गुरुवार को झारखंड विधानसभा, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और रामगढ़ विधायक ममता देवी के कथित ऑडियो की वजह से गरमाया. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कथित ऑडियो के हवाले से दावा किया है कि विधायक ममता देवी ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर नर्सिंग कॉलेज की एनओसी के बदले 5 लाख रुपये कमीशन मांगने और काम लंबित रखने का आरोप लगाया है. बाबूलाल मरांडी के दावे पर सदन के भीतर हड़कंप मच गया. बाबूलाल मरांडी ने दावा किया कि उनके पास स्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस विधायक के बीच कथित बातचीत का ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इस रिकॉर्डिंग की फॉरेंसिक जांच कराई जाए और यदि जरूरी हुआ तो मामले की सीबीआई जांच भी होनी चाहिए. दावा किया जा रहा है कि इस कथित ऑडियो दरअसल, 4 दिसंबर को हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक का है.
मंत्री ने बताया पार्टी का आंतरिक मामला
संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने बाबूलाल मरांडी के दावों को खारिज करते हुए कहा कि यह कांग्रेस पार्टी का आंतरिक मामला है और संगठन के स्तर पर ही इसकी जांच की जा रही है. वहीं, सरकार ने कहा कि इस विषय पर सदन के भीतर चर्चा करना उचित नहीं है.
हालांकि, सरकार के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने सदन में हंगामा करन जारी रखा जिसकी वजह से सदन की कार्यवाही को कुछ देर के लिए रोक दिया गया.
4 दिसंबर को कांग्रेस विधायक दल की बैठक
कथित वीडियो 4 दिसंबर को हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक की बताई जा रही है. इसमें रामगढ़ विधायक ममता देवी ने कथित तौर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर आरोप लगाती सुनी जा सकती हैं कि रांची में नर्सिंग कॉलेज की मंजूरी के लिए 5 लाख रुपये दिए जाने के बावजूद उनकी फाइल नहीं बढ़ाई गई. वहीं, इरफान अंसारी कथित तौर पर यह कहते सुने जा रहे हैं कि उनके पास फाइल आई ही नहीं. इस कथित ऑडियो में कई विधायक, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से उनके मनपसंद सिविल सर्जन की ट्रांसफर और पोस्टिंग नहीं होने पर भी नाराजगी व्यक्त करते नजर आते हैं.
वायरल ऑडियो में स्वास्थ्य मंत्री कथित तौर पर यह कहते हैं कि यदि उन्होंने वरीयता सूची में किसी कनीय चिकित्सा पदाधिकारी को सिविल सर्जन बना दिया तो मामला कोर्ट में चला जायेगा.
विपक्ष का दावा है कि कथित ऑडियो सरकार में फैले भ्रष्टाचार की पोल खोलता है जबकि सत्तापक्ष ने इसे कांग्रेस संगठन का आंतरिक मामला बताकर खारिज करने का प्रयास किया.
बेरमो विधायक अनूप सिंह ने क्या कहा
इस ऑ़डियो के बारे में सवाल किए जाने पर बेरमो विधायक अनूप सिंह ने कहा कि ममता देवी किसी अन्य व्यक्ति द्वारा पैसा मांगे जाने की शिकायत स्वास्थ्य मंत्री से कर रही हैं न कि उन्होंने मंत्री पर पैसे लेने का आरोप लगाया है. उन्होंने भी कहा कि यह संगठन का आंतरिक मामला है और वरीय नेता इसकी जांच कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास मुद्दा खत्म हो गया तो वह दूसरे दलों के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने लगी है.












