नालंदा के 7 सीटों पर कितने मजबूत हैं CM नीतीश? तेजस्वी और प्रशांत किशोर कितना करेंगे नुकसान

Share this:


रिपोर्ट -सूरज ठाकुर

आरसीपी सिंह के जनसुराज पार्टी ज्वाइन करने के बाद प्रशांत किशोर ने अपनी पहली सभा नालंदा जिले में की. नालंदा यानीबिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गृह जिला, नालंदा यानी जदयू का गढ़ और नालंदा यानी सीएम की प्रतिष्ठा. और प्रशांत किशोर ने सीधे नालंदा के हूंकार भरी, वो भी तब, जब नीतीश के सबसे करीबी रहे आरसीपी सिंह पीके के साथ हो गए हैं.

आरसीपी सिंह कुर्मी जाति से हैं, नीतीश भी कुर्मी जाति से हैं और नालंदा जिले में कुर्मी जातियों का प्रभाव गहरा है.

यह यब संयोग किस तरफ ईशारा कर रहा है. पीके क्या चाह रहे हैं और क्या वाकई नालंदा का किला इस बार ढह सकता है, क्या पीके उस किले को जीत सकते हैं. ये सभी सवाल हैं, जो पीके के दौरे का बाद शुरू हो गए हैं. देखिए, पीके नीतीश पर हमलावर तो पहले से ही हैं, लेकिन अब वे उनके गृह जिले में जाकर रैलियों को संबोधित कर रहे हैं, इसका कुछ अर्थ तो जरूर है.

सवाल यह भी है कि क्या आरसीपी सिंह को नालंदा जिले में ही तैनात करने की तैयारी है? क्योंकि वे पहली बार विधानसभा का चुनाव लडेंगे. अगर ऐसा हो जाए, तो कोई आश्चर्य नहीं होगा.

आज हम इसी विषय पर अपनी बात करेंगे और बहुत बी विस्तार से तथ्यों और आंकड़ों के साथ बताएंगे कि प्रशांत किशोर के नालंदा दौरे का अर्थ क्या था और उनके लिए कितनी आसान है कि वे नालंदा जिले की कुछ सीटे जीत जाएं.

तो फिर चलिए शुरू करते हैं आज का विश्लेषण और बताते हैं आपको कि पीके के नालंदा जाने के क्या हैं राजनीतिक अर्थ.

“बिहार में अब बदलाव की जरूरत है”

नालंदा में सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने साफ शब्दों में कहा कि बिहार को अब बदलाव की जरूरत है. उन्होंने कहा कि बिहार में विकास के दावे तो बहुत किए जाते हैं, लेकिन हकीकत में बेरोजगारी और गरीबी आज भी बहुत बड़ी समस्याएं हैं. पीके ने लोगों से अपील की कि वे 2025 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी जनसुराज को मौका दें. उन्होंने वादा किया कि उनकी पार्टी शिक्षा और रोजगार पर सबसे ज्यादा ध्यान देगी.

उनका कहना था कि बिहार के युवाओं को नौकरी चाहिए, बच्चों को अच्छी पढ़ाई चाहिए, और इसके लिए पुरानी पार्टियों ने कुछ खास नहीं किया. पीके का मकसद साफ है—वे बिहार की राजनीति में एक नया विकल्प देना चाहते हैं. जनसुराज ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वे किसी भी गठबंधन में शामिल नहीं होंगे और बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेंगे. पीके नालंदा में लोगों को यह समझाने आए थे कि उनकी पार्टी पुरानी पार्टियों से अलग है और असली मुद्दों पर काम करेगी.

हम सबसे पहले नालंदा जिले को बारिकी से समझते हैं. और यह जानने की कोशिश करते हैं कि यहां कितनी सीटें हैं और उन सीटों की स्थिति क्या है.

देखिए, इस जिले में सात विधानसभा सीटें हैं: नालंदा, अस्थावां, बिहारशरीफ, राजगीर (एससी), इस्लामपुर, हिलसा, और हरनौत.

