बिहार की लोक गायिका मैथिली ठाकुर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई हैं. वहीं RJD विधायक भरत बिंद ने भी कमल का दामन थाम लिया है. मैथिली ठाकुर को बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बीजेपी की सदस्यता दिलाई. इसी मौके पर राजद विधायक भरत बिन्द भी बीजेपी में शामिल हुए. पिछले दिनों बीजेपी के नेताओं से मुलाकात के बाद लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने अपने गृह क्षेत्र बेनीपट्टी से बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की थी.
आखिर बीजेपी का साथ ही क्यों
नर्मदा महोत्सव में प्रस्तुति देने आईं मैथिली ने कहा था कि उनका उनके गृह क्षेत्र से अलग ही जुड़ाव है और अगर वह अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत वहां से करेंगी तो वह बहुत कुछ उन्हें सीखने को मिलेगा. मैथिली ने पिछले दिनों भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार के संगठन प्रभारी विनोद तावडे और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से मुलाकात की थी. इसके बाद से उनके चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं.
मैं अपने गांव से शुरुआत करूं तो बेहतर होगा…
अपने पसंद के विधानसभा चुनाव क्षेत्र के बारे में पूछे जाने पर मैथिली ने पत्रकारों से कहा था कि मैं अपने गांव के क्षेत्र जाना चाहूंगी क्योंकि वहां से एक अलग जुड़ाव है. उन्होंने कहा, ‘‘वहां से शुरू हो तो मुझे सीखने का भी मौका मिलेगा. लोगों से मिलना-जुलना, लोगों से बातें करना मुझे ज्यादा समझ में आएगा अगर मैं अपने गांव से शुरुआत करूं तो.” हालांकि बीजेपी की पहली लिस्ट में मैथिली को टिकट नहीं मिला है. ऐसी अटकलें हैं कि बीजेपी उन्हें दरभंगा की अलीनगर सीट से विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बना सकती है.












