राजधानी रांची के बरियातू इलाके में 7 दिन पहले एक लूट की घटना हुई थी. बिहार के कटिहार जिले के जुराबगंज गांव के कोढ़ा गैंग ने घटना को अंजाम दिया था. गैंग की खोज पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई थी. लेकिन, पुलिस ने गैंग में शामिल चेलों के घर से रांची से लूटे गए सोने के जेवरात के साथ कई चीजें बरामद की हैं. हालांकि, पुलिस गैंग के चेलों को अभी तक नहीं पकड़ पाई है. जांच के अनुसार कोढ़ा गैंग में महिलायें (बबलियां) भी शामिल है, जो लूट की घटना को अंजाम दे रही है.
चोरी की वारदातों में बाइक का इस्तेमाल
सदर थाना पुलिस की जांच के अनुसार गैंग के शामिल चेले बाइक के द्वारा घटना को अंजाम देते है और उसके बाद शहर को छोड़ दूसरे शहर पहुंच जाते है. ये गिरोह ओलेक्स के जरिए राज्य के किसी भी बाइक का नंबर निकालते हैं और उसे अपनी बाइक पर लगा कर उसी शहर में घटना को अंजाम देते है और फिर नंबर हटा कर दूसरे शहर निकल जाते हैं. पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला कि इस गैंग में महिलाओं को भी रखा गया है. सदर थाना पुलिस गैंग में शामिल सभी चोरों की तलाश में जुट गयी है.
कोढ़ा गैंग की महिलायें निभा रहीं अहम भूमिका
पुलिस के अनुसार, इस कोढ़ा गैंग में महिलायें अहम भूमिका निभा रही है. लूट और छिनतई जैसी सभी चीजों को अंजाम देने के बाद चेले महिलाओं को लूटा हुआ समान देते है और महिलाएं लूटे हुए समान और जेवरात को सीधे गांव ले जाती है. लूटे हुए जेवरात को बेचकर जो भी प्राप्त राशि मिलती है उससे महिलाओं को अपना हिस्सा मिलता है.
महिलाओं की गैंग में ऐसे ली जाती है मदद
रांची पुलिस के अनुसार, जुराबगंज गांव में लगभग 3 हजार की अबादी है जिसमें सभी लोगों के घर खपड़ेले है. गांव के अधिकतर लोग गैंग में शामिल है. आपको बता दे कि चेले गांव में 3-4 महीने तक रहते है और फिर अलग-अलग शहरों में चले जाते है. सदर थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि गैंग के चेले 4-4 की संख्या में अलग-अलग शहर निकलते है और सभी गैंग के साथ 1-1 महिलायें होती है. इनका काम लूटा हुआ सामान गांव लाकर बेचना और पैसों का बंटवारा करना होता है.
महाराष्ट्र जाएगी झारखंड पुलिस की एक टीम
आपको बता दें कि सदर थाना क्षेत्र में सीसीएल के वरिष्ट अधिकारी से दिनदहाड़े जेवरात की लूट हुई थी. इस घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद चेले शातिर तरीके से शहर छोड़कर भाग गये. सूचना मिली है कि वे लोग महाराष्ट्र में जाकर छुपे है. पुलिस की टीम जल्द ही आरोपियों को पकड़ने महाराष्ट्र जाएगी. लूटपाट का मामला दर्ज होने के बाद सदर थाना पुलिस ने जुराबगंज में छापेमारी की जहां उन्हें लाखों रूपये के साथ जेवरात मिले है. पुलिस की टीम ने सभी चीजों को वापस रांची लाया है.