  1. सबसे पहले बात नालंदा विधानसभा सीट की

नालंदा सीट नीतीश कुमार की कर्मभूमि है, और यह उनकी प्रतिष्ठा से जुड़ी है. यहां पिछले कई चुनावों से जेडीयू का दबदबा रहा है। 2000 में आरजेडी ने यह सीट जीती थी, जब लालू यादव की लहर थी. लेकिन 2005 से लेकर 2020 तक जेडीयू के श्रवण कुमार लगातार जीतते आ रहे हैं.

2020 में श्रवण कुमार को 45% वोट मिले, और उन्होंने आरजेडी को 20,000 वोटों से हराया. 2015 में भी उनकी जीत का अंतर 15,000 वोटों का था। 2010 में 18,000 और 2005 में 10,000 वोटों से जीत हासिल की थी. साफ है कि नीतीश की लोकप्रियता और कुर्मी वोटों की वजह से यह सीट जेडीयू का गढ़ बनी हुई है.

जातीय समीकरण क्या है?

जातीय समीकरण की बात करें, तो यहां कुर्मी वोटर 25% हैं और जेडीयू को सबसे ज्यादा समर्थन देते हैं. यादव (15%) और मुस्लिम (20%) वोटर आरजेडी की तरफ जाते हैं. ब्राह्मण (10%) और अन्य ओबीसी वोटर ज्यादातर जेडीयू या बीजेपी को वोट देते हैं. नीतीश का प्रभाव होने की वजह से कुर्मी और ब्राह्मण वोटों का एकीकरण जेडीयू की जीत की सबसे बड़ी वजह है.

  1. अस्थावां विधानसभा सीट

अस्थावां सीट पर भी जेडीयू का प्रभाव रहा है. 2000 में यह सीट आरजेडी ने जीती थी, लेकिन 2005 से जेडीयू ने लगातार कब्जा जमाया है. 2020 में जेडीयू के जितेंद्र कुमार ने 42% वोटों के साथ जीत हासिल की, और आरजेडी को 18,000 वोटों से हराया.

2015 में जेडीयू ने 40% वोटों के साथ जीत दर्ज की थी, और 2010 में भी जेडीयू ने 15,000 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी. 2005 में जेडीयू की जीत का अंतर करीब 12,000 वोटों का था. इस सीट पर जेडीयू की जीत का मुख्य कारण नीतीश का प्रभाव और कुर्मी समुदाय का समर्थन है.

यहां कुर्मी वोटर 22% हैं और जेडीयू को मजबूत समर्थन देते हैं। यादव (18%) और मुस्लिम (15%) वोटर आरजेडी के पक्ष में जाते हैं. ब्राह्मण और अन्य ओबीसी वोटर (करीब 20%) जेडीयू और बीजेपी के बीच बंटते हैं. अस्थावां में जेडीयू का मजबूत संगठन और नीतीश की छवि ने इस सीट को उनके लिए सुरक्षित बनाए रखा है.

  1. बिहारशरीफ विधानसभा सीट

बिहारशरीफ नालंदा जिले का मुख्यालय है और यह एक शहरी इलाका है। यहां 2020 में जेडीयू ने जीत हासिल की थी, लेकिन मुकाबला कड़ा था. जेडीयू के सुनील कुमार को 38% वोट मिले, और उन्होंने आरजेडी को 10,000 वोटों से हराया. 2015 में भी जेडीयू ने जीत दर्ज की थी, लेकिन अंतर सिर्फ 5,000 वोटों का था.

2010 में जेडीयू ने 12,000 वोटों से जीत हासिल की थी, और 2005 में भी जेडीयू ने जीत हासिल की थी. लेकिन 2000 में यह सीट आरजेडी के पास थी। बिहारशरीफ में शहरी वोटरों की वजह से मुकाबला हमेशा कड़ा रहता है.

जातीय समीकरण की बात करें, तो यहां मुस्लिम वोटर 25% हैं और ज्यादातर आरजेडी को वोट देते हैं। कुर्मी वोटर 20% हैं और जेडीयू को समर्थन देते हैं। यादव (15%) भी आरजेडी के साथ हैं. ब्राह्मण और वैश्य समुदाय (15%) जेडीयू और बीजेपी के बीच बंटते हैं. बिहारशरीफ में मुस्लिम वोटरों की वजह से आरजेडी मजबूत है, लेकिन जेडीयू कुर्मी और ब्राह्मण वोटों के दम पर जीत हासिल करती रही है.

  1. राजगीर (एससी) विधानसभा सीट

राजगीर एक सुरक्षित (एससी) सीट है, और यहां जेडीयू और बीजेपी का प्रभाव रहा है। 2020 में जेडीयू के रवि ज्योति कुमार ने 40% वोटों के साथ जीत हासिल की, और बीजेपी को 12,000 वोटों से हराया। 2015 में भी रवि ज्योति ने बीजेपी के सत्यदेव नारायण आर्य को 6,000 वोटों से हराया था.

2010 में सत्यदेव नारायण आर्य ने बीजेपी से जीत हासिल की थी. 2005 में भी बीजेपी ने यह सीट जीती थी, लेकिन 2000 में यह सीट आरजेडी के पास थी. राजगीर में बीजेपी और जेडीयू के बीच कड़ा मुकाबला रहा है, लेकिन नीतीश के प्रभाव की वजह से हाल के चुनावों में जेडीयू आगे रही है.

राजगीर सीट पर दलित वोटर का है अहम रोल

जातीय समीकरण में दलित वोटर (30%) अहम हैं. यहां पासवान समुदाय बीजेपी को समर्थन देता है, जबकि रविदास समुदाय जेडीयू और आरजेडी के बीच बंटता है. कुर्मी (15%) जेडीयू को वोट देते हैं, और यादव (10%) आरजेडी को. ब्राह्मण (10%) बीजेपी को समर्थन देते हैं. नीतीश का प्रभाव और जेडीयू का संगठन इस सीट पर उनकी जीत की वजह रहा है.

  1. इस्लामपुर विधानसभा सीट

इस्लामपुर में आरजेडी का प्रभाव ज्यादा रहा है. 2020 में आरजेडी के राकेश कुमार रौशन ने 45% वोटों के साथ जीत हासिल की, और जेडीयू को 15,000 वोटों से हराया. 2015 में भी आरजेडी ने जीत हासिल की थी, और अंतर 10,000 वोटों का था. 2010 में जेडीयू ने यह सीट जीती थी, लेकिन 2005 और 2000 में यह सीट आरजेडी के पास थी. इस्लामपुर में यादव और मुस्लिम वोटरों की वजह से आरजेडी मजबूत है.

यहां यादव वोटर 20% हैं और मुस्लिम वोटर 25%, दोनों ही आरजेडी को समर्थन देते हैं. कुर्मी (15%) जेडीयू को वोट देते हैं, लेकिन उनकी संख्या कम होने की वजह से जेडीयू को मुश्किल होती है. ब्राह्मण और अन्य ओबीसी (20%) जेडीयू और बीजेपी के बीच बंटते हैं. इस्लामपुर में आरजेडी का मजबूत आधार इसे उनकी सुरक्षित सीट बनाता है.

  1. हिलसा विधानसभा सीट

हिलसा में भी आरजेडी का प्रभाव रहा है। 2020 में आरजेडी के शक्ति सिंह यादव ने 43% वोटों के साथ जीत हासिल की, और लोजपा को 20,000 वोटों से हराया। 2015 में भी आरजेडी ने जीत हासिल की थी, और अंतर 26,000 वोटों का था। 2010 में जेडीयू ने यह सीट जीती थी, लेकिन 2005 और 2000 में यह सीट आरजेडी के पास थी। हिलसा में यादव वोटरों की वजह से आरजेडी का दबदबा है।

जातीय समीकरण में यादव (25%) और मुस्लिम (15%) वोटर आरजेडी को समर्थन देते हैं. कुर्मी (20%) जेडीयू को वोट देते हैं, लेकिन उनकी संख्या यादव वोटरों से कम है. ब्राह्मण और अन्य ओबीसी (20%) जेडीयू और बीजेपी के बीच बंटते हैं. हिलसा में आरजेडी का मजबूत आधार इसे उनके लिए आसान सीट बनाता है.

