झारखंड में भाजपा सदस्यता अभियान के जरिए अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का काम कर रही है. भाजपा का यह सदस्यता अभियान 31 जनवरी तक जारी रहेगा. अब भाजपा ने अपने सदस्यता अभियान को गति देने के लिए अब सार्वजनिक स्थानों पर भी कैंप लगाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी का सदस्य बनाने का फैसला लिया है.
भाजपा द्वारा अब राज्य भर में सार्वजनिक स्थानों पर सदस्यता अभियान कैंप लगाने के फैसले पर झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के नेताओं ने तंज कसा है. झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं ने कहा कि जनता के दिल से उतर चुकी भाजपा अब राज्य में इतिहास बनने वाली है. वहीं कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि अभी तक मिस्ड कॉल से सदस्य बनाने वाली पार्टी को अब सार्वजनिक स्थानों पर जाना पड़ रहा है, यह बताता है कि भाजपा की स्थिति राज्य में बेहतर नहीं है.
झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि चार उद्योगपतियों के लिए काम करने वाली भाजपा सरकार का समय अब राज्य में लद गया है. अब वह चौक चौराहों पर वह डुगडुग्गी बजा लें या प्रलोभन दे दें ,अब जनता उनके झांसे में नहीं आने वाली है. झामुमो नेता ने कहा कि जनता के दिलो दिमाग से उतर चुकी भाजपा के पास मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सामने टिकने वाली कोई नेता नहीं है. राज्य में जनता इन्हें इतिहास की पार्टी बना देगी.