जयराम महतो की पार्टी JLKM पार्टी ने धनबाद, दुमका, और रांची से उम्मीदवारों की घोषणा की है। शनिवार को पार्टी के केंद्रीय प्रधान महासचिव ने इन तीनों प्रत्याशियों की सूची जारी की। धनबाद सीट से इकलाख अंसारी, दुमका से बेबी लता टुडू, और रांची से देवेंद्र नाथ महतो को उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो पहले ही गिरिडीह सीट से बिगुल फूँक चुके हैं.
बता दें कि छात्र नेता जयराम महतो ने बीते साल ही अपनी पार्टी झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति का गठन किया है. नयी पार्टी के गठन के साथ ही उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की थी.
जयराम महतो का कहना है कि झारखंड निर्माण की कल्पना को पूरा करने के लिए युवाओं की राजनीति में भागीदारी बहुत जरूरी है। युवाओं को सक्रिय रूप से आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य अलग होने के 23 साल बीत जाने के बाद भी राज्य की स्थिति नहीं बदली। आज भी राज्य के लोग बुनियादी ज़रूरतों के लिए जद्दोजहद करते नज़र आ जाएंगे। अगर स्थिति को बदलना है तो अपनी आवाज को राजधानी रांची और दिल्ली सदन तक पहुंचाना होगा। बदलाव के लिए सड़क से उठाकर युवाओं को सदन भेजने की तैयारी करनी होगी। जयराम महतो यह भी कहते है कि जब तक परिवारवाद का सिलसिला चलता रहेगा, झारखंड निर्माण के उद्देश्यों को पूरा नहीं किया जा सकता। हमें नीति और नियत दोनों बदलनी होगी और थोपी हुई राजनीति को हटाना होगा और अपना भविष्य खुद चुनना होगा।
जयराम महतो कहते हैं कि झारखंड में बड़ी-बड़ी फैक्ट्रियां है, छोटे-बड़े कई उद्योग है, लेकिन मुंबई-गुजरात और दिल्ली में सबसे ज्यादा मजदूर झारखंड के ही हैं। राज्य के युवा बेरोजगार बैठे हैं। बाहरी लोगों को नौकरियां मिल रही हैं। झारखंड के युवा रोजगार की तलाश में पलायन पर मजबूर हैं। इस व्यवस्था को बदलने के लिए आंदोलन में युवाओं को आगे आना होगा। वे झारखंड की क्षेत्रीय भाषाओं को बढ़ावा देने और स्थानीय-क्षेत्रीय भाषाओं को जानने वाले लोगों को ही तृतीय-चतुर्थ वर्ग की सरकारी नौकरियां देने के लिए लंबे समय से आवाज बुलंद कर रहे हैं।