये की दर से प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया है. सरकार का तर्क है कि मिलेट मिशन का मुख्य उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, पोषक आहार को बढ़ावा देना, खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित करना है.
विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसान हित में काम केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि जमीन पर भी तेजी से लागू किया जाएगा.