  1. हरनौत विधानसभा सीट

हरनौत में जेडीयू का प्रभाव रहा है.2020 में जेडीयू के हरिनारायण सिंह ने 40% वोटों के साथ जीत हासिल की, और लोजपा को 14,000 वोटों से हराया.

2015 में भी जेडीयू ने जीत हासिल की थी, और अंतर 12,000 वोटों का था. 2010 में जेडीयू ने 15,000 वोटों से जीत हासिल की थी. 2005 में भी जेडीयू ने जीत दर्ज की थी, लेकिन 2000 में यह सीट आरजेडी के पास थी. हरनौत में नीतीश का प्रभाव और कुर्मी वोटरों का समर्थन जेडीयू की जीत की वजह है.

जातीय समीकरण में कुर्मी (25%) जेडीयू को समर्थन देते हैं.  यादव (15%) और मुस्लिम (10%) वोटर आरजेडी को वोट देते हैं. ब्राह्मण और अन्य ओबीसी (20%) जेडीयू और बीजेपी के बीच बंटते हैं. हरनौत में जेडीयू का मजबूत संगठन और नीतीश की छवि ने इस सीट को उनके लिए सुरक्षित बनाया है.

2020 के चुनाव में इन सात में से पांच सीटें – नालंदा, अस्थावां, बिहारशरीफ, राजगीर और हरनौतजेडीयू ने जीती थीं, जबकि इस्लामपुर और हिलसाआरजेडी के पास गईं थी. 2015 में भी जेडीयू ने पांच सीटें जीती थीं.

2010 में जेडीयू ने छह सीटें जीती थीं, और सिर्फ इस्लामपुरआरजेडी के पास थी.  2005 में भी जेडीयू ने पांच सीटें जीती थीं, और 2000 में आरजेडी ने चार सीटें जीती थीं. साफ है कि नीतीश के प्रभाव की वजह से जेडीयू इस जिले में मजबूत है.  और किसी भी कीमत पर जदयू इस बार भी कम से कम 5 या 6 सीटें जीतना चाहेगी.

नालंदा जिले की सात विधानसभा सीटों में जेडीयू का प्रभाव सबसे ज्यादा है, खासकर नीतीश कुमार के प्रभाव की वजह से। नालंदा, अस्थावां, बिहारशरीफ, राजगीर, और हरनौत में जेडीयू ने पिछले कई चुनावों में जीत हासिल की है, जबकि इस्लामपुर और हिलसा में आरजेडी मजबूत है.

JDU की ताकत है कुर्मी वोटर

कुर्मी वोटर जेडीयू की ताकत हैं, जबकि यादव और मुस्लिम वोटर आरजेडी का आधार हैं। ब्राह्मण और अन्य ओबीसी वोटर स्थिति के हिसाब से जेडीयू या बीजेपी को वोट देते हैं. 2025 के चुनाव में जनसुराज जैसे नए दलों की मौजूदगी से समीकरण बदल सकते हैं, लेकिन फिलहाल जेडीयू का प्रभाव बरकरार है.

देखिए, इस बात में कोई दो राय नहीं है कि नालंदा जिले में जदयू प्रभावी है और शायद इस बार भी वे प्रभावी रहेंगे. ऐसा नहीं कह सकते कि प्रशांत किशोर की पार्टी यहां जीत ही जाएगी.

लेकिन फिर भी अगर वे कुर्मी उम्मीदवार देते हैं, वो आरसीपी सिंह भी हो सकते हैं. लेकिन अगर कुर्मी उम्मीदवार देते हैं, तो नीतीश की पार्टी को इससे सीधा नुकसान होगा. त्रिकोणीय मुकाबले में जनमत छिटक सकता है, मामला बिगड़ सकता है और नीतीश की गाड़ी के सामने ब्रेकर आ सकता है.

Read Previous <<
Read Next >>

Latest Updates